फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   UP Nikay Chunav Result 2023: BJP had given tickets to 395 Muslim faces in Nikay chunav, know how many won?

UP Nikay Chunav Result: भाजपा ने निकाय चुनाव में 395 मुस्लिम चेहरों को दिया था टिकट, जानें कितने जीते?

Sun, 14 May 2023 06:04 PM IST
हिमांशु मिश्रा स्पेशल डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
स्पेशल डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: हिमांशु मिश्रा Updated Sun, 14 May 2023 06:04 PM IST
विज्ञापन
सार
इस बार भाजपा ने बड़े पैमाने पर मुसलमानों को भी टिकट दिया था। ये पहली बार है जब निकाय चुनावों में भाजपा ने एक साथ 395 मुस्लिम उम्मीदवार उतारे थे। आइए जानते हैं भाजपा के इन मुस्लिम प्रत्याशियों का क्या हुआ? 
 
loader
UP Nikay Chunav Result 2023: BJP had given tickets to 395 Muslim faces in Nikay chunav, know how many won?
यूपी नगर निकाय चुनाव परिणाम - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

उत्तर प्रदेश निकाय चुनाव के नतीजे आ चुके हैं। भारतीय जनता पार्टी ने नगर निगम, नगर पालिका से लेकर नगर पंचायत तक के चुनाव में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। ओवरऑल आंकड़ों को देखें तो सभी 17 नगर निगमों पर भाजपा प्रत्याशियों ने जीत हासिल की है। पार्षद की 1420 सीटों में से 813 पर भाजपा को जीत मिली है। 199 नगर पालिका अध्यक्ष सीटों में से 89 और 5327 नगर पालिका परिषद सदस्य की सीटों में से 1360 उम्मीदवार भाजपा के चुनाव जीते हैं। 


नगर पंचायत चुनाव की परिणामों को देखें तो सूबे में कुल 544 नगर पंचायत अध्यक्ष के पद हैं। इनमें से 191 पर भाजपा उम्मीदवारों को जीत मिली है। कुल 7177 नगर पंचायत सदस्यों की सीटों में से 1403 भाजपा के खाते में आए हैं। इस बार भाजपा ने बड़े पैमाने पर मुसलमानों को भी टिकट दिया था। ये पहली बार है जब निकाय चुनावों में भाजपा ने एक साथ 395 मुस्लिम उम्मीदवार उतारे थे। आइए जानते हैं भाजपा के इन मुस्लिम प्रत्याशियों का क्या हुआ? 

 

नगर पालिका के सभी प्रत्याशी हारे
भाजपा ने नगर पालिका अध्यक्ष पद पर कुल पांच मुस्लिम चेहरों को टिकट दिया था। रामपुर जिले में भाजपा ने दो मुस्लिम प्रत्याशी मैदान में उतारे थे। टांडा नगर पालिका परिषद में अध्यक्ष पद पर मेहनाज जहां और रामपुर नगर पालिका परिषद में अध्यक्ष पद पर डॉ. मुसरेत मुजीब को प्रत्याशी बनाया गया था। दोनों प्रत्याशी चुनाव हार गए। इसी तरह आजमगढ़ की मुबारकपुर से तमन्ना बानो और बदायूं जिले की ककराला पालिका अध्यक्ष पद पर मरगून अहमद खां को टिकट दिया था। ये दोनों भी हार गए। बिजनौर जिले की अफजलगढ़ नगर पालिका परिषद में खतीजा को प्रत्याशी बनाया गया था। खतीजा भी चुनाव हार गईं। कुल पांच पालिकाओं में भाजपा ने मुसलमानों को टिकट दिया था, लेकिन सभी पर पार्टी को हार का सामना करना पड़ा। 
 

नगर निगम पार्षद चुनाव में क्या हुआ? 
बड़ी संख्या में पार्षद पद पर भी भाजपा ने मुस्लिम उम्मीदवार उतारे थे। सबसे ज्यादा अलीगढ़ में 18 मुसलमानों को टिकट दिया था, लेकिन एक ने भी जीत हासिल नहीं की। लखनऊ में दो सीटों पर भाजपा ने मुस्लिम चेहरों को टिकट दिया था। इनमें से सिर्फ एक पर जीत मिली। हुसैनाबाद से लुबना अली खान ने यहां 47.41 प्रतिशत वोट पाकर जीत हासिल की है। 

