फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   today news updates rahul gandhi pays tribute to rajiv gandhi on his birth anniversary usa israel

News Updates: जमशेदपुर से उड़ा प्रशिक्षण विमान लापता, तलाश जारी; पुणे पोर्श हादसा मामले में दो और गिरफ्तारियां

Tue, 20 Aug 2024 03:45 PM IST
नितिन गौतम न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: नितिन गौतम Updated Tue, 20 Aug 2024 03:45 PM IST
विज्ञापन
today news updates rahul gandhi pays tribute to rajiv gandhi on his birth anniversary usa israel
न्यूज अपडेट - फोटो : Amar Ujala

झारखंड के जमशेदपुर स्थित सोनारी एयरपोर्ट से मंगलवार सुबह उड़ान भरने के बाद दो सीटों वाला एक प्रशिक्षण विमान लापता हो गया। अधिकारियों ने बताया कि अलकेमिस्ट एविएशन के इस विमान में पायलट के अलावा एक प्रशिक्षु सवार था। हवाई अड्डा प्रबंधन ने पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला जिला प्रशासन की मदद से तलाश अभियान चलाया, लेकिन देर शाम तक उसका कोई पता नहीं चल सका। विमान के क्रैश होने की आशंका जताई जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि विमान ने सुबह करीब 11 बजे उड़ान भरी थी और 15 मिनट बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल से उसका संपर्क टूट गया। पूर्वी सिंहभूम की उपायुक्त अनन्या मित्तल ने बताया कि विमान को आखिरी बार सरायकेला-खरसावां जिले के निमडीह के पास देखा गया था। उन्होंने बताया कि पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों के प्रशासन, पुलिस और वन विभाग विमान की तलाश कर रहे हैं। निमडीह के आसपास के इलाकों के अलावा पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में भी तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

विज्ञापन
पोर्श कार दुर्घटना: ब्लड सैंपल बदलने के मामले में दो और गिरफ्तार
महाराष्ट्र के पुणे में करोड़ों की कार पोर्श से कुचल कर हुई दो युवाओं की मौत के मामले में खून के नमूनों की अदला-बदली के सिलसिले में दो और लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि सोमवार देर रात दोनों की गिरफ्तारी के साथ ही पोर्श कार दुर्घटना मामले में गिरफ्तार लोगों की संख्या बढ़कर नौ हो गई है। पुणे पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने मंगलवार सुबह कहा, कार में नाबालिग आरोपी के साथ मौजूद दो नाबालिगों के खून के नमूनों की अदला-बदली इन दो व्यक्तियों के खून के नमूनों से की गई थी। इनमें से एक नमूना उसके पिता के साथ जबकी दूसरे नमूना किसी और व्यक्ति के साथ बदला गया था। बता दें कि 19 मई की सुबह पुणे के कल्याणी नगर इलाके में शराब के नशे में नाबालिग ने अपनी कार से मोटरसाइकिल सवार दो आईटी पेशेवरों को टक्कर मार दी थी, जिसमें दोनों की मौत हो गई थी। लड़के के पिता नामचीन बिल्डर हैं।
विज्ञापन


पेड़ गिरने से 3 बच्चों की मौत
झारखंड के लातेहार जिले में मंगलवार शाम घर की छत पर पेड़ गिरने से एक ही परिवार के तीन बच्चों की मौत हो गई। हेरहंज थाना प्रभारी विक्रम कुमार ने बताया कि घटना हेरहंज थाना क्षेत्र के बंदरलौरिया गांव में हुई। तीनों बच्चे अपने घर के बाहर खेल रहे थे, तभी आंधी आ गई। बच्चे घर लौट आए, लेकिन तभी एक बड़ा पेड़ घर पर गिर गया, जिससे छत ढह गई। हादसे में तीनों बच्चों की मौत हो गई। गांव के प्रधान अनिल उरांव ने कहा कि घटना के वक्त घर में कोई भी वयस्क मौजूद नहीं था। बच्चों की पहचान अंशु कुमारी (10), रश्मि कुमारी (पांच) और लकी भुइयां (तीन) के रूप में हुई है। उरांव ने बताया कि अंशु और लकी भाई-बहन थे, जबकि रश्मि उनकी चचेरी बहन थी।
विज्ञापन
विज्ञापन


पूर्व प्रधानमंत्री की जयंती पर श्रद्धांजलि
आज राजीव गांधी की जयंती है। इस मौके पर कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी राजीव गांधी को श्रद्धांजलि देने उनके समाधि स्थल वीर भूमि पहुंचे। राहुल गांधी ने भारी बारिश के बीच अपने दिवंगत पिता को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान रॉबर्ट वाड्रा और उनके बेटे भी साथ रहे। 
 

नई दिल्ली पहुंचे बुरुंडी के उपराष्ट्रपति, भारत-अफ्रीका बिजनेस कॉन्कलेव में होंगे शामिल

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने नई दिल्ली में बुरुंडी के उपराष्ट्रपति प्रॉस्पर बजोम्बांजा से मुलाकात की। रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया पर साझा एक ट्वीट में लिखा कि, '19वें सीआईआई भारत-अफ्रीका बिजनेस कॉन्क्लेव के लिए नई दिल्ली पहुंचने पर बुरुंडी के उपराष्ट्रपति प्रॉस्पर बज़ोम्बांजा का हार्दिक स्वागत है। उनकी यात्रा से हमारे दोनों देशों के बीच साझेदारी और मजबूत होगी।'

