फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   weather forecast weather in delhi rain in delhi ncr here you know the status of other states

मौसम अपडेट: दिल्ली-एनसीआर में बारिश से बदला मौसम का मिजाज, जानें- यूपी, मध्यप्रदेश और अन्य राज्यों का हाल

Fri, 12 Mar 2021 09:26 AM IST
Tanuja Yadav न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: Tanuja Yadav Updated Fri, 12 Mar 2021 09:26 AM IST
सार

  • उत्तर भारत के कई राज्यों में शुक्रवार और शनिवार को हल्की बारिश की संभावना
  • दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में शुक्रवार सुबह हवाओं के साथ हुई बारिश 
  • मैदानी और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में अंधड़, ओलावृष्टि और बारिश का येलो अलर्ट

विज्ञापन
weather forecast weather in delhi rain in delhi ncr here you know the status of other states
दिल्ली-एनसीआर में बारिश - फोटो : ANI

विस्तार

उत्तर भारत के कई राज्यों में शुक्रवार और शनिवार को हल्की बारिश हो सकती है। दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार तड़के से मौसम का मिजाज बदल गया। दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में तेज हवा के साथ हल्की बारिश भी हुई। वहीं यूपी, बिहार, मध्यप्रदेश, झारखंड में हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग की ओर से बताया गया है कि उत्तर भारत के पर्वतों पर इस हफ्ते दो से तीन पश्चिमी विक्षोभ आएंगे। इसकी वजह से यूपी, बिहार, मध्यप्रदेश और दूसरे राज्यों में हल्की बारिश की संभावना है। वहीं मैदानी और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में अंधड़, ओलावृष्टि और बारिश का येलो अलर्ट जारी हुआ है।

विज्ञापन


दिल्ली में बदला मौसम का मिजाज
दिल्ली में शुक्रवार तड़के से मौसम का मिजाज बदल गया। मध्यम ठंडी हवाएं बहने के साथ आसमान में अंधेरा छा गया और कई इलाकों में हल्की बारिश हो रही है। बादल ने आकाश को अपनी गिरफ्त में ले लिया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार आज दिन में दिल्ली में ओलावृष्टि के साथ तेज आंधी आने की भी संभावना है।  
विज्ञापन

 

इन 12 राज्यों में आंधी का अलर्ट
पंजाब, दिल्ली ,चंडीगढ़ राजस्थान, हरियाणा, बिहार, यूपी, गंगीय पश्चिम बंगाल, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में तेज गरज के साथ आंधी के आसार हैं। मौसम विभाग ने इन राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया है। वहीं विदर्भ, छत्तीसगढ़, ओडिशा, केरल और जम्मू-कश्मीर में भी गरज के साथ तेज हवाओं को लेकर सावधान रहने को कहा गया है।

हरियाणा में दो दिन बूंदाबांदी और हल्की बारिश की संभावना

हरियाणा में भी पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते गुरुवार को देर रात मौसम में हल्का परिवर्तन हुआ। शुक्रवार और शनिवार को प्रदेश में हवाएं चलने और कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना है। एचएयू के कृषि मौसम वैज्ञानिकों ने बदलते मौसम को देखते हुए दो दिन सिंचाई और स्प्रे रोकने की सलाह दी है। इसके बाद रविवार को मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा और 15 मार्च से मौसम आमतौर पर खुश्क और साफ रहने के आसार हैं।








कश्मीर में दूसरे दिन भी बारिश, बर्फबारी जम्मू में बादल छाए
कश्मीर में गुरुवार को दूसरे दिन भी बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी रहा। कश्मीर के अधिकांश जिलों में दिन का तापमान सामान्य से 5-8 डिग्री तक गिरने से ठंडक बढ़ी है। कई जिलों में दिन का तापमान 10 डिग्री से नीचे चला गया है। जम्मू संभाग के कई जिलों में दिनभर बादल छाए रहे, लेकिन तपिश भी बरकरार रही। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर ने शुक्रवार को भी जम्मू और कश्मीर के कुछ हिस्सों में भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी दी है। इस दौरान भूस्खलन की आशंका जताई गई है, जिससे जम्मू श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मार पड़ सकती है।

