फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Todays News Update LDF declares candidate for Puthupalli assembly bypoll JDS worker attacked in Mandya

Updates: LDF ने पुथुपल्ली विधानसभा उपचुनाव के लिए घोषित किया उम्मीदवार; मांड्या में JDS कार्यकर्ता पर हमला

Sat, 12 Aug 2023 10:19 PM IST
नितिन गौतम न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बंगलुरू
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बंगलुरू Published by: नितिन गौतम Updated Sat, 12 Aug 2023 10:19 PM IST
सार

कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) ने इस जिले के पुथुपल्ली निर्वाचन क्षेत्र में उम्मीदवार के रूप में ओमन चांडी के बेटे चांडी ओमन को मैदान में उतारा है।

विज्ञापन
Todays News Update LDF declares candidate for Puthupalli assembly bypoll JDS worker attacked in Mandya
कांग्रेस ने ओमान चांडी के बेटे को चुनाव मैदान में उतारा है - फोटो : सोशल मीडिया

विस्तार

केरल के सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) ने शनिवार को पुथुपल्ली विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए डीवाईएफआई नेता जैक सी थॉमस को अपना उम्मीदवार घोषित किया। इस सीट से पूर्व मुख्यमंत्री और अनुभवी कांग्रेस नेता ओमन चांडी विधायक थे। वे पांच दशकों से अधिक समय से इस सीट का प्रतिनिनिधित्व कर रहे थे।
विज्ञापन


पुथुपल्ली सीट पर उम्मीदवार का एलान
थॉमस सीपीआई (एम) की जिला समिति के सदस्य भी हैं। उनकी उम्मीदवारी की घोषणा पार्टी के राज्य सचिव एम वी गोविंदन ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में की। कैंसर से पीड़ित ओमन चांडी के निधन के कारण इस सीट पर उपचुनाव हो रहा है। कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) ने इस जिले के पुथुपल्ली निर्वाचन क्षेत्र में उम्मीदवार के रूप में ओमन चांडी के बेटे चांडी ओमन को मैदान में उतारा है। मतदान 5 सितंबर को होगा और नतीजे 8 सितंबर को घोषित किए जाएंगे।
विज्ञापन

 
जेडीएस कार्यकर्ता पर हमला
वहीं, दूसरी ओर कर्नाटक के मांड्या में अज्ञात बदमाशों ने जनता दल (सेक्युलर) के एक कार्यकर्ता पर कथित तौर पर चाकू से हमला किया। उन्होंने बताया कि पीड़ित जद(एस) कार्यकर्ता की पहचान अप्पू गौड़ा के रूप में की गई है। मद्दूर पुलिस के अनुसार, स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पीड़ित को हमलावरों के चंगुल से बचाया। पीड़ित को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन


बंगलुरू के होटल में धमाका, तीन घायल
बंगलुरू के एक होटल में बॉयलर फटने से हुए धमाके में तीन लोग घायल हो गए हैं। खबर के अनुसार, घटना नगरबावी इलाके में स्थित एक होटल में शनिवार दोपहर को हुई। बॉयलर फटने से घायल हुए लोगों की पहचान एश्वर्य (19 साल), रवि कुमार (20 वर्षीय) और कार्तिक (18 वर्षीय) के रूप में हुई है। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

कर्नाटक में गोरक्षक पर लगा गुंडा एक्ट, गिरफ्तार
पशु ट्रांसपोर्टरों और गोवध करनेवालों से अवैध वसूली के आरोप में एक गोरक्षक पर कर्नाटक में सख्त गुंडा एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शनिवार को बताया कि केंद्रीय अपराध शाखा ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। बंगलूरू में रह रहे हासन जिले के मूल निवासी पुनीथ केरेहल्ली पर शुक्रवार देर रात मामला दर्ज किया गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक, पुनीथ के खिलाफ राज्य के विभिन्न थानों में 10 मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उस पर गुंडा एक्ट के तहत मामला दर्ज करने के आदेश में कहा, यह व्यक्ति ‘राष्ट्र रक्षणा पदे’ (राष्ट्र सुरक्षा बल) के नाम पर जबरन वसूली के उद्देश्य से आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। उसकी गतिविधियों से समाज में शांति और सद्भाव को खतरा पैदा होता था।

पंचायत चुनावों में हुई हिंसा में टीएमसी कार्यकर्ता नहीं, भाजपा के गुंडे शामिल थे : शशि पंजा
 पश्चिम बंगाल में ममता सरकार में मंत्री शशि पंजा ने शनिवार को आरोप लगाया कि जुलाई में हुए पंचायत चुनावों में तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता नहीं बल्कि भाजपा के गुंडे शामिल थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर पंचायत चुनावों में हिंसा करने का आरोप लगाया था।

मंत्री शशि पंजा ने कहा कि भाजपा पंचायत चुनाव नहीं जीत सकी, क्या इसलिए आतंक और धमकी का आरोप लगाया जा रहा है। पश्चिम बंगाल में हुई हिंसा में भाजपा के लोग शामिल थे। उन्होंने कहा कि टीएमसी सरकार पर लगाए गए प्रधानमंत्री के आरोप झूठे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार विभिन्न योजनाओं के तहत पश्चिम बंगाल को उसके वित्तीय बकाए से वंचित कर रही है। 

