इरफान ने पूछा, 'चुप क्यों हैं मुसलमान'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अभिनेता इरफान खान ने बांग्लादेश में हुए चरमपंथी हमले के बाद फेसबुक पर लिखा है कि हादसा एक जगह होता है और बदनाम पूरी दुनिया के मुसलमान होते हैं। बांग्लादेश की राजधानी ढाका में शुक्रवार रात हुए चरमपंथी हमले में 20 नागरिकों की मौत हो गई थी। सुरक्षाबलों के अभियान में छह चरमपंथी भी मारे गए थे।
इरफान ने फेसबुक पर हमले में घायल सुरक्षाकर्मी की तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा, "बचपन में मजहब के बारे में कहा गया था कि आपका पडोसी भूखा हो तो आपको उसको शामिल किए बिना अकेले खाना नहीं खाना चाहिए। बांग्लादेश की खबर सुनकर अंदर अजीब वहशत का सन्नाटा है।"
" कुरान की आयतें न जानने की वजह से रमजान के महीने में लोगों को कत्ल कर दिया गया। हादसा एक जगह होता है और बदनाम इस्लाम और पूरी दुनिया का मुसलमान होता है।"
क्या मुसलमान चुप बैठा रहे और मजहब को बदनाम होने दे?
"वो इस्लाम जिसकी बुनियाद ही अमन, रहम और दूसरों का दर्द महसूस करना है। ऐसे में क्या मुसलमान चुप बैठा रहे और मजहब को बदनाम होने दे? या वो खुद इस्लाम के सही मायने को समझे और दूसरों को बताए कि जुल्म और नरसंहार करना इस्लाम नहीं है।"
अपनी पोस्ट खत्म करते हुए इरफान खान ने लिखा कि ये उनका एक सवाल है। इरफान की पोस्ट पर सैकडों लोगों ने टिप्पणी की है। आशू अरूष ने लिखा, "ये सिर्फ बात करने का वक्त नहीं है, ये वक्त है मुसलमान भाइयों के आगे आकर आतंकियों से लडने का।
सिर्फ यही तरीका है छवि ठीक करने का।" प्रतीक कुमार ने अपनी टिप्पणी में लिखा, "अच्छे लोगों की चुप्पी से ही अब तक ऐसी आतंकी वारदातें हो रही हैं। धर्म आपका, लोग आपके, इंसानियत आपकी।"
मैं धर्म के ठेकेदारों से नहीं डरता हूँ- इरफान
राहुल दत्ता ने लिखा, "मैंने इस्लाम नहीं पढा, लेकिन आपने जो बोला मेरे लिए यही इस्लाम है, प्यार और देखभाल।" शोएब उप्पल ने लिखा, "इस्लाम में किसी का हक मारना तक हराम है ऐसे में किसी की जान लेने की सीख इस्लाम कैसे दे सकता है। ये सब इस्लाम के खिलाफ खेल खेल रहे हैं।"
वहीं सैयद आमिर ने लिखा, "एक आम इंसान ऐसी दहशतगर्दी की सिर्फ आलोचना ही कर सकता है और दुआ कर सकता है, इसके अलावा उस बेचारे के हाथ में कुछ नहीं।" इरफान खान अपनी हालिया टिप्पणियों को लेकर चर्चित हैं।
जयपुर में अपनी फिल्म के प्रोमोशन के दौरान इरफान खान ने कुर्बानी पर टिप्पणी करते हुए कहा था, "बाजार से बकरे खरीदकर काटना कुर्बानी नहीं है।" उनकी इस टिप्पणी पर विवाद भी हआ था। जिसके बाद उन्होंने एक फेसबुक पोस्ट में कहा था कि मैं धर्म के ठेकेदारों से नहीं डरता हूँ।