फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Weather update: scorching heat, temperature above 45 degrees, there may be thunderstorms tomorrow

हाय रे गर्मी: पहाड़ से मैदान तक बरस रही आग, कल आंधी बारिश से राहत के आसार; यूपी में 170 लोगों की गई जान

Tue, 18 Jun 2024 03:46 AM IST
शिव शरण शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: शिव शरण शुक्ला Updated Tue, 18 Jun 2024 03:46 AM IST
सार

पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख हिमाचल, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में 18 से 20 जून के बीच गरज के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। कहीं-कहीं बिजली भी गिर सकती है। 30-40 किमी प्रति घंटे की गति से हवाएं चल सकती हैं।

विज्ञापन
Weather update:  scorching heat, temperature above 45 degrees, there may be thunderstorms tomorrow
गर्मी अभी और सताएगी - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

देश के कम से कम एक तिहाई इलाके आसमान से बरसती आग में उबल रहे हैं। उत्तर प्रदेश, पंजाब व हरियाणा और अन्य मैदानी राज्यों के साथ जम्मू-कश्मीर समेत पहाड़ी राज्यों के निचले क्षेत्र भी भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं। मौसम विभाग के अनुसार, 13 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में सूरज की तपिश अभी दो दिन और ऐसे ही झुलसाती रहेगी। उसके बाद उत्तर पश्चिम भारत की ओर बढ़ रहे पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 18 से 20 जून के बीच हल्की बारिश से कुछ राहत मिल सकती है।

विज्ञापन

 

यूपी में प्रयागराज सोमवार को लगातार तीसरे दिन सर्वाधिक गर्म रहा और तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक यूपी, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, बिहार, झारखंड, पूर्वी मध्य प्रदेश, उत्ती राजस्थान व प. बंगाल के गंगा तट वाले क्षेत्रों में भीषण गर्मी पड़ रही है। जम्मू-कश्मीर के जम्मू संभाग, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के मैदानी और निचले इलाके भी बेहाल हैं। बीते 24 घंटे में इन राज्यों में 44 से 46 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। झुलसा देने वाली गर्मी में दिन के समय घर से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है, जबकि यूपी, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पूर्वी मध्य प्रदेश में तो रात के समय में भी लू जैसी स्थिति बनी हुई है। ओडिशा, झारखंड और बंगाल के गंगा के तटीय इलाकों में गर्मी के साथ उमस भी बनी हुई है। आंध्र प्रदेश के उत्तरी तटीय इलाकों में भी तेज गर्मी पड़ रही है।

मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख हिमाचल, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में 18 से 20 जून के बीच गरज के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। कहीं-कहीं बिजली भी गिर सकती है। 30-40 किमी प्रति घंटे की गति से हवाएं चल सकती हैं।
 

विज्ञापन
विज्ञापन

दिल्ली में पारा 45 के पार
राष्ट्रीय राजधानी प्रचंड गर्मी की चपेट में है और पारा 45.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है, जो सामान्य से 6.4 डिग्री ऊपर है। मौसम विभाग ने पहले ही 45 डिग्री से अधिक तापमान का पूर्वानुमान जताते हुए गर्मी को लेकर रेड अलर्ट जारी किया था। दिल्ली के अधिकतर क्षेत्रों में भीषण लू की स्थिति बनी रही। न्यूनतम तापमान 33 डिग्री दर्ज किया जो सामान्य से 5.5 डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान अधिक होने से रात में भी लू और भीषण गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। हालांकि, मौसम विभाग ने 19 जून से कुछ राहत की उम्मीद जताई है। राजधानी के कुछ क्षेत्रों में बारिश हो सकती है।

विज्ञापन

फरीदाबाद में 5 की मौत
फरीदाबाद में गर्मी से पांच लोगों की जान भी चली गई। एनआईटी दो स्थित लखानी धर्मशाला के पास पार्क में 40 वर्षीय एक युवक पैदल जा रहा था। प्यास लगने पर उसने एक शख्स से पानी मांगा तभी चक्कर खाकर गिरने के बाद उसने दम तोड़ दिया। इसी तरह सेक्टर-21 में कंपनी से लौट रहे प्रमोद की भी चक्कर खाकर गिरने के बाद मौत हो गई। शहर में ही एक ऑटो चालक, साइकिल सवार और निगम सफाई कर्मी की भी मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में सभी की मौत का कारण गर्मी बताया जा रहा है।

पंजाब और हरियाणा में पारा 46 डिग्री के करीब
पंजाब और हरियाणा के ज्यादातर क्षेत्रों में पारा 46 डिग्री के आसपास बना हुआ है। सोमवार को पंजाब में बठिंडा और हरियाणा के जिंद जिले के पिंडारा में तापमान सबसे अधिक 46.9 डिग्री सेल्सियस रहा। चंडीगढ़ में 44.5 डिग्री, पंजाब के फरीदकोट में 46 डिग्री और पठानकोट में 45.8 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। हरियाणा में फरीदाबाद और सिरसा में लू का सबसे अधिक प्रभाव रहा। फरीदाबाद में पारा 46.6 और सिरसा में 46.2 डिग्री तक चढ़ गया। गुरुग्राम में अधिकतम तापमान 45.1 डिग्री रहा।

पहाड़ी क्षेत्रों में भी पड़ रही भीषण गर्मी
पहाड़ी क्षेत्रों जम्मू के कठुआ में अधिकतम तापमान 44.8 और न्यूनतम 28.6 डिग्री दर्ज किया गया। हिमाचल प्रदेश के नौ जिले सिरमौर, मंडी, ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, शिमला, सोलन, कांगड़ा और कुल्लू लू की चपेट में हैं। हिमाचल प्रदेश के ऊना में अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। हिमाचल के ही रोहतांग दर्रा में हल्के फाहे गिरे। वहीं, कुल्लू में शाम के समय बारिश हुई। इससे तापमान में पांच से सात डिग्री तक गिरावट आई है। उत्तराखंड में पहाड़ों की रानी मसूरी का तापमान 33 डिग्री दर्ज किया गया। तेज धूप और गर्मी के कारण मालरोड जैसी व्यस्त सड़क पर भी सन्नाटा पसरा रहा।

गर्मी से यूपी में 170 लोगों की गई जान
उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू लगने से बीते 24 घंटे के दौरान 169 लोगों की मौत हुई है। पूर्वांचल के चार जिलों में 50 लोगों की जान गई है जिसमें अकेले वाराणसी में ही 33 मौतें शामिल हैं। वहीं, गाजीपुर, मिर्जापुर और चंदौली 17 लोगों की जान गई है। बुंदेलखंड और कानपुर मंडल में 100 लोगों की जान चली गई है। सबसे ज्यादा मौतें कानपुर में 26, जबकि हमीरपुर में 19 लोगों की मौत हुई। चित्रकूट में 14, फतेहपुर में 13, महोबा में 12, बांदा और औरैया में छह-छह और जालौन में तीन व फर्रुखाबाद में एक व्यक्ति की जान चली गई। फिरोजाबाद में गर्मी से एक वृद्ध और एक युवक की जान चली गई। शिकोहाबाद और टुंडला में भी एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं, गर्मी और लू के चलते प्रयागराज में 8, कौशांबी में 5, प्रतापगढ़ में 2 लोगों की मौत हो गई। उधर, बुंदेलखंड में 30 लोगों की मौत की खबर है।
 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed