West Bengal Assembly Election 2021: रोड शो में जया बच्चन ने खो दिया आपा, सेल्फी ले रहे कार्यकर्ता को मारा धक्का!
- जया बच्चन ने गौतम चौधरी के साथ खुली हुड वाली कार में किया प्रचार
- अभिनेत्री को देखने के लिए उमड़ पड़ा लोगों का हुजूम
- कार के सामने सेल्फी लेने पहुंचा कार्यकर्ता तो भड़कीं सपा सांसद
विस्तार
चुनाव में सितारों का इस्तेमाल आम बात है। यही हाल पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव का भी है। मतदाताओं का रुख अपनी तरफ मोड़ने के लिए भाजपा के लिए बॉलीवुड सुपरस्टार मिथुन चक्रवर्ती जी-तोड़ मेहनत कर रहे हैं तो जवाब में तृणमूल कांग्रेस ने सपा सांसद और अभिनेत्री जया बच्चन को मैदान में उतार दिया। हालांकि, चुनावी रैली के दौरान कई बार इन स्टार्स का गुस्सा भी देखने को मिलता है। ताजा मामला जया बच्चन से जुड़ा है। कहा जा रहा है कि उन्होंने रोड शो के दौरान आपा खो दिया और सेल्फी ले रहे एक कार्यकर्ता को जोरदार धक्का मार दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।
यह है पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, तृणमूल कांग्रेस के समर्थन में जया बच्चन कई दिनों से पश्चिम बंगाल में हैं और ममता बनर्जी के लिए वोट मांग रही हैं। वह वे कई प्रत्याशियों के समर्थन में रोड शो भी कर रही हैं। चौथे चरण के चुनाव के लिए जया बच्चन हावड़ा में हैं और यहां उन्होंने अपना आपा खो दिया।
कार्यकर्ता को दे दिया धक्का!
बताया जा रहा है कि जया बच्चन ने गुरुवार (8 अप्रैल) को शिवपुर और दक्षिण हावड़ा में तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवारों के समर्थन में रोड शो किया। इसके बाद वह उत्तर हावड़ा पहुंचीं और टीएमसी उम्मीदवार गौतम चौधरी के समर्थन में रोड शो करके वोट मांगे। उस दौरान जया बच्चन ने गौतम चौधरी के साथ खुली हुड वाली कार में प्रचार किया। बताया जा रहा है कि जया बच्चन को देखने के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। इस दौरान कार्यकर्ता कार के सामने सेल्फी लेने पहुंचा तो जया बच्चन भड़क गईं। आरोप है कि उन्होंने उस कार्यकर्ता को धक्का मार दिया।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
लोगों का कहना है कि यह पूरा घटनाक्रम वीडियो कैमरे में कैद हो गया और उन्होंने इसे वायरल कर दिया। बता दें कि रोड शो के दौरान काफी लोग वीडियो बना रहे थे। फिलहाल, इस मामले में न तो टीएमसी की तरफ से कोई बयान आया और न ही जया बच्चन ने कुछ कहा है।
बढ़ सकती है टीएमसी की मुसीबत
जानकारों का कहना है कि इस घटना से टीएमसी की मुसीबत बढ़ सकती है। माना जा रहा है कि विपक्षी दल इस मामले को मुद्दा बना सकते हैं और जया बच्चन के साथ-साथ टीएमसी को भी घेर सकते हैं। बता दें कि जया बच्चन पहले भी कई बार खुलेआम अपना गुस्सा जाहिर कर चुकी हैं।