बरेली में 80 में से नौ सीटों पर भाजपा ने मुस्लिम चेहरों को पार्षद पद का प्रत्याशी बनाया था। इन सभी सीटों पर पार्टी को हार का सामना करना पड़ा है। कानपुर में दस सीटों पर मुस्लिम चेहरों को टिकट दिया गया था। इन सभी पर भाजपा हार गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संसदीय क्षेत्र वाराणसी में भी तीन मुस्लिम चेहरों को टिकट दिया गया था। ये तीनों चुनाव हार गए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर में भी भाजपा ने एक मुस्लिम उम्मीदवार को टिकट दिया था। वह भी चुनाव हार गए। 
 

नगर पंचायत अध्यक्ष चुनाव में क्या हुआ? 
पार्षद और नगर पालिका अध्यक्ष के अलावा भाजपा ने नगर पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में भी कई मुस्लिम चेहरों को मौका दिया था। बरेली के धौराटांडा से नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर भाजपा के मुस्लिम उम्मीदवार नदीम उल हसन की जीत हुई है। नदीम अन्य पिछड़ा वर्ग से आते हैं। 

मुरादाबाद के भोजपुर धर्मपुर नगर पंचायत से अध्यक्ष पद के उम्मीदवार फरखन्दा जबीं ने जीत हासिल की है। फरखन्दा अन्य पिछड़ा वर्ग से आती हैं।  संभल के सिरसी नगर पंचायत से अध्यक्ष पद के उम्मीदवार कौसर अब्बास ने जीत हासिल की है। ये अनारक्षित सीट है। कौसर को कुल 23.73 प्रतिशत वोट मिले। 

सहारनपुर की सुल्तानपुर चिलकाना नगर पंचायत से अन्य पिछड़ा वर्ग की फूलबानो ने जीत हासिल की है। फूलबानो को कुल 55.34 प्रतिशत वोट मिले। हरदोई के गोपामऊ नगर पंचायत से वली मोहम्मद ने जीत हासिल की है। वली अन्य पिछड़ा वर्ग से आते हैं। इन्हें 49.99 प्रतिशत वोट मिले। इस तरह से नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर भाजपा के पांच उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है। 
 

पंचायत सदस्य के चुनाव में भाजपा का कैसा परफॉरमेंस रहा? 
अमेठी के रायपुर फुलवारी दक्षिणी भाग नगर पंचायत सदस्य पद पर भाजपा की जेबा खान ने जीत हासिल की है। अयोध्या के खिरौनी सुचित्तागंज निकाय से कटरौली मध्य  नगर पंचायत से भाजपा के सिराज अहमद ने जीत हासिल की है। भरतकुंड भदरसा स्थित चंद्रशेखर आजाद नगर पंचायत से यासमीन बानो ने जीत हासिल की है। एटा जिले की सकीट स्थित काजी पश्चिमी नगर पंचायत से सदस्य पद पर अन्य पिछड़ा वर्ग की महरून निशा ने जीत हासिल की है। 

कानपुर में बिठूर के सूबेदार नगर से राबिया ने जीत हासिल की। कासगंज के विलराम स्थित चौधरियान पूर्वी से अन्य पिछड़ा वर्ग की फिजा ने जीत हासिल की है। फिजा को भाजपा ने प्रत्याशी बनाया था। इसी तरह सिढपुरा के गांधीनगर नगर पंचायत से इरशाद को जीत मिली है। गाजियाबाद डासना के पुरानी पौठवाला नगर पंचायत से वकील अहमद ने चुनाव जीता है। वकील अन्य पिछड़ा वर्ग में आते हैं। गोंडा के तरबगंज स्थित स्वतंत्रता सेनानी भानू प्रताप नगर पंचायत से जाहिद अली ने चुनाव जीता है। जाहिद अन्य पिछड़ा वर्ग से आते हैं। गौतमबुद्ध नगर के रबूपुरा गांधीनगर नगर पंचायत से अन्य पिछड़ा वर्ग से आने वाली शहनाज ने चुनाव जीता है। आजाद नगर नगर पंचायत से साविया विजयी हुई हैं। 

