Maharashtra: उद्धव ने भाजपा में शामिल होने वाले पूर्व जज पर साधा निशाना, विधानसभा अध्यक्ष पर भी तंज कसा
Maharashtra: उद्धव ठाकरे ने कहा कि पश्चिम बंगाल के एक न्यायाधीश ने इस्तीफा दिया और लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए भाजपा में शामिल हो गए। उन्होंने टीएमसी के खिलाफ फैसले दिए थे।
विस्तार
शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने अभिजीत गंगोपाध्याय के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने के कदम की आलोचना की। पार्टी में शामिल होने के लिए उन्होंने हाल ही कलकत्ता उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के पद से इस्तीफा दिया था। ठाकरे ने हितों के टकराव का हवाला देते हुए महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर पर भी निशाना साधा।
गंगोपाध्याय ने मंगलवार को न्यायाधीश के पद से इस्तीफा दिया। इसके बाद गुरुवार को पश्चिम बंगाल में भाजपा में शामिल हो गए। उन्होंने दावा किया कि उनका मकसद राज्य में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की भ्रष्ट सरकार को सत्ता से बाहर करना है।
अभिजीत गंगोपाध्याय पर साधा निशाना
उद्धव ठाकरे धाराशिव जिले के कलम्ब में एक रैली को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा, "पश्चिम बंगाल के एक न्यायाधीश ने इस्तीफा दिया और लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए भाजपा में शामिल हो गए। उन्होंने टीएमसी के खिलाफ फैसले दिए थे। अब हम कैसे कह सकते हैं कि उन्होंने (न्यायाधीश के रूप में) अपने काम की पवित्रता को बरकरार रखा होगा।"
विधानसभा अध्यक्ष नार्वेकर पर साधा निशाना
उन्होंने कहा, इसी तरह महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष (राहुल नार्वेकर) को (भाजपा द्वारा) लोकसभा सीट का लालच दिया गया। उन्होंने (विधायकों की अयोग्यता के मामले में) हमारे खिलाफ फैसला दिया।
'पंकजा का करियर खत्म करना चाहती है भाजपा'
उद्धव ठाकरे ने दावा किया कि भाजपा राज्य की पूर्व मंत्री पंकजा मुंडे का सियासी करियर खत्म करना चाहती है। एक दिन पहले उन्होंने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को महा विकास अघाड़ी में शामिल होने और विपक्ष के टिकट पर चुनाव लड़ने की सलाह दी थी।
'मणिपुर जाने का साहस दिखाएं प्रधानमंत्री'
उन्होंने गुजरात में स्थापित की जा रही सेमीकंडक्टर संयंत्रों को लेकर कहा कि राज्य या उसके लोगों के खिलाफ उनके मन में कुछ भी नहीं है, लेकिन इसका विकास दूसरों की कीमत पर नहीं होना चाहिए। पीएम मोदी की जम्मू-कश्मीर यात्रा को लेकर ठाकरे ने कहा कि उन्हें हिंसाग्रस्त मणिपुर का दौरा करने का साहस भी दिखाना चाहिए।