{"_id":"62dbb90a812f1e503d5c0fbe","slug":"west-bengal-country-saw-a-mountain-of-cash-two-union-ministers-attack-mamta-over-arrest-of-chatterjee","type":"story","status":"publish","title_hn":"West Bengal: देश ने देखा 'नोटों का पहाड़', मंत्री की गिरफ्तारी पर दो केंद्रीय मंत्रियों का ममता पर वार","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
West Bengal: देश ने देखा 'नोटों का पहाड़', मंत्री की गिरफ्तारी पर दो केंद्रीय मंत्रियों का ममता पर वार
Sat, 23 Jul 2022 02:32 PM IST
सुरेंद्र जोशी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली/कोलकाता
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली/कोलकाता
Published by: सुरेंद्र जोशी
Updated Sat, 23 Jul 2022 02:32 PM IST
सार
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि बंगाल कभी शिक्षा के क्षेत्र में देश के लिए प्रेरणादायी था, लेकिन आज यह हाल है कि हाईकोर्ट को तत्कालीन शिक्षा मंत्री के खिलाफ जांच का आदेश देना पड़ा।
विज्ञापन
ईडी के छापे में बरामद कैश और पार्थ चटर्जी के साथ अर्पिता मुखर्जी।
- फोटो : Twitter : @SuvenduWB
विस्तार
पश्चिम बंगाल में भ्रष्टाचार को लेकर आज भाजपा ने ममता सरकार पर जमकर निशाना साधा। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और राजीव चंद्रशेखर ने ममता सरकार को घेरा। बंगाल में कल ईडी के छापे के दौरान मंत्री पार्थ चटर्जी की करीबी अर्पिता मुखर्जी के घर से 20 करोड़ रुपये नकद बरामद किए गए थे। मामले में आज चटर्जी और उनकी सहयोगी अर्पिता को गिरफ्तार कर लिया गया। इससे केंद्र पर लंबे समय से बदले की राजनीति का आरोप लगा रहीं सीएम ममता बनर्जी बैकफुट पर आ गई है।
विज्ञापन
कभी शिक्षा के क्षेत्र में प्रेरणादायी था बंगाल : प्रधान
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि बंगाल कभी शिक्षा के क्षेत्र में देश के लिए प्रेरणादायी था, लेकिन आज यह हाल है कि हाईकोर्ट को तत्कालीन शिक्षा मंत्री के खिलाफ जांच का आदेश देना पड़ा। प्रधान ने यह बात ममता सरकार के पूर्ववर्ती शिक्षा मंत्री चटर्जी की एसएससी घोटाले को लेकर गिरफ्तारी पर कही।
विज्ञापन
बंगाल में भ्रष्टाचार आया सामने : राजीव चंद्रशेखर
उधर, केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने कहा कि कल देश और खासतौर से बंगाल के लोगों ने नोटों का शर्मनाक पहाड़ देखा। ईडी ने बंगाल के एक मंत्री की करीबी के यहां छापे में यह उजागर किया। इससे पता चला कि पश्चिम बंगाल में कितना राजनीतिक भ्रष्टाचार है। राजीव चंद्रशेखर ने यह भी कहा कि सीएम ममता बनर्जी ईडी व सीबीआई के खिलाफ बोलती रहती हैं, लेकिन जब भी ये जांच एजेंसियों राजनीतिक भ्रष्टाचार उजागर करती हैं तो वह मुंह बंद कर लेती हैं। वह कानूनी एजेंसियों को कार्रवाई से रोकने का प्रयास करती रही हैं, इसलिए उनकी सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला सामने आ ही नहीं पाता था।
विज्ञापन
बता दें, ईडी के अधिकारियों ने बंगाल के शिक्षक भर्ती घोटाला मामले में चटर्जी से शुक्रवार को रातभर पूछताछ की। एजेंसी के अधिकारियों ने चटर्जी से आवास पर शुक्रवार सुबह आठ बजे से उनसे पूछताछ शुरू की थी, इसके बाद आज उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। जब यह कथित घोटाला हुआ था, तब चटर्जी राज्य के शिक्षा मंत्री थे। प्रवर्तन निदेशालय इस घोटाले में कथित रूप में शामिल लोगों के खिलाफ धनशोधन संबंधी पहलू की जांच कर रहा है।
पार्थ चटर्जी अभी उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री हैं। सीबीआई दो बार उनसे पूछताछ कर चुकी है। पहली बार 25 अप्रैल को और दूसरी बार 18 मई को पूछताछ की गई थी। पश्चिम बंगाल के शिक्षा राज्यमंत्री अधिकारी से भी सीबीआई पूछताछ कर चुकी है। इसके अलावा उनकी बेटी स्कूल शिक्षक की अपनी नौकरी गंवा चुकी हैं।
क्या बोले टीएमसी नेता?
तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता कुणाल घोष ने कहा, ‘‘हम हालात पर निकटता से नजर रख रहे हैं। हम उचित समय पर इस मामले पर बयान जारी करेंगे।’’ इस बीच, विधानसभा अध्यक्ष बिमान बनर्जी ने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय को विधानसभा के किसी सदस्य को गिरफ्तार करने से पहले अध्यक्ष को इसके बारे में सूचित करना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘ईडी या सीबीआई (केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो) को किसी भी सांसद या विधायक को गिरफ्तार करते समय लोकसभा या विधानसभा के अध्यक्ष को सूचित करना होता है। यह संवैधानिक नियम है, लेकिन चटर्जी की गिरफ्तारी के बारे में ईडी से मुझे कोई सूचना नहीं मिली।’’