लोकसभा चुनाव 2019 के लिए आखिरी चरण का मतदान खत्म, 23 मई को आएंगे नतीजे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
2019 लोकसभा चुनाव के लिए रविवार को आखिरी चरण का मतदान संपन्न हुआ। मतदान, आठ राज्यों की 59 सीटों पर हुआ। शाम छह बजे तक 60.21 फीसदी वोटिंग हुई है। पश्चिम बंगाल में हिंसा के बीच सातवें चरण के लिए बंपर वोट पड़े और 73.05 फीसदी मतदान हुआ। सबसे कम मतदान बिहार में हुआ। यहां शाम छह बजे तक 49.92 फीसदी वोट पड़े।
आखिरी चरण के लिए हिमाचल प्रदेश में 66.18 फीसदी वोटिंग हुई। मध्यप्रदेश में 69.38 फीसदी और पंजाब में 58.81 फीसदी वोट पड़े। उत्तर प्रदेश में 54.37 फीसदी, झारंखड में 70.5 फीसदी और चंडीगढ़ में 63.57 फीसदी मतदान हुआ। बता दें कि सातवें चरण में पंजाब और उत्तर प्रदेश की 13-13, बिहार और मध्य प्रदेश की आठ-आठ, पश्चिम बंगाल की नौ, हिमाचल प्रदेश की चार, झारखंड की तीन और चंडीगढ़ सीट पर मतदान हुआ । 23 मई को चुनाव नतीजे की घोषणा होगी।
पश्चिम बंगाल में हिंसा के बीच बंपर वोटिंग
पश्चिम बंगाल में हिंसा और आगजनी के बीच आखिरी चरण में भी जमकर मतदान हुआ। सूबे में 73 फीसदी वोटिंग हुई। पश्चिम बंगाल में सातवें चरण के लिए 9 लोकसभा सीटों पर वोटिंग हुई। इनमें कोलकाता उत्तर, कोलकाता दक्षिण, दमदम, बारासात, बशीरहाट, जादवपुर, डायमंड हार्बर, जयनगर (एससी) और मथुरापुर (एससी) लोकसभा सीटें शामिल थीं। यहां भाजपा और टीएमसी ने एक-दूसरे पर मतदाताओं को प्रभावित करने का आरोप लगाया और दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट भी हुई।
भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर लोगों को वोट डालने से रोकने का आरोप लगाया। जाधवपुर से भाजपा प्रत्याशी अनुपम हाजरा ने टीएमसी कार्यकर्ताओं पर भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट का आरोप लगाया। वहीं, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भाजपा पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। बफ फेंकने से लेकर तोड़फोड़ की खबरें आई, लेकिन जनता ने आखिरी चरण के मतदान में जमकर वोट डाले।
आखिरी चरण में यूपी की 13 सीटों पर 54.37 फीसदी मतदान हुआ
आखिरी चरण में उत्तर प्रदेश की 13 सीटों पर सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ। शाम छह बजे तक सूबे में 54.37 फीसदी मतदान हुआ। चंदौली में भाजपा और सपा कार्यकर्ताओं के बीच हिंसा की खबर भी आई। सहायक निर्वाचन अधिकारी बीडीआर तिवारी ने बताया कि चंदौली के सकटिया गांव में हिंसा होने की की जानकारी मिली थी लेकिन पुलिस दल समय पर पहुंच गया और स्थिति पूरी तरह से सामान्य हो गयी है । इस घटना को संज्ञान में लिया गया है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी ।
चंदौली के ही अलीगंज पुलिस स्टेशन के ताराजीवन पुर गांव में दलितों की उंगली में चुनाव से पहले से ही स्याही लगा दिए जाने की खबर भी आई। इस पर सहायक निर्वाचन अधिकारी ने , 'इस घटना को संज्ञान में लिया गया है और प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। प्रथमदृष्टया एक राजनीतिक दल के कार्यकर्ताओं का नाम सामने आ रहा है, प्रशासन ने लोगों को निर्भीक होकर मतदान करने के लिए कहा है ।' उन्होंने कहा कि कुछ जगह से ईवीएम में खराबी की शिकायत भी आई थी जिसे ठीक कर लिया गया था । गोरखपुर, मिर्जापुर, वाराणसी और मऊ में कुछ स्थानों पर मतदान वहिष्कार की भी खबरे आयी हैं, जहां अधिकारियों को भेजा गया है ।
आखिरी चरण में वाराणसी के अलावा गाजीपुर, मिर्जापुर, महराजगंज, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, बांसगांव, घोसी, सलेमपुर, बलिया, चंदौली और रॉबट्र्सगंज सीटों के लिए मतदान हुआ। इस चरण में कुल 167 प्रत्याशियों की किस्मत दांव पर लगी। सातवें चरण में प्रधानमंत्री मोदी के अलावा केन्द्रीय मंत्री मनोज सिन्हा (गाजीपुर), अनुप्रिया पटेल (मिर्जापुर), प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेन्द्र नाथ पाण्डेय (चंदौली), पूर्व केन्द्रीय गृह राज्यमंत्री आर.पी.एन. सिंह (कुशीनगर) जैसी सियासी हस्तियों का भाग्य ईवीएम में कैद हुआ। सातवें चरण में भाजपा 11 सीटों पर जबकि उसकी सहयोगी अपना दल—सोनेलाल मिर्जापुर और रॉबट्र्सगंज सीटों पर चुनाव लड़ा।
हिमाचल प्रदेश में रविवार को लोकसभा की चार सीटों के लिए मतदान हुआ। छह बजे तक 66.18 फीसदी वोटिंग हुई। हिमाचल प्रदेश में बुजुर्गों के साथ ही युवाओं के बीच वोटिंग को लेकर काफी उत्साह देखने को मिला। यहां के कल्पा से आजाद भारत के पहले वोटर श्याम सरण नेगी ने अपना वोट डालना। उनकी उम्र 102 साल है।
हिमाचल के लाहौल और स्पीति जिले के ताशिगांग गांव में दुनिया के सबसे ऊंचे मतदान केंद्र पर सफलतापूर्ण वोटिंग हुई। जिले के एक अधिकारी ने बताया कि ताशिगांग मतदान केंद्र में कुल 49 पंजीकृत मतदाता हैं। राज्य के सहायक मुख्य चुनाव अधिकारी हरबंश लाल धीमान ने बताया कि ताशिगांग मतदान केंद्र समुद्र तल से 15,256 फुट की ऊंचाई पर स्थित है । सुबह सात बजे मतदान शुरू होने के समय ताशिगांग में तापमान जमाव बिंदु से नीचे था।
पारंपरिक परिधान में लोग अपना वोट डालने मतदान केंद्र पर पहुंचे। श्याम सरण नेगी ने किन्नौर जिले के कल्पा मतदान केंद्र पर अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। यह इलाका मंडी लोकसभा सीट के तहत आता है। मतदान केंद्र पर मौजूद स्टाफ ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने अपने परिवार के सदस्यों के साथ मंडी जिले की सेराज विधानसभा क्षेत्र के भरारी (मुरहाग) में मतदान किया।
पंजाब में आखिरी चरण के लिए 13 लोकसभा सीटों पर 58.81 फीसदी मतदान हुआ। ईवीएम गड़बड़ी और कांग्रेस- भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच मामूली झड़प के साथ सूबे में जनता ने उत्साह के साथ सातवें चरण के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में भी सफलतापूर्ण मतदान हुआ। शाम छह बजे तक चंडीगढ़ में 63.57 फीसदी वोटिंग हुई। सुबह मतदान शुरू होते ही लुधियाना, समाना और मोगा समेत राज्य में कई स्थानों पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) में तकनीकी खराबी की खबरें थीं। गुरदासपुर और बठिंडा के तलवंडी साबो में कांग्रेस और अकाली-भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प की खबरें आई। तलवंडी साबो में अकालियों ने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ पार्टी के कार्यकर्ताओं ने गोलियां चलाई। पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एस करुणा राजू ने कहा कि आठ बैलट यूनिट, 13 नियंत्रण यूनिट और आठ वोटर वेरीफाइड पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपैट) को बदला गया। राजू ने कहा, ‘‘तलवंडी साबो में गोली चलने की एक घटना सामने आई है।’’
लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण में झारखंड की तीन लोकसभा सीटों पर मतदान हुआ। शाम छह बजे तक सूबे में 70.5 फीसदी वोटिंग हुई। झारखंड में लोकसभा की कुल 14 सीटें हैं। इनमें से आखिरी चरण के लिए जिन तीन सीटों पर वोटिंग हुई, उनमें से दो राजमहल और दुमका की सीटें अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं।
पुलिस महानिरीक्षक आशीष बत्रा ने बताया कि 37398 सुरक्षा कर्मियों को इन तीनों सीटों पर चुनाव सकुशल संपन्न कराने के लिए तैनात किया गया था। इसके अलावा एक एयर एंबुलेंस की भी व्यवस्था की गयी थी तथा तीन हेलीकाप्टर सुरक्षा स्थिति पर निगरानी के लिए रखे गये थे।
लोकसभा चुनाव के सातवें चरण में मध्य प्रदेश में रविवार आठ सीटों पर मतदान हुआ। सूबे में शाम छह बजे तक 69.38 फीसदी वोटिंग हुई। मतदान के दौरान 58 साल की एक महिला मतदाता की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। इसके अलावा मतदान में ड्यूटी पर तैनात एक पीठासीन अधिकारी सहित दो कर्मचारियों की दिल का दौरा पड़ने से मृत्यु हो गई।
मध्य प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) वी एल कांता राव ने बताया कि रतलाम-झाबुआ लोकसभा सीट के सैलाना विधानसभा क्षेत्र के एक मतदान केन्द्र पर 58 वर्षीय महिला मतदाता गेंदाबाई की मतदान के लिये कतार में खड़े रहने के दौरान दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई।
बिहार में लोकसभा चुनाव 2019 के आखिरी चरण के लिए सबसे कम मतदान हुआ। यहां शाम छह बजे तक 49.92 फीसदी वोटिंग हुई। अंतिम चरण में बिहार की आठ लोकसभा सीटों पर वोट पड़े। इनमें कई दिग्गजों की किस्मत ईवीएम में कैद हुई। पटना साहिब सीट से कांग्रेस नेता शत्रुघ्न सिन्हा ने दावा किया कि बिहार और यूपी में भारतीय जनता पार्टी का सूपड़ा साफ हो जाएगा।
हालांकि, बिहार के उपमुख्यमंत्री और भाजपा नेता सुशील कुमार मोदी के उस दावे का विरोध करते हुए कहा कि इस बार मोदी लहर नहीं है और यह कहर बन गया है। उपमुख्यमंत्री ने कहा था कि बिहार में महागठबंधन का खाता नहीं खुलेगा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति 2014 के लोकसभा चुनाव से बडी लहर 2019 में दिखाई पड़ रही है।