प. बंगाल: एक और भाजपा कार्यकर्ता का शव बरामद, पार्टी ने आज बुलाया 12 घंटे का बंद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पश्चिम बंगाल में दो कार्यकर्ताओं की हत्या के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने आज 12 घंटे का बंद बुलाया है। पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह ने बंगाल की ममता सरकार को नाकाम करार करते हुए कहा कि वह दोनों व्यक्ति पार्टी के कार्यकर्ता थे और यह दोनों ही राजनीतिक हत्याएं हैं। पार्टी चाहती है कि इस मामले की जांच एनएचआरसी द्वारा करवाई जाए जिसके बाद राज्य सरकार ने सीआईडी को घटना की जांच सौंप दी।
जानकारी के मुताबिक जिन दो व्यक्तियों की हत्या हुई है उनमें से एक 18 साल के त्रिलोचन महतो हैं जिनकी लाश पेड़ से लटकी मिली। यह हत्या शनिवार को हुई थी। चार दिनों के भीतर हुई यह दूसरी हत्या है। इससे पहले 32 साल के दुलाल दास का शव हाई टेंशन पोल से लटका मिला। ये दोनों मृत व्यक्ति अलग-अलग गांवों से थे लेकिन दोनों का गांव एक ही थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। दुलाल दास के परिवार ने तृणमूल पार्टी के कार्यकर्ताओं पर हत्या का आरोप लगाया है।
बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी सरकार राज्य में कानून व्यवस्था बनाए रख पाने में नाकाम रही है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि "मैं शोकग्रस्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। मैं लाखों बीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ दुलाल दास के परिवार का दुख साझा करता हूं। भगवान उनके परिवार को इस हानि का सामना करने की ताकत दें।"
इस मामले पर कार्रवाई करते हुए ममता सरकार ने तेजी दिखाई और पुरुलुआ एसपी को हटा दिया। साथ ही दोनों मामलों की जांच भी सीआईडी को सौंप दी। शुरुआती जांच के आधार पर पुरुलिया के एसपी जॉय बिस्वास ने बताया कि पहला मामला आपसी दुश्मनी का लगता है, मामले की जांच शुरू हो गई है और जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।
बीजेपी के लोगों को बंगाल में निशाना बनाया जा रहा है
वहीं दूसरी तरफ बीजेपी इस मामले को छोड़ने के मूड में नहीं है। पार्टी प्रवक्ता शहनवाज हुसैन का कहना है कि जिस तरह से बीजेपी के लोगों को बंगाल में निशाना बनाया जा रहा है, वह खामोश नहीं बैठेंगे। इसी कारण यह बंद बुलाया गया है।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में झारखंड से सटे पुरुलिया जिले में शनिवार सुबह एक और व्यक्ति का शव बरामद किया गया था। हलरामपुर इलाके के दुलाल दास (30) का शव बिजली के हाई टेंशन टावर से लटका मिला। इससे पहले उसी इलाके में बुधवार सुबह त्रिलोचन महतो नामक एक भाजपा कार्यकर्ता का शव पेड़ से लटकता मिला था। भाजपा ने दुलाल दास को अपना कार्यकर्ता बताते हुए इन दोनों हत्याओं के लिए सत्तारुढ़ तृणमूल कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया है। दूसरी ओर, राज्य सरकार ने इन दोनों मामलों की जांच सीआईडी को सौंप दी है। दोनों हत्याएं जिले के बलरामपुर इलाके में ही हुई हैं।
इस हत्या की सूचना मिलते ही भाजपा नेता मुकुल राय मौके के लिए रवाना हो गए। उन्होंने बताया कि पुरुलिया के बलरामपुर में हमारी पार्टी के एक और कार्यकर्ता की हत्या हो गई है। भाजपा के राष्ट्रीय सचिव राहुल सिन्हा ने कहा कि दुलाल की हत्या भी उसी तरीके से की गई है जैसे तीन दिन पहले त्रिलोचन महतो की हत्या हुई थी।
सिन्हा ने दावा किया कि हाल के पंचायत चुनावों में बलरामपुर इलाके में पैरों तले की जमीन खिसकने के बाद तृणमूल कांग्रेस ने इलाके में आतंक मचा रखा है। उन्होंने इन दोनों हत्याओं की सीबीआई जांच की मांग उठाई। ध्यान रहे कि बीते महीने हुए पंचायत चुनावों में भाजपा ने बलरामपुर इलाके की सभी सात ग्राम पंचायत सीटों पर कब्जा कर लिया था।
शुक्रवार को पार्टी ने पूरे राज्य में थाना घेराव करने का कार्यकर्म रखा था
भाजपा के पश्चिम बंगाल प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय ने आरोप लगाया कि इन हत्याओं में तृणमूल कांग्रेस का हाथ है। उनका कहना है कि बीती रात दुलाल के अपहरण की खबर मिलने के बाद उन्होंने अतिरिक्त पुलिस महानदिशेक (कानून व व्यवस्था) अनुज शर्मा से बात कर उसका पता लगाने को कहा था। लेकिन पुलिस कुछ नहीं कर सकी। सुबह उसका शव बरामद किया गया।
तीन दिन पहले भाजपा कार्यकर्ता की हत्या के विरोध में शुक्रवार को पार्टी ने पूरे राज्य में थाना घेराव करने का कार्यकर्म रखा था। दुलाल उसी कार्यक्रम से शाम को घर लौटा था और फिर अपनी मोटरसाइकल ले कर निकल गया। घरवालों के मुताबिक, उसके मोबाइल फोन पर फोन करने पर किसी ने लाइन काट दी थी। देर रात उसकी मोटरसाइकिल एक तालाब के किनारे में बरामद हो गई। लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद सुबह उसका शव हाइ टेंशन टावर से लटकता पाया गया।
राज्य के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून और व्यवस्था) अनुज शर्मा ने बताया कि दोनों हत्याओं की सीआईडी जांच के आदेश दे दिए गए हैं। इस बीच, तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता डेरेक ओ ब्रायन ने कहा है कि इन हत्याओं के विभिन्न पहलुओं की जांच की जानी चाहिए।
इसमें भाजपा, बजरंग दल और सीमा पार यानी झारखंड में सक्रिय माओवादियों की भूमिका की जांच भी जरूरी है। इससे पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे और सांसद अभिषेक बनर्जी ने तीन दिन पहले हुई त्रिलोचन महतो की हत्या को भाजपा और बजरंग दल के आपसी संघर्ष का नतीजा बताया था।