दो दिन यूपी में भी आंधी, ओले के आसार
यूपी में भी एक बार फिर से मौसम पलटी मारने को तैयार है। तापमान में चल रहे उतार चढ़ाव के बीच गुरुवार को दिनभर तेज हवाओं से लोग परेशान रहे। हवा की रफ्तार 15 किमी प्रति घंटे की रही। जिस कारण से दिन का तापमान गिर गया और रात का बढ़ गया। मौसम वैज्ञानिकों की माने तो शुक्रवार और शनिवार को गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
 

रोहतांग सहित पांगी की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी, आज भी येलो अलर्ट

हिमाचल प्रदेश में येलो अलर्ट के बीच गुरुवार को रोहतांग सहित पांगी की ऊंची चोटियों पर ताजा बर्फबारी हुई। मैदानी जिलों में मौसम साफ रहा। धूप खिलने से प्रदेश के अधिकतम तापमान में सामान्य से तीन से चार डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज हुई। शुक्रवार को भी प्रदेश के मैदानी और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में अंधड़, ओलावृष्टि और बारिश का येलो अलर्ट जारी हुआ है। 14 मार्च तक पूरे प्रदेश में मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है। 15-17 मार्च तक प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना जताई गई है।

बुधवार रात और गुरुवार सुबह रोहतांग दर्रा सहित ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी हुई। रोहतांग दर्रा में 20 सेंटीमीटर, कोकसर में 15 और अटल टनल रोहतांग के नॉर्थ पोर्टल और साउथ पोर्टल में पांच सेंटीमीटर बर्फबारी रिकॉर्ड की गई। प्रशासन ने खराब मौसम को देखते हुए फिलहाल अटल टनल रोहतांग को पर्यटकों के लिए बंद ही रखा है।

बिहार में बारिश
बिहार के कई इलाकों में तेज हवा के साथ बारिश की संभावना बन रही है। जिन इलाकों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है उनमें पश्चिम चंपारण और पूर्वी चंपारण जिले शामिल हैं। मौसम विभाग ने कई इलाकों में 12-13 मार्च को बारिश का अलर्ट जारी किया है।

मध्यप्रदेश के पांच संभागों में बारिश होने की संभावना

मध्यप्रदेश के कुछ हिस्सों में गुरुवार को हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को प्रदेश के पांच संभागों में बारिश होने का अनुमान है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के भोपाल केंद्र के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी पी के साहा ने बताया कि अगले 24 घंटों में प्रदेश के ग्वालियर, चंबल, जबलपुर, भोपाल, होशंगाबाद और सागर संभागों के अलग-अलग स्थानों पर बारिश होने की संभावना है।

उन्होंने बताया कि होशंगाबाद जिले में पर्वतीय पर्यटन स्थल पंचमढ़ी, जबलपुर और छिंदवाड़ा जिले में बृहस्पतिवार को हल्की बारिश हुई है। ग्वालियर संभाग के गुना जिले में 12 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। साहा ने कहा कि दक्षिण-पूर्व मध्य प्रदेश में ऊपरी हवा के चक्रवाती दबाव और पश्चिमी राजस्थान पर ऊपरी हवा के संचलन के कारण बूंदाबांदी हुई है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में रविवार तक ऐसा मौसम बना रह सकता है।

राजस्थान के कई इलाकों में बारिश, ओलावृष्टि का अनुमान
मौसम विभाग ने आगामी दो दिन में राज्य के कई हिस्सों में बारिश और ओलावृष्टि का अनुमान लगाया है। मौसम विभाग के जयपुर केंद्र के प्रवक्ता ने बताया कि एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले 48 घंटों तक राज्य के कोटा, भरतपुर, जयपुर, अजमेर तथा बीकानेर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं मौसम बदलेगा। इन जिलों मेघगर्जन के साथ बिजली चमकने, अचानक तेज हवाएं चलने और कहीं कहीं ओलावृष्टि होने की भी संभावना है। प्रवक्ता के अनुसार, इस मौसमी बदलाव का असर 12 मार्च को सर्वाधिक देखने को मिलेगा जबकि 13 मार्च से एक बार दोबारा मौसम शुष्क रहेगा।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed