पश्चिम बंगाल: बशीरहाट में फिर बढ़ा तनाव, CPI(M) सांसद को इलाके में जाने से रोका
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पश्चिम बंगाल में कोलकाता से सटे उत्तर 24 परगना जिले के बशीरहाट व बादुड़िया में गुरुवार को एक बार फिर तनाव बढ़ गया। पुलिस ने लोगों को काबू में करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे। तनाव उस वक्त बढ़ गया जब राज्य सरकार ने कुछ संस्थानों पर लोगों को भड़काने का आरोप लगाते हुए बैन करने का फैसला किया।
वहीं बशीरहाट में चल रहे तनाव के बीच शुक्रवार की सुबह सुरक्षाबलों ने सीपीआईएम के सांसद मोहम्मद सलीम को इलाके से 50 किमी दूर रोक लिया है। इलाके में सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
इस मामले पर राज्य सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी का कहना है कि प्रदेश में स्थिति कंट्रोल में है, केवल कुछ छोटी मोटी घटनाएं सामने आई हैं। वहीं एक पुलिस अधिकारी का कहना है कि बादुड़िया जिले में सांप्रदायिक विवाद के बाद, बशीरहाट में भी हिंसा भड़की।
वहीं गुरुवार को कोलकाता में पुलिस और बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच भी झड़प हुई। बताया जा रहा है कि मृतकों को श्रद्धांजलि देने जा रहे बीजेपी कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोका। पुलिस ने इलाके में धारा 144 लागू कर दी है। धारा 144 लागू होने के बाद प्रदर्शनकारी भड़क गए।
BJP कमेटी करेगी प्रभावित इलाकों का दौरा
सड़क जाम कर रहे प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने आंसू गैस का इस्तेमाल किया। अब इस मामले को लेकर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने ओम माथुर, मीनाक्षी लेखी, सत्यपाल सिंह और कैलाश विजय वर्गीय की एक कमेटी बनाई है। यह टीम प. बंगाल के प्रभावित्त इलाकों का दौरा कर पूरे मामले की रिपोर्ट पार्टी अध्यक्ष को सौंपेगी।
मालूम हो कि इस विवाद की शुरूआत तब हुई जब 11वीं के एक छात्र ने फेसबुक पर आपत्तिजनक पोस्ट कर दी जिसके बाद 24 परगना के बादुड़िया इलाके में हिंसा फैल गई और कई दुकानों में आग लगा दी गई। इसके बाद भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने राजभवन जाकर राज्यपाल से मुलाकात की थी।
इस मुलाकात के बाद ही राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी ने ममता बनर्जी को फोन किया, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद भड़क उठा। ममता ने आरोप लगाया कि जिस तरह से राज्यपाल ने उनसे बात की उससे वह खुद को अपमानित महसूस कर रही हैं, राज्यपाल ने उनसे भाजपा के ब्लॉक प्रमुख की तरह भाषा का इस्तेमाल किया।