तेलंगाना: आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में आरोपी टीआरएस विधायक का बेटा गिरफ्तार, तीन जनवरी से था फरार
वनमा राघवेंद्र राव तीन जनवरी को 43 वर्षीय व्यवसायी रामकृष्ण, उनकी पत्नी और जुड़वां बेटियों की कथित आत्महत्या के मामले में उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से फरार हो गया था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
तेलंगाना के भद्राद्री कोठागुडेम जिले में एक व्यापारी और उसके परिवार के तीन सदस्यों को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में पुलिस ने शनिवार को सत्तारूढ़ टीआरएस विधायक वनमा वेंकटेश्वर राव के बेटे वनमा राघवेंद्र राव को गिरफ्तार कर लिया है। उसे आंध्र प्रदेश के चिंतालापुडी गांव से पुलिस ने गिरफ्तार किया, बाद में उसे तेलंगाना के कोठागुडेम लाया गया। इससे पहले पुलिस ने वनमा राघवेंद्र राव को हिरासत में लिया था। वनमा राघवेंद्र राव तीन जनवरी को 43 वर्षीय व्यवसायी रामकृष्ण, उनकी पत्नी और जुड़वां बेटियों की कथित आत्महत्या के मामले में उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से फरार हो गया था।
सुसाइड नोट व वीडियो हुआ था वायरल
मामला हैदराबाद के एक व्यापारी एमनागा रामकृष्ण की आत्महत्या का है। सोमवार को ओल्ड पालोनचा आवास पर आत्महत्या करने के बाद से ही मृतक द्वारा लिखा सुसाइड नोट और एक वीडियो वायरल हो गया। इस वीडियो में पीड़ित ने विधायक के बेटे पर अपनी पत्नी के बारे में अपमानजनक टिप्पणी करने और उसे ऐसा कदम उठाने के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया। इसके बाद विधायक के बेटे की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की जा रही है। टीआरएस विधायक के बेटे का नाम सामने आने के बाद सियासत शुरू हो गई है।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 306 (आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत मामला दर्ज किया था। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि तत्काल प्रभाव से आठ टीमों का गठन किया गया था, जो कोठागुडेम तेलंगाना राष्ट्र समिति (TRS) के विधायक के बेटे को तलाश कर रही थीं।
विपक्षी दलों ने कही यह बात
घटना की निंदा करते हुए तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी, भाजपा और वाम दलों समेत कई राजनीतिक दलों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। कई विपक्षी दलों ने गुरुवार को रैलियां निकालीं और नारे लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। राज्य में कई जगह दुकानें भी बंद रहीं। इस घटना पर टीआरएस विधायक ने एक पत्र में कहा कि वह और उनका परिवार रामकृष्ण आत्महत्या मामले और उनके बेटे से कथित रूप से जुड़ी अन्य घटनाओं में पुलिस और न्यायपालिका का सहयोग करेंगे।
वनमा राघवेंद्र टीआरएस से निलंबित
वहीं, शुक्रवार को तेलंगाना राष्ट्र समिति (TRS) ने वनमा राघवेंद्र राव को पार्टी से निलंबित कर दिया। पार्टी सूत्रों ने कहा कि मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव, जो टीआरएस अध्यक्ष भी हैं, के निर्देशों के बाद, पार्टी नेतृत्व ने वनमा राघवेंद्र राव को उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों के मद्देनजर निलंबित कर दिया। उन्होंने बताया कि निलंबन आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किए जाएंगे।