ममता बनर्जी बोलीं- मैं मरूं या जिऊं, पीएम मोदी को राजनीति से हटाकर दम लूंगी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को कोलकाता में तृणमूल कांग्रेस की रैली के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी पर अब तक सबसे बड़ा हमला किया। उन्होंने कहा, ''मैं आज यह प्रतिज्ञा लेती हूं कि मरूं या जिऊं, लेकिन पीएम मोदी को भारतीय राजनीति से हटाकर ही दम लूंगी।'
उन्होंने कहा कि मोदी ज्यादा बात करने की बजाय तुरंत नोटबंदी का फैसला वापस लें। ममता तृणमूल कांग्रेस की ओर से नोटबंदी के खिलाफ आयोजित एक रैली में बोल रही थीं। मोदी पर हमला तेज करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने भगवान की तरह काम करते हुए अचानक नोटबंदी का ऐलान कर दिया। उनको आम लोगों की कोई चिंता नहीं है। उन्होंने कहा कि भारतीय लोकतंत्र में मोदी जैसे तानाशाहों की कोई जगह नहीं है।
'आम लोगों को भारी मुसीबतों से जूझना पड़ रहा है'
तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने कहा कि अचानक हुए नोटबंदी के फैसले से आम लोगों को भारी मुसीबतों से जूझना पड़ रहा है। लोगों के पास खाने के पैसे नहीं है। लेकिन केंद्र उनको लेन-देन के लिए मोबाइल फोन इस्तेमाल करने को कह रहा है। क्या गरीब लोग मोबाइल खाकर ही पेट भरेंगे? उन्होंने कहा कि केंद्र के फैसलों का विरोध करने वालों को केंद्रीय एजेंसियों का डर दिखाया जाता है।
लेकिन तृणमूल कांग्रेस इससे डर कर पीछे नहीं हटेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार को उक्त फैसला वापस लेना ही होगा। उन्होंने कहा कि बीते महीने नोटबंदी के ऐलान के समय वेतन का भुगतान हो चुका था। लेकिन दिसंबर में क्या होगा? नकदी नहीं होने की स्थिति में वेतन का भुगतान कैसे होगा?
नोटबंदी पर सोमवार को संसद में फिर मचा घमासान
मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि नोटबंदी की वजह से 70 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई, 1000 से ज्यादा लोग घायल हैं।
समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव ने लोकसभा में चर्चा के दौरान कहा कि किसानों को नोटबंदी से परेशानी हो रही है।
मुलायम सिंह यादव और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी दोनों ने प्रधानमंत्री की सदन में मौजूदगी की मांग की।