 

चित्रकूट के आजाद नगर नगर पंचायत सदस्य पद पर इवरतुन निशा ने जीत हासिल की है। फ़र्रुखाबाद कमालगंज की जवाहरनगर नगर पंचायत से अन्य पिछड़ा वर्ग की इजाजत खां ने जीत हासिल की है। बिजनौर मंडावर की पटवारियान नगर पंचायत से महबूब ने जीत हासिल की है। जलालाबाद से कुरैशियान से फकरआलम और बंजारान नगर पंचायत से अन्य पिछड़ा वर्ग की मेहरूनिशा ने चुनाव जीता है। मुज़फ्फरनगर पुरकाजी की नूरनगरियान नगर पंचायत से निसार ने जीत हासिल की है। जिले की तहबरपुरा नगर पंचायत से अन्य पिछड़ा वर्ग महिला आरक्षित सीट से नाजली खैर ने चुनाव जीता है। 

मुरादाबाद भोजपुर धर्मपुर की धर्मपुरप्रथम नगर पंचायत से नाजिर ने चुनाव में जीत हासिल की है। नाजिर अन्य पिछड़ा वर्ग से आते हैं। इसी तरह झादेवाला नगर पंचायत से शाकिर, चौधरान नगर पंचायत से जासमीन, फतेहपुरी नगर पंचायत से अन्य पिछड़ा वर्ग की महिला प्रत्याशी सिमरन नाज ने जीत हासिल की है। महराजगंज जिले की सुबाशनगर नगर पंचायत से करम हुसैन ने जीत हासिल की है। 

रामपुर जिले की मौहल्ला भूड गेट नगर पंचायत से अन्य पिछड़ा वर्ग की आमाना बेगम, इमामबाडा आंशिक नगर पंचायत से अन्य पिछड़ा वर्ग की रेशमा बेगम ने जीत हासिल की है। 

 

लखनऊ की चौधराना नगर पंचायत से मोहम्मद इमरान अंसारी विजेता हुए हैं। इमरान अन्य पिछड़ा वर्ग से आते हैं। शाहजहांपुर की मुरादपुर प्रथम नगर पंचायत से अन्य पिछड़ा वर्ग की इदरीशा ने चुनाव जीता है। सम्भल की गिन्नौरी काहरान की नगर पंचायत सीट से फरहत अब्बास ने जीत हासिल की है। सराय सादक दालान नगर पंचायत से अन्य पिछड़ा वर्ग की हुस्न बानो, सराय सादक गिन्नौरी-2 से अन्य पिछड़ा वर्ग से इनामुल हक ने चुनाव जीता है। 

सुलतानपुर की जवाहर नगर नगर पंचायत सीट से अन्य पिछड़ा वर्ग की फरीदा बानो ने जीत हासिल की है। सहारनपुर की कोठीवाला पूर्वी नगर पंचायत सीट से अन्य पिछड़ा वर्ग के मु. इनाम, हामिद हसन मध्य नगर पंचायत से अन्य पिछड़ा वर्ग के अमजद अली, जाकिर हुसौन पूर्वी नगर पंचायत सीट से अन्य पिछड़ा वर्ग की फरा अन्जुम ने जीत हासिल की है। गढी दक्षिणी नगर पंचायत से अन्य पिछड़ा वर्ग के तोकिर चुनाव जीत गए। 
 

ओवरऑल भाजपा के कितने मुस्लिम चेहरों को जीत मिली? 
पद   कितने प्रत्याशी जीते?
नगर निगम पार्षद     01
नगर पंचायत अध्यक्ष     05
नगर पंचायत सदस्य   35
कुल   41

                         
           
       
         
                             
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed