फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   today news updates in hindi karnataka government ban hookah sri lanka navy detained indian fishermen

News Updates: कर्नाटक में सरकार ने हुक्का पर लगाया प्रतिबंध; श्रीलंकाई नौसेना ने पकड़े 19 भारतीय मछुआरे

Thu, 08 Feb 2024 11:43 PM IST
नितिन गौतम न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: नितिन गौतम Updated Thu, 08 Feb 2024 11:43 PM IST
सार

सर्वे में बताया गया कि कर्नाटक के 22 प्रतिशत युवा तंबाकू का सेवन करते हैं, जिनमें 8.8 प्रतिशत नशे के आदी हैं। डब्लूएचओ की रिपोर्ट के अनुसार, 23.9 प्रतिशत युवा सार्वजनिक स्थानों पर तंबाकू के धुएं के संपर्क में आ रहे हैं। 

विज्ञापन
today news updates in hindi karnataka government ban hookah sri lanka navy detained indian fishermen
News Updates - फोटो : AMAR UJALA

विस्तार

कर्नाटक सरकार ने पूरे राज्य में हुक्का पर प्रतिबंध लगा दिया है। सरकार ने सार्वजनिक स्वास्थ्य और युवाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला किया है। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने वैश्विक व्यस्क तंबाकू सर्वे 2016-17 का डाटा जारी किया था। इसी के आधार पर कर्नाटक सरकार ने हुक्का पर बैन लगाने का फैसला किया है। सर्वे में बताया गया कि कर्नाटक के 22 प्रतिशत युवा तंबाकू का सेवन करते हैं, जिनमें 8.8 प्रतिशत नशे के आदी हैं। डब्लूएचओ की रिपोर्ट के अनुसार, 23.9 प्रतिशत युवा सार्वजनिक स्थानों पर तंबाकू के धुएं के संपर्क में आ रहे हैं। 
विज्ञापन

 

श्रीलंकाई नौसेना ने तमिलनाडु के 19 मछुआरों को हिरासत में लिया

श्रीलंकाई सेना ने तमिलनाडु के 19 मछुआरों को हिरासत में लिया है। ये मछुआरे रामेश्वरम के निवासी हैं, जो समुद्र में डेल्फ्ट आइलैंड के नजदीक मछलियां पकड़ रहे  थे। फिशरमैन एसोसिएशन ने बयान जारी कर बताया है कि श्रीलंकाई नौसेना ने दो नौकाएं भी जब्त कर ली हैं। हाल ही में यह दूसरी घटना है, जब श्रीलंकाई नौसेना ने भारतीय मछुआरों को पकड़ा है। बीते हफ्ते भी तमिलनाडु के कई मछुआरों को श्रीलंकाई नौसेना ने गिरफ्तार किया था। 
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रेस्तरां में ग्राहकों को परेशान और हंगामा करने के आरोप में डॉक्टर समेत चार के खिलाफ मामला दर्ज

गोवा के पणजी में पुलिस ने एक डॉक्टर समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोप है कि इन लोगों ने पुराने गोवा के एक रेस्तरां में हंगामा किया और अन्य ग्राहकों को परेशान किया। घटना 7 फरवरी को रात करीब 11 बजे की है। आरोपियों की पहचान डॉ. अजेया मुंढेकर, शुभम सावंत, स्वपनिल नायक और अब्राहम गायकवाड़ के रूप में हुई है। आरोपी डॉक्टर कार्डियोलॉजिस्ट हैं और पणजी के एक निजी अस्पताल में काम करते हैं। डॉक्टर ने हंगामे के दौरान रेस्तरां की टेबल तोड़ दी। अभी तक घटना की वजह का पता नहीं चला है। जांच चल रही है। 
विज्ञापन

वाईएसआरसीपी ने राज्यसभा के लिए इन तीन लोगों को बनाया उम्मीदवार
वाईएसआरसीपी ने आगामी राज्यसभा चुनावों के मद्देनजर अपने तीन उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है। पार्टी ने वाईवी सुब्बा रेड्डी, गोल्ला बाबूराव और मेदा रघुनाथ रेड्डी को राज्यसभा के लिए उम्मीदवार बनाया है। इस मौके पर आंध्र प्रदेश के सीएम वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने विजयवाडा में तीनों उम्मीदवारों से मुलाकात भी की। 

