Updates: भारत-पाकिस्तान क्रिकेट विश्व कप मैच के फर्जी टिकट बेचने के आरोप में चार गिरफ्तार; पढ़ें अहम खबरें
अहमदाबाद शहर की अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त चैतन्य मांडलिक के मुताबिक, शुरुआती जांच से पता चला कि आरोपियों ने पहले मैच का एक टिकट खरीदा। फिर एक आरोपी की दुकान पर फोटोशॉप सॉफ्टवेयर का उपयोग करके उस टिकट की स्कैन की गई कॉपी को संपादित करने के बाद लगभग 200 फर्जी टिकट प्रिंट किए।
विस्तार
गुजरात के अहमदाबाद शहर में पुलिस ने भारत-पाकिस्तान क्रिकेट विश्व कप मैच के 50 नकली टिकट छापने और लोगों को तीन लाख रुपये में बेचने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि चारों आरोपियों में से तीन 18 वर्ष के हैं, जबकि चौथा 21 वर्ष का है। भारत बनाम पाकिस्तान विश्व कप 2023 का मैच 14 अक्तूबर को अहमदाबाद के मोटेरा इलाके में स्थित नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा।
अहमदाबाद शहर की अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त चैतन्य मांडलिक के मुताबिक, शुरुआती जांच से पता चला कि आरोपियों ने पहले मैच का एक टिकट खरीदा। फिर एक आरोपी की दुकान पर फोटोशॉप सॉफ्टवेयर का उपयोग करके उस टिकट की स्कैन की गई कॉपी को संपादित करने के बाद लगभग 200 फर्जी टिकट प्रिंट किए।
पुलिस उपायुक्त चैतन्य मांडलिक ने बताया कि पुलिस ने सभी 200 टिकट बरामद कर लिए हैं, जिनमें वे 50 टिकट भी शामिल हैं, जो युवकों ने सोशल मीडिया पर अपने संपर्कों का उपयोग करके बेचे थे। आरोपियों की पहचान जयमीन प्रजापति (18), ध्रुमिल ठाकोर (18), राजवीर ठाकोर (18) और कुश मीणा (21) के रूप में हुई है। ये सभी अहमदाबाद अथवा गांधीनगर के विभिन्न इलाकों के रहने वाले हैं।
मणिपुर में मोबाइल इंटरनेट पर पाबंदी 16 तक बढ़ी
मणिपुर सरकार ने राज्य में मोबाइल इंटरनेटर सेवाओं पर पाबंदी 16 अक्तूबर की शाम तक के लिए बढ़ा दी है। इस संदर्भ में बुधवार को जारी आदेश में कहा गया कि यह निर्णय राष्ट्र विरोधी और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों को विफल करने तथा शांति और सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने, जीवन के नुकसान को रोकने के लिए लिया गया है। पाबंदी की अवधि बुधवार को खत्म हो रही थी। राज्य में 3 मई से ही मोबाइल इंटरनेट पर रोक है। हालांकि 23 सितंबर को मोबाइल इंटरनेट को बहाल किया गया था लेकिन हिंसा को देखते हुए 26 सितंबर को फिर से लागू कर दिया गया था।
वायुसेना के हेलिकॉप्टर की असम में दो बार आपात लैंडिंग हुई
भारतीय वायु सेना (आईएएफ) के एक हेलीकॉप्टर को बुधवार को असम के धुबरी जिले में और फिर कुछ देर बाद बारपेटा में आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी। एक रक्षा अधिकारी के अनुसार, कुछ कर्मियों को लेकर हेलिकॉप्टर कुछ काम के लिए धुबरी गया था। हेलिकॉप्टर में दो पायलट थे और वे दोनों ठीक हैं।