महिला नेता की आत्महत्या के बाद भाजपा सदस्य को निष्कासित किया गया
असम में सत्तारूढ़ भाजपा ने एक महिला नेता की कथित आत्महत्या के मामले में नाम सामने आने के बाद शनिवार को अपने एक सदस्य को पार्टी से बाहर कर दिया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भाबेश कलिता ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निष्कासित करने का आदेश दिया। पुलिस ने इस बारे में बताया कि भाजपा किसान मोर्चा की एक नेता ने शुक्रवार को अपने गुवाहाटी स्थित आवास पर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी। 

जांच के दौरान, प्रारंभिक रिपोर्टों में पता चला था कि उसने नींद की अधिक मात्रा में गोलियां ले लीं, जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं, भाजपा सूत्रों का कहना है कि महिला नेता की पार्टी के एक अन्य नेता के साथ अंतरंग तस्वीरें सामने आने के बाद उन्हें यह कदम उठाना पड़ा। पुलिस ने कहा कि अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर लिया गया है और अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।

गोवा: महिला पुलिस अधिकारी का अपमान करने, गाली देने के आरोप में व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज  
वहीं, गोवा में पुलिस ने शनिवार को एक व्यक्ति के खिलाफ महिला पुलिस अधिकारी का अपमान करने और दुर्व्यवहार करने और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने का मामला दर्ज किया।

पुलिस उपाधीक्षक जिवबा दलवी ने बताया कि कोलवेल पुलिस ने उत्तरी गोवा के सरसैम गांव के लिंडन सेक्वेरा नामक व्यक्ति के खिलाफ ऑन-ड्यूटी महिला पुलिस अधिकारी का अपमान करने और दुर्व्यवहार करने का मामला दर्ज किया है। उन्होंने कहा कि आरोपी ने न केवल पुलिस अधिकारी के साथ दुर्व्यवहार किया बल्कि इसकी वीडियोग्राफी भी की और क्लिप को सोशल मीडिया पर शेयर किया। उन्होंने कहा कि आरोपियों को पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा। 

 हैदराबाद हवाईअड्डे पर 4.86 करोड़ का आठ किलोग्राम सोना बरामद, चार गिरफ्तार
 हैदराबाद सीमा शुल्क ने शनिवार को राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर चार यात्रियों के पास से 4.86 करोड़ रुपये मूल्य का आठ किलोग्राम सोना जब्त किया। अधिकारियों ने बताया कि पहले मामले में, बैंकॉक से आए एक यात्री के पतलून में 2 किलो कटी हुईं सोने की छड़ें मिलीं। इनकी कीमत 1,21,34,000 रुपये है। इसी तरह, दूसरे मामले में 1.78 किलो कटी हुई सोने की छड़ें, जिनकी कीमत 1,08,81,165 रुपये है, को बैंकॉक से उसी उड़ान से आए एक अन्य यात्री के कपड़ों से जब्त किया गया। तीसरे मामले में, शारजाह से आए एक यात्री से पेस्ट के रूप में 1,31,77,524 रुपये मूल्य का सोना बरामद किया गया। इसी तरह, चौथे मामले में, दुबई से आए एक यात्री के अंतर्वस्त्रों में पेस्ट के रूप में 2.05 किलो सोना मिला, जिसकी कीमत 1,24,31,283 रुपये है। चारों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

कोलकाता में भी जब्त किया गया सोना
उधर, कोलकाता हवाईअड्डे पर भी शुक्रवार रात एक किलो से ज्यादा सोना जब्त किया गया। अधिकारियों ने बताया कि रात में बैंकॉक से लौटी एक महिला यात्री ने अपने शरीर में करीब 449 ग्राम सोना छिपाया था। इसका मूल्य 26 लाख रुपये से अधिक है। वहीं अबू धाबी से लौटे एक यात्री की पैंट की जेब से 29 लाख रुपये से अधिक का 542 ग्राम सोना जब्त किया गया।


ओडिशा: केंद्रपाड़ा में बिजली गिरने से 16 छात्र घायल  
ओडिशा के केंद्रपाड़ा जिले में एक सरकारी स्कूल के सोलह छात्र शनिवार को बिजली गिरने से घायल हो गए। पुलिस ने इस घटना के बारे में जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि ये हादसा गारदपुर ब्लॉक में कुदानगरी आदर्श विद्यालय के पास स्थित छात्रावास में हुआ। वहीं पास में 11 केवी बिजली लाइन पर बिजली गिरी। उसका प्रभाव इतना जोरदार था कि स्कूल के छात्रावास के एक कमरे में मौजूद छात्रों को भी झटके लगे। घायल छात्रों में दो लड़के और 14 लड़कियां थीं। वे सभी कक्षा 6 और 7 के छात्र थे। घायल छात्रों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया और फिलहाल वे सभी खतरे से बाहर हैं।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed