पश्चिम बंगाल में आज 56 सीटों पर मतदान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में रविवार को 56 सीटों पर मतदान होगा। इनमें से ज्यादातर सीटें उत्तर बंगाल में हैं। सात जिलों में फैली इन 56 सीटों के लिए 33 महिलाओं समेत कुल 383 उम्मीदवार मैदान में हैं। इन सीटों के लिए करीब सवा करोड़ मतदाता वोट डालेंगे।
दूसरे चरण की वोटिंग में जिन दिग्गजों की किस्मत दांव पर है, उनमें सिलीगुड़ी नगर निगम के मेयर और पूर्व मंत्री अशोक भट्टाचार्य, पूर्व फुटबॉलर बाइचुंग भूटिया, बांग्ला गायक सौमित्र राय, अभिनेत्री लाकेट चटर्जी और अभिनेता जय बनर्जी शामिल हैं। उनके अलावा ममता बनर्जी सरकार के तीन मंत्रियों- गौतम देब, कृष्णेंदु नारायण चौधरी और सावित्री मित्रा की किस्मत का फैसला भी इसी दौर में होगा।
2011 के विधानसभा चुनावों में इनमें से 13 सीटें वाम मोर्चा ने जीती थीं और 12 कांग्रेस ने। इस बार ये दोनों एक साथ हैं। तृणमूल कांग्रेस को पिछली बार 26 सीटें मिली थीं। ऐसे में ममता के लिए इन 26 सीटों पर कब्जा बनाए रखना एक कड़ी चुनौती है। इस बार कम से कम दो दर्जन सीटों पर चाय बागान मजदूरों के वोट ही निर्णायक हैं। इलाके में कई बागान बंद हैं और सैकड़ों मजदूर भुखमरी के शिकार हो चुके हैं। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि चाय मजदूरों का समर्थन किसे मिलेगा।
मतदान कर्मचारियों को लाने-लेजाने वाली कार से बम बरामद
पश्चिम बंगाल के मालदा शहर में चुनाव कर्मचारियों को लाने-ले जाने के काम में लगाई गई कार से शनिवार सुबह चार बम बरामद किए गए।
पुलिस के मुताबिक ड्राइवर ने कार स्टार्ट करने से पहले देखा कि सीट के नीचे एक पॉलीथिन के थैले में लपेट कर कोई चीज रखी है। उस समय कार चुनावी दफ्तर के तौर पर काम करने वाले सेंट्रल स्कूल के परिसर में खड़ी थी। ड्राइवर उस दफ्तर से चुनावी ड्यूटी में लगे लोगों को लाने के लिए जाने वाला था। उसने बैग देख कर शोर मचाया।
ड्राइवर का शोर सुन कर मौके पर भीड़ जमा हो गई। पुलिस को सूचना मिलने के बाद बम निरोधक दस्ता भी मौके पर पहुंचा। दस्ता थैले को साथ ले गया। दूसरी ओर, इस घटना के बाद तमाम ड्राइवरों ने सुरक्षा की मांग करते हुए कार चलाने से इंकार कर दिया। नतीजतन मतदान कर्मचारियों की आवाजाही कुछ देर के लिए ठप हो गई। बाद में उनको समझाबुझा कर काम पर लौटाया गया।