नकली शराब पीने से 14 लोग बीमार

ओडिशा के गंजाम जिले में कथित तौर पर 'नकली' शराब पीने से कम से कम 14 लोग बीमार पड़ गए। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि यह घटना सोमवार देर रात चिकिता इलाके के माउंडपुर गांव में हुई। सभी पीड़ित करबलुआ गांव के रहने वाले हैं। देशी शराब पीने से उनमें कुछ लोगों को बेचैनी और उल्टी होने लगी। उन्हें चिकिता स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।

पुलिस के मुताबिक 14 लोगों को एमकेसीएच मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने बताया कि 12 लोगों का मेडिसिन वार्ड में उपचार किया जा रहा है, जबकि दो मरीजों को गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती कराया गया है। आबकारी आयुक्त नरसिंह भोल और गंजाम के जिलाधिकारी दिव्यज्योति परिदा ने अस्पताल का दौरा किया। जिलाधिकारी ने कहा, 'अवैध शराब बेचने के आरोप में कुछ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। शराब के नमूने एकत्र कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।' इस दौरान कांग्रेस विधायक ताराप्रसाद बहिनीपति ने ग्रामीण क्षेत्रों में देशी शराब की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की है।

नागपुर में सड़क दुर्घटना में दो भाइयों की मौत

महाराष्ट्र के नागपुर जिले के कमलेश्वर तालुका में एक भीषण सड़क हादसे में दो भाइयों की ट्रक से कुचलकर मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी देते हुए बताया कि हादसा बेहद भयावह था जिसमें दोनों भाइयों के सिर धड़ से अलग हो गए थे। कमलेश्वर पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना सोमवार शाम करीब साढ़े सात बजे सेलू गांव के पास हुई। उन्होंने बताया कि पीड़ितों की पहचान अस्तिकला गांव के निवासी संदीप चंद्रभान कांडे (34) और उसके 28 वर्षीय भाई प्रवीण के रूप में हुई है।

अधिकारी ने बताया, 'संदीप मध्य प्रदेश के पचमढ़ी गया था। कमलेश्वर लौटते समय उसका भाई प्रवीण उसे लेने गया। दोनों भाइयों के दोपहिया वाहन से घर लौटते वक्त यह हादसा हुआ।' उन्होंने बताया कि डिवाइडर में एक छोटी जगह से सड़क पार करने की कोशिश करते समय वह विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गए। टक्कर लगने के कारण दोनों अपने दोपहिया वाहन से गिर गए और ट्रक के पहियों से कुचल गए।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों के सिर धड़ से अलग हो गए। ट्रक चालक घटनास्थल से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। अधिकारी ने बताया कि दोनों भाइयों के क्षत-विक्षत शवों को पोस्टमार्टम के लिए स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। अधिकारी ने बताया कि ट्रक चालक के खिलाफ 'हिट-एंड-रन' का मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।
 

महाराष्ट्र में अवैध तरीके से रह रहीं पांच बांग्लादेशी महिलाएं गिरफ्तार

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में मीरा रोड से पुलिस ने अवैध रूप से रह रहीं पांच बांग्लादेशी महिलाओं को गिरफ्तार किया है। ये महिलाएं बगैर अनुमति और बिना वैध दस्तावेजों के भारत में रह रहीं थी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई मीरा भयंदर-वसई विरार आयुक्तालय के मानव तस्करी रोधी प्रकोष्ठ ने की।

सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध) मदन बल्लाल ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि मीरा रोड इलाके में कुछ बांग्लादेशी नागरिक अवैध रूप से रह रहे हैं, जिसके बाद शनिवार को दो झुग्गियों में छापेमारी की गई। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान पांच बांग्लादेशी महिलाओं को पकड़ा गया जो पूछताछ के दौरान देश में रहने के लिए कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकीं।

पुलिस ने बताया कि उनके खिलाफ मीरा रोड और नया नगर थानों में पासपोर्ट (भारत में प्रवेश) अधिनियम और विदेशी अधिनियम के प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है एवं मामले की जांच चल रही है।

केंद्रीय मंत्री ने तमिलनाडु सरकार पर लगाए आरोप

केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन ने कहा, 'कृष्णागिरी में एक स्कूली छात्रा के साथ दुष्कर्म की घटना बहुत निंदनीय है। कल कोयंबटूर में भी ऐसी ही घटना हुई। तमिलनाडु सरकार को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए और सभी दोषियों को कानून के तहत सजा देनी चाहिए। कोलकाता में एक बड़ी घटना हुई है। चूंकि राज्य सरकार ने वहां उचित कार्रवाई नहीं की, इसलिए मामला सीबीआई जांच के लिए चला गया। राज्य सरकार को डॉक्टरों को उचित सुरक्षा प्रदान करनी चाहिए। केंद्र सरकार ने राज्य सरकार को तत्काल कार्रवाई करने के लिए एक परिपत्र भेजा है।'
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed