कूचबिहार हिंसा: ममता पर बरसे पीएम मोदी, बोले- भाजपा की जीत देख बौखला गई हैं दीदी
- प्रधानमंत्री मोदी की बंगाल के सिलिगुड़ी में चुनावी रैली
- दीदी और उनके गुंडों की बौखलाहाट बेकाबू - पीएम
- सिलिगुड़ी में ममता बनर्जी पर जमकर साधा निशाना
विस्तार
'दीदी और उनके गुंड़ो की बौखलाहट बेकाबू हो रही है'
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस बीच कूचबिहार में जो हुआ है, वो बहुत दुखद है। जिन लोगों की मृत्यु हुई है, मैं उनके निधन पर दुख जताता हूं। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं। भाजपा के पक्ष में जनसमर्थन देख कर दीदी और उनके गुंडों की बौखलाहट बेकाबू होती जा रही है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अपनी कुर्सी जाते देख, दीदी इस स्तर पर उतर आई हैं। दीदी और टीएमसी की मनमानी बंगाल में नहीं चलने दी जाएगी। मेरा चुनाव आयोग से आग्रह है कि कूचबिहार में जो हुआ, उसके दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई हो।
उन्होंने तृणमूल कांग्रेस पर लोगों को सुरक्षाबलों के खिलाफ उकसाने और उनकी राह में रोड़े अटकाने का आरोप लगाया ओर कहा ऐसे तरीकों से भी ममता बनर्जी की सरकार बचने वाली नहीं है। बता दें कि कूचबिहार जिले के सीतलकूची में शनिवार को स्थानीय लोगों द्वारा हमला किए जाने के बाद सीआईएसएफ ने कथित तौर पर गोलियां चलाई जिसमें चार लोगों की मौत हो गई। ऐसा आरोप है कि स्थानीय लोगों ने सीआईएसएफ जवानों की ‘‘राइफलें छीनने की कोशिश की।’’
भाजपा की जीत से ममता बौखला गई हैं - पीएम
पीएम मोदी ने आगे कहा कि मैंने सोशल मीडिया में एक वीडियो देखा। उसमें दीदी के करीबी, बंगाल के पर्यटन मंत्री और यहां पास के ही विधायक, लोगों को धमका रहे हैं, उन्होंने कहा कि अगर भाजपा को वोट दिया तो लोगों को उठाकर बाहर फेंक दिया जाएगा। ये भाषा, ऐसी धमकी आपको मंजूर है?
बंगाल के लोग दीदी के जागीर नहीं है - पीएम
प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा कि बंगाल के लोग यहीं रहेंगे। अगर जाना ही है तो सरकार से आपको जाना होगा। दीदी आप बंगाल के लोगों की भाग्य विधाता नहीं हैं। बंगाल के लोग आपकी जागीर नहीं हैं। पीएम मोदी ने आगे कहा कि बंगाल के लोगों ने तय कर दिया है आपको जाना ही होगा। आप अकेली नहीं जाएंगी। आपके पूरे गिरोह को जनता हटाने वाली है।
दीदी बंगाल के लोगों से भी नाराज हैं - पीएम
पीएम मोदी ने कहा कि अपनी हार सामने देख, दीदी का गुस्सा मुझ पर बढ़ता जा रहा है। बंगाल के लोगों का मुझ पर स्नेह देख, दीदी बंगाल के लोगों से भी नाराज हैं। पीएम मोदी ने कहा कि 10 साल तक गरीबों को सताने वाले गुंडों पर, हत्यारों पर, लुटेरे तोलाबाज़ों पर दीदी को गुस्सा नहीं आया। लेकिन दीदी उन सुरक्षाबलों पर गुस्सा कर रही हैं जो बंगाल के लोगों के अधिकार की रक्षा कर रहे हैं।
गरीबों, दलितों और आदिवासियों को उनका हक नहीं दिया - पीएम
ममता बनर्जी पर आरोप लगाते हुए प्रधानमंत्री बोले कि दीदी ने गरीबों, दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों किसी को उनका जायज हक नहीं दिया। दीदी ने घर में नल से जल नहीं दिया, खेतों में सिंचाई का पानी नहीं दिया लेकिन यहां की नदियों को माफियाओं के हवाले जरूर कर दिया।