Big News: मानवाधिकार पर भारत की रिपोर्ट की संयुक्त राष्ट्र में समीक्षा आज, चेन्नई में फर्जी बैंक का भंड़ाफोड़
विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, सार्वभौम सामयिक समीक्षा (यूपीआर) कार्यकारी समूह के 41वें सत्र का आयोजन 7-18 नवंबर के बीच जिनेवा स्थित संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद में होगा। वहीं चेन्नई पुलिस ने एक फर्जी बैंक का खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मानवाधिकारों के संरक्षण एवं प्रोत्साहन के लिए उठाए गए कदमों वाली भारत की रिपोर्ट पर संयुक्त राष्ट्र के सदस्य देशों के मानवाधिकारों के प्रदर्शन से जुड़े तंत्र के तहत बृहस्पतिवार को जिनेवा में समीक्षा होगी।
विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, सार्वभौम सामयिक समीक्षा (यूपीआर) कार्यकारी समूह के 41वें सत्र का आयोजन 7-18 नवंबर के बीच जिनेवा स्थित संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद में होगा। इस दौरान चौथे यूपीआर चक्र के लिए भारत की राष्ट्रीय रिपोर्ट की समीक्षा 10 नवंबर को होगी। इसमें कहा गया है कि भारत के सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता भारतीय शिष्टमंडल का नेतृत्व करेंगे।
चेन्नई में फर्जी बैंक का भंड़ाफोड़ एक गिरफ्तार
चेन्नई पुलिस ने एक फर्जी बैंक का खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। आरोपी आरएएफसी नाम से एक फर्जी बैंक चला रहा था, उसने 8 जगहों पर इसकी ब्रांच भी खोल रखी थी। इस बैंक में अब तक 2 करोड़ रुपये का लेन-देन भी हुआ है। इतना ही नहीं बैंक द्वारा बकायदा गोल्ड लोन स्कीम, एफडी, वीकली लोन, पर्सनल लोन जैसी सुविधाएं भी दी जा रही थीं।
चेन्नई पुलिस ने ये कार्रवाई आरबीआई के अलर्ट पर की। दरअसल, भारतीय रिजर्व बैंक ने चेन्नई पुलिस ‘रूलर एंड एग्रीकल्चर फार्मर्स को-ऑपरेटिव बैंक’ (आरएएफसी) के बारे में जानकारी दी थी। इसके बाद पुलिस ने जब जांच की, तो ये पूरा खुलासा हुआ। पुलिस ने इस मामले में 42 साल के चंद्रबोस नाम के शख्स को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, चंद्रबोस नाम का ये आरोपी मदुरई, सालेम, एरोड समेत 8 जगहों पर बैंक की शाखा चला रहा था।
तुर्किये में घर जला, 8 शरणार्थी बच्चों और एक महिला की मौत
उत्तर पश्चिमी तुर्किये में एक घर में हीटर के कारण आग लगने की घटना में एक महिला और छह सीरियाई शरणार्थी बच्चों की मौत हो गई। गवर्नर याकुप ने कहा, बर्सा प्रांत के यिल्दिरिम जिले में एक चार मंजिला इमारत की पहली मंजिल में मंगलवार की देर रात आग लग गई। पीड़ितों में एक वर्ष से लेकर 10 साल की उम्र के छह भाई-बहन, उनकी 31 वर्षीय मां और 10 और 11 साल की दो चचेरी बहनें थीं। उनके पिता, हादसे के समय घर पर नहीं थे।
आरिफ को कुलाधिपति पद से हटाने के लिए अध्यादेश की तैयारी
केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान और सत्तारूढ़ संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) सरकार के बीच तकरार और बढ़ गई है। केरल की उच्च शिक्षा मंत्री आर बिंदु ने बुधवार को कहा कि एलडीएफ सरकार एक अध्यादेश के माध्यम से राज्य के विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति के रूप में राज्यपाल की जगह विशेषज्ञ शिक्षाविदों को लाने पर विचार कर रही है।
खतरे में है देश का संविधान व लोकतंत्र : मेधा पाटकर
समाजवादी समागम और फैक्टर की तरफ से नफरत छोड़ो संविधान बचाओ सद्भावना यात्रा बुधवार को कुशीनगर से शुरू हुई। तिरंगा दिखाकर सद्भावना यात्रा की शुरुआत करते हुए सामाजिक कार्यकर्ता मेधा पाटकर ने कहा कि देश का लोकतंत्र और संविधान संकट में है। देश को ऐसे हालात से बचाने के लिए अहिंसा रूपी अस्त्र को अपनाना होगा।
उन्होंने कहा कि समाज के लोगों को जाति और धर्म के नाम पर उकसाया जा रहा है। इसके दुखद परिणाम दिखाई पड़ रहे हैं। लोगों को समाज में भेदभाव तोड़ने की हिम्मत करनी होगी। बुद्ध से कबीर तक जाने के लिए अहिंसा के अतिरिक्त दूसरा कोई मार्ग नहीं है।
चार राज्यों के लिए 68 हजार करोड़ की परियोजनाओं को मंजूरी
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बुधवार को चार पूर्वोत्तर राज्यों के लिए 68,000 करोड़ रुपये की नई सड़क परियोजनाओं को मंजूरी दी। क्षेत्र की विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की समीक्षा के बाद मीडिया से बात करते हुए गडकरी ने कहा कि असम के लिए 50,000 करोड़ रुपये, मेघालय के लिए 9,000 करोड़ रुपये, नागालैंड के लिए 5,000 करोड़ रुपये और सिक्किम के लिए 4,000 करोड़ रुपये की नई परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है।
जस्टिस टीए गौड़ त्रिपुरा हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नियुक्त
जस्टिस तोडुपुनुरी अमरनाथ गौड़ को बुधवार को त्रिपुरा हाईकोर्ट का कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया। वह मुख्य न्यायाधीश इंद्रजीत महंती की जगह लेंगे। महंती बृहस्पतिवार को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। जस्टिस महंती को मार्च, 2006 में हाईकोर्ट के न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत किया गया था। वह अक्तूबर, 2019 में राजस्थान हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश बने थे। जस्टिस गौड़ 11 नवंबर 2022 से पद संभालेंगे। कानून मंत्री किरेन रिजिजू ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। कानून मंत्रालय के न्याय विभाग ने एक अधिसूचना में कहा कि वरिष्ठ न्यायाधीश गौड़ 11 नवंबर को पद संभालेंगे।
गोवा के सीएम प्रमोद सावंत ने कहा कि राज्य सरकार के विभागों में भर्ती के लिए एक साल के अनुभव को अनिवार्य किया जाएगा। उम्मीदवारों को सीधे सरकारी सेवा में नहीं लिया जाएगा। उन्हें सरकारी नौकरियों के लिए आवेदन करने से पहले निजी क्षेत्र में काम करके अनुभव प्राप्त करना होगा। उत्तरी गोवा के तलेगांव में एक समारोह को संबोधित करते हुए सावंत ने कहा कि इस तरह के अभ्यास से सरकार को कुशल मैनपावर प्राप्त करने में मदद मिलेगी।
टाटा मोटर्स को 945 करोड़ रुपये का घाटा
टाटा मोटर्स को दूसरी तिमाही में 945 करोड़ रुपये का घाटा हुआ है। एक साल पहले उसे 4,442 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था। कंपनी ने बताया कि जगुआर लैंड रोवर और घरेलू बाजार में बिक्री बढ़ने से उसके घाटे में कमी आई है।
डीएमआरसी-बीईएल के बीच एमओयू
डीएमआरसी ने बीईएल के साथ ट्रेन नियंत्रण सिस्टम को संयुक्त रूप से विकसित करने के लिए एमओयू किया है। इस सिस्टम को पहली बार भारत में विकसित किया जाएगा। यह ऑटोमेटेड होगा और इससे आत्मनिर्भर भारत को बढ़ावा मिलेगा।
क्रूड की कीमतों में नरमी से रुपया 45 पैसे मजबूत
कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और विदेशी पूंजी के सतत प्रवाह से बुधवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 45 पैसे मजबूत होकर 81.47 पर बंद हुआ। अंतरबैंक मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 81.43 पर खुला। कारोबार के दौरान 81.23 से 81.62 के दायरे में रहा। इस बीच, डॉलर सूचकांक 0.18% बढ़कर 109.83 हो गया। ब्रेंट क्रूड वायदा 0.64 फीसदी घटकर 94.75 डॉलर प्रति बैरल रह गया।
विनय क्वात्रा ने पेंटागन में की द्विपक्षीय रक्षा संबंधों पर चर्चा
विदेश सचिव विनय क्वात्रा ने नीतिगत मामलों के प्रभारी अमेरिका के अवर रक्षा मंत्री कॉलिन कहल से मिलकर द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को और आगे बढ़ाने पर चर्चा की। दोनों पक्षों ने ‘भारत-अमेरिका प्रमुख रक्षा साझेदारी’ के महत्व को रेखांकित किया जिसने हिंद-प्रशांत क्षेत्र के भविष्य को आकार देने में मदद की है। एक मीडिया विज्ञप्ति में कहा गया है कि बैठक के दौरान कहल और क्वात्रा ने नई दिल्ली में अगली टू प्लस टू मंत्रिस्तरीय बैठक से पहले द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को आगे बढ़ाने पर चर्चा की। कहल ने इस मुलाकात को सुखद बताया।
जापान में क्वाड देशों का मालाबार युद्धाभ्यास शुरू
क्वाड देशों की नौसेनाओं का मालाबार युद्धाभ्यास बुधवार को पूवी चीन सागर के पास जापान के योकोसुका द्वीप से शुरू हुआ। क्वाड देशों में भारत, ऑस्ट्रेलिया, जापान और अमेरिका शामिल हैं। मालाबार युद्धाभ्यास क्षेत्र में चीन की बढ़ती सैन्य ताकत की पृष्ठभूमि में आयोजित किया जा रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि जापान मैरीटाइम सेल्फ डिफेंस फोर्स (जेएमएसडीएफ) की ओर से आयोजित इस 10 दिवसीय अभ्यास के लिए भारतीय नौसेना के दो जहाजों शिवालिक और आईएनएस कामोर्टा को तैनात किया गया है। युद्धाभ्यास में नौसेना के पूर्वी बेड़े के कमांडर रियर एडमिरल संजय भल्ला ने भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया।