कर्नाटक: डीजीपी रामचंद्र राव का आपत्तिजनक वीडियो वायरल; सीएम सिद्धारमैया ने दिए जांच के आदेश
कर्नाटक के डीजीपी रैंक के आईपीएस अधिकारी डॉ. रामचंद्र राव का एक कथित आपत्तिजनक वीडियो वायरल हुआ है। जिसके बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। राव इस समय बंगलूरू में तैनात हैं।
विस्तार
कर्नाटक में डीजीपी रैंक के आईपीएस अधिकारी के रामचंद्र राव का आपत्तिजनक वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल होने से हड़कंप मच गया। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक कथित अश्लील वीडियो को लेकर जांच के आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
सीएम ने दिए जांच के आदेश
मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कहा, मुझे इस मामले की जानकारी आज सुबह मिली है। इसकी जांच कराई जाएगी और अगर आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। कानून से कोई भी ऊपर नहीं है, चाहे वह कितना ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी क्यों न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है।
वीडियो वायरल होने के बाद डीजीपी राव गृह मंत्री जी परमेश्वर से मिलने पहुंचे लेकिन उनकी मुलाकात नहीं हो सकी। गृहमंत्री के घर से निकलने के बाद डीजीपी कहा कि वीडियो झूठा और मॉर्फ्ड है। उन्होंने कहा कि आगे की कार्रवाई के बारे में वकील से बात करेंगे। वहीं महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी हेब्बालकर ने भी बिना किसी रियायत के कार्रवाई की बात कही है।
डीजीपी का दावा- वीडियो झूठा है
दूसरी ओर, डीजीपी राव ने वीडियो को झूठा करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह उन्हें बदनाम करने की साजिश है। इस प्रकरण पर राव ने कहा, मैं खुद सोच रहा हूं कि यह कब और कैसे हुआ और यह सब किसने किया। आज के दौर में कुछ भी संभव है। मुझे इस वीडियो के बारे में कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि वह आगे की कानूनी कार्रवाई को लेकर अपने वकीलों से सलाह करेंगे। इस मामले से वह बेहद आहत हैं। मैं पूरी तरह स्तब्ध हूं। यह सब झूठ और गढ़ा हुआ है। वीडियो पूरी तरह फर्जी है। मुझे इसके बारे में कुछ भी पता नहीं है।
ये भी पढ़ें: दिल्ली में इमरजेंसी सेवा: पुलिस, फायर या एम्बुलेंस...अब हर आपदा में सिर्फ 112 होगा सहारा, जानें पूरी अपडेट
सोमवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ है, जिसमें कर्नाटक कैडर के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी को उनके कार्यालय में महिलाओं के साथ आपत्तिजनक स्थिति में दिखाए जाने का दावा किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि यह अधिकारी के रामचंद्र राव हैं। भाजपा विधायक एस सुरेश कुमार ने इसे पुलिस विभाग पर धब्बा बताते हुए सख्त कदम उठाने की मांग की है। पुलिस अब वीडियो की सत्यता की जांच कर रही है।
सौतेली बेटी के चलते सुर्खियों में आए थे राव
-
के. रामचंद्र राव अपनी सौतेली बेटी रान्या राव के कारण पहले ही सुर्खियों में आ चुके हैं।
-
रान्या राव को चर्चित सोना तस्करी मामले में गिरफ्तार किया गया था।
-
गिरफ्तारी के बाद रान्या राव को बेंगलुरु सेंट्रल जेल में रखा गया है।