हैदराबाद से अपलोड वीडियो ने कराया बवाल, युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हैदराबाद से अपलोड किए वीडियो ने पहासू में बवाल करा दिया। वीडियो वायरल करने वाला पठानटोला निवासी रिहान अली दरअसल हैदराबाद में परिवार के साथ दरी बेचने का काम करता है। इस सिलसिले में वह अक्सर परिजनों के साथ हैदराबाद आता-जाता रहता है। हिंदू संगठनों की ओर से दी गई तहरीर पर पुलिस ने पठानटोला निवासी रिहान अली के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर परिवार के कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया है। उसे गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीम हैदराबाद रवाना हो गई है।
एक समुदाय के खिलाफ वायरल हुए नफरत भरे वीडियो में रिहान अली ने अपने आप को पहासू के मोहल्ला पठानटोला निवासी बताते हुए हिंदू समुदाय को भद्दी-गंदी गालियां देने के अलावा धर्म पर गलत कंमेट्स किए। यहां तक कि उसने देश के पीएम नरेंद्र मोदी पर भद्दे कंमेट्स भी किए। पुलिस के मुताबिक रिहान ने हैदराबाद में ही उसने वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। इससे रविवार को पहासू में दो संप्रदायों के बीच माहौल फिर से खराब हो गया। पुलिस की अभी तक की जांच में यह बात सामने आई है कि रिहान अली का परिवार इस समय हैदराबाद में ही है। मामले में पुलिस की तरफ से रिहान पर 153 ए समेत कई संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज है। एक पुलिस टीम रिहान की तलाश में हैदराबाद गई हुई है।
रविवार सुबह पहासू में बवाल होने के बाद पुलिस आरोपी रिहानअली के घर की सुरक्षा बढ़ा दी है। आगजनी और तोड़फोड़ होने के डर से पुलिस और पीएसी को घर के बाहर तैनात किया गया है। यही नहीं सूत्रों का दावा है कि पुलिस ने उसके परिवार के लोगों को अपनी कस्टडी में लिया है। ताकि रिहान को आसानी से दबोचा जा सके है।साथ ही परिवार को उपद्रवियों से बचाया जा सके।
कहीं एआईएमआईएम का हाथ तो नहीं
वीडियो वायरल कर पहासू का माहौल बिगाड़ने के पीछे के बिगडे़ ऑल इंडिया मजलिस ए इतैहुदुल मुस्लमीन (एआईएमआईएम) का हाथ हो सकता है। आशंका जताई जा रही है कि रिहान का हैदराबाद स्थित एआईएमआईएम से कोई कनेक्शन हो सकता है। खास बात है कि हैदराबाद से वायरल वीडियो में रिहान के अलावा कुछ अन्य लोगों की मौजूदगी इस बात की तरफ इशारा कर रही है।
पता चला है कि पिछले 10 सालों से रिहान के परिवार के सदस्य दरी के कारोबार के सिलसिले में अक्सर हैदराबाद आते-जाते रहते हैं। आशंका है कि इसी दौरान रिहान का ऑल इंडिया मजलिस ए इतैहुदुल मुस्लमीन (एआईएमआईएम) से कोई कनेक्शन हो। इसके अलावा वायरल वीडियो को देखकर प्रतीत होता है कि रिहान के अलावा कुछ और लोग भी हैं, जो उसे उकसा रहे हैं। वीडियो में रिहान बेफ्रिक होकर मोबाइल के ठीक सामने खड़ा होकर गंदे शब्दों का प्रयोग कर रहा है। कस्बे के बाजारों से लेकर गली-मोहल्लों में जहां पूरे दिन रौनक रहती थी, वहीं रविवार को सुबह से ही सन्नाटा पसरा दिखाई दिया। सभी दुकानों पर ताले लटके देखे गए। सिर्फ पुलिस फोर्स के अलावा इक्का दुक्का लोग ही दिखाई दिए।
आलम यह था कि घरों से जो भी बाहर निकलता पुलिस उन्हें अंदर खदेड़ देती। नगर के मुख्य मार्ग, चौराहे, बाजार, से लेकर गली मोहल्लों तक सब वीरान दिखाई दिए। पहासू कस्बे में गोली मारने, आगजनी आदि घटनाओं की अफवाहों से भी माहौल काफी गर्म रहा। इसके चलते कस्बे केलोग काफी दहशत में थे। सुबह उपद्रवियों के तोड़फोड़ करते ही दूकानों में आग लगाने की अफवाह फैल गई। उसके थीड़ी देर बाद फायरिंग होने की चर्चा रही। जिससे लोग दहशत और घर से बाहर निकले अपनों की फोन पर कुशलक्षेम लेते नजर आए। हालांकि पुलिस ने इस तरह की घटनाओं से इनकार करते हुए लोगों को शांत किया।
डीएम-एसएसपी ने किया दौरा
फोर्स के साथ डीएम आंजनेय कुमार, एसएसपी सोनिया सिंह, एसपी देहात जगदीश पांडेय, एडीएम समेत आला अफसरों ने कस्बे में जगह-जगह दौरा किया। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि शांति बनाए रखें और किसी भी तरह के अफवाहों में न आएं। पठानटोला समेत अन्य स्थानों का जायजा लेने के बाद उन्होंने अधिकारियों की बैठक कर जगह-जगह निगरानी रखने के निर्देश दिए।
माहौल बिगडने के कारण पुलिस ने कस्बे के अंदर जा रहे वाहनों को बाहर ही रोक दिया। इसके चलते लोगों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा। वहीं उस मार्ग से जा रहे कई लोगों को गंतव्य तक पहुंचने के लिए दूसरे रास्ते लंबी दूरी तय करनी पड़ी। कस्बे में हुई घटना को लेकर सुबह से ही लोग अपने-अपने घरों में दुबके रहे। उग्र भीड़ और चारो तरफ पुलिस फोर्स देखकर पब्लिक के पसीने छूट गए। इसके चलते लोग अपने घरों में घुस गए। पूरे दिन लोगों में दहशत व्याप्त रहा।
वीडियो वायरल करने वाले रेहान अली को पकड़ने के लिए पुलिस हैदराबाद रवाना हो गई। हांलाकि पुलिस ने रेहान के परिवार के कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया है। एसपी देहात ने बताया कि आरोपी रेहान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।