ओडिशा में 3 राज्यसभा सीटों पर चुनाव के लिए अधिसूचना जारी 

ओडिशा में तीन राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव की औपचारिक अधिसूचना गुरुवार को जारी कर दी गई। इस अधिसूचना के बाद तीन सीटों के लिए नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। अधिसूचना के मुताबिक, मतदान 27 फरवरी को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे के बीच ओडिशा विधानसभा परिसर में होगा और वोटों की गिनती उसी दिन शाम 5 बजे की जाएगी। इसमें कहा गया है कि नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 15 फरवरी है, चुनाव प्रक्रिया 29 फरवरी से पहले पूरी हो जाएगी।

महाराष्ट्रः मंदिर के लेखा अधिकारी पर छह लाख की रिश्वत लेने का आरोप, गिरफ्तार
महाराष्ट्र के धाराशिव जिले में स्थित तुलजा भवानी मंदिर के लेखा अधिकारी, सिद्धेश्वर शिंदे (39) को पुलिस ने छह लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को बताया कि भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बुधवार को एक ठेकेदार की शिकायत पर यह कार्रवाई की। दरअसल, यह मामला तुलजा भवानी मंदिर ट्रस्ट द्वारा संचालित एक स्थानीय सैनिक स्कूल से जुड़ा है।

पुलिस ने कहा कि शिकायतकर्ता के मुताबिक, उसे स्कूल में विकास कार्य के लिए 3.88 करोड़ रुपये का ठेका मिला था। उसने 90 फीसद काम पूरा भी कर लिया है। वहीं, शिंदे अब तक ठेकेदार के दो करोड़ रुपये से अधिक के बिलों की जांच और भुगतान कर चुका है। हालांकि, उसने शेष राशि जारी करने और 34.6 लाख रुपये की सुरक्षा जमा राशि वापस करने की एवज में उससे 10 लाख रुपये की मांग की। बातचीत के बाद शिंदे ने रकम घटाकर छह लाख कर दी थी।

पुलिस ने शिंदे के खिलाफ तुलजापुर थाने में मामला दर्ज किया है। अब जल्द ही उसे अदालत में पेश किया जाएगा।

पश्चिम बंगाल में रूपनारायण नदी में पलटी नाव, पांच लोग लापता
पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले में गुरुवार रात रूपनारायण नदी में एक नाव के पलटने से पांच लोग लापता हो गए। पुलिस और स्थानीय प्रशासन रेस्क्यू ऑपरेशन कर रहे हैं। पुलिस ने बताया कि हावड़ा जिले  के 19 लोगों का समूह पिकनिक के लिए पश्चिम मेदिनीपुर जिले के दासपुर के ट्राइबेनी पार्क गया था। जब वे घर लौट रहे थे तो बीच नदी में नाव पलट गई। चीख-पुकार सुनकर अन्य नाव मौके पर पहुंचीं। कई लोगों को बचाया गया। लेकिन पांच लोगों का पता नहीं चल सका है, जिनकी तलाश जारी है। हावड़ा जिलाधिकारी ने बताया कि दुर्घटना की जानकारी मिलने के बाद आपदा प्रबंधन की दो टीमें और अन्य सुरक्षा कर्मियों को बचाव कार्य के लिए भेजा गया। बचाव कार्य जारी है। सुरक्षित बचाए गए लोगों में से कुछ को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों में भेजा गया।
 

रॉयल बंगाल टाइगर ओडिशा के सिमिलिपाल में मृत पाया गया  
ओडिशा के मयूरभंज जिले के सिमिलिपाल टाइगर रिजर्व में रॉयल बंगाल टाइगर का शव मिला। एक अधिकारी ने गुरुवार को यह जानकारी दी।रिजर्व के क्षेत्र निदेशक प्रकाश चंद गोगिनेनी ने कहा कि लगभग 3.5 साल के नर बाघ का शव 5 फरवरी को मुख्य क्षेत्र में एक नाले के पास पाया गया था। उन्होंने बताया कि गश्त के दौरान वन रक्षकों को टाइगर का शव मिला था। उन्होंने बताया कि शव की पोस्टमार्टम जांच पूरी हो चुकी है।शव के नमूने परीक्षण के लिए विभिन्न प्रयोगशालाओं में भेजे गए हैं।

पंचायत चुनाव में हत्या के आरोपी पूर्व टीएमसी विधायक गिरफ्तार
तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक अराबुल इस्लाम को कोलकाता पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने गुरुवार को इस्लाम को गिरफ्तार किया था। पूर्व विधायक के खिलाफ पिछले वर्ष जून में पंचायत चुनाव के दौरान एआईएसएफ नेता मोहिउद्दीन मोल्ला की गोली मारकर हत्या करने के आरोप हैं। 

एनएसए अजीत डोभाल ने ग्रीस के अपने समकक्ष से की मुलाकात
एनएसए अजीत डोभाल ने गुरुवार को नई दिल्ली में ग्रीस के एनएसए डॉ. अथानासियोस एनटोकोस से मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच राष्ट्रीय सुरक्षा परिषदों के बीच संस्थागत संबंधों, वैश्विक और क्षेत्रीय सुरक्षा, साइबर, अंतरिक्ष और समुद्र के वैश्विक कॉमन्स में सहयोग सहित कई मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने भविष्य की प्रौद्योगिकियों, रक्षा, बंदरगाहों और अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी परियोजनाओं में सहयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा की।

 

मद्रास हाईकोर्ट से अन्नामलाई को झटका
मद्रास हाईकोर्ट ने राज्य भाजपा प्रमुख के अन्नामलाई को बड़ा झटका दिया है। अदालत ने नफरत फैलाने वाले भाषण मामले में उन्हें जारी किए गए समन को रद्द करने से इनकार कर दिया। अदालत ने इस दौरान कहा कि किसी व्यक्ति या समूह पर मनोवैज्ञानिक प्रभाव भी पड़ना चाहिए। घृणास्पद भाषण की परिभाषा के अंतर्गत माना जाएगा।

न्यायमूर्ति एन आनंद वेंकटेश ने अन्नामलाई की उस याचिका को खारिज करते हुए यह टिप्पणी की, जिसमें उन्होंने सलेम में एक मजिस्ट्रेट द्वारा जारी समन को रद्द करने की मांग की थी। समन वी पीयूष नाम के एक व्यक्ति की शिकायत के आधार पर जारी किया गया था। उन्होंने अन्नामलाई पर 22 अक्टूबर, 2022 को एक यूट्यूब चैनल को दिए एक साक्षात्कार में पटाखे फोड़ने के संबंध में ईसाइयों के खिलाफ नफरत फैलाने वाला भाषण देने का आरोप लगाया था।

थाने में बकरी लाने पर सब इंस्पेक्टर निलंबित, आठ कांस्टेबल का तबादला
महाराष्ट्र के लातूर जिले में उदगीर ग्रामीण पुलिस स्टेशन में एक नर बकरी लाने और उसके साथ फोटो खिंचवाने के लिए एक सब-इंस्पेक्टर को निलंबित कर दिया गया और आठ कांस्टेबलों का तबादला कर दिया गया। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीर के साथ दावा किया गया था कि क्षेत्र में अपराध दर कम करने के लिए पुलिस कर्मियों ने इसकी बलि दी। जिला पुलिस ने मामले की जांच के बाद यह कार्रवाई की। जांच में पता चला कि मामले का अंधविश्वास से कोई लेना-देना नहीं है। पुलिस ने कहा कि पुलिस थाना वर्दीधारी कर्मियों के लिए किसी जानवर के साथ फोटो खिंचवाने के लिए नहीं है।

झारखंड कोयला खदान हमले को लेकर एनआईए के बिहार में छापे, एक गिरफ्तार
2020 में झारखंड के तेतरियाखाड़ में एक कोयला खदान पर हमले से संबंधित मामले में एनआईए ने बृहस्पतिवार को बिहार में कई ठिकानों पर छापे मारे। इस दौरान 1.3 करोड़ रुपये के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। केंद्रीय एजेंसी के प्रवक्ता ने कहा कि भागलपुर और पूर्णिया में दो-दो और मधेपुरा में एक ठिकाने पर छापे मारे गए। इस दौरान एक राइफल, एक पिस्तौल, पांच मोबाइल फोन, एक हार्ड-डिस्क, आपत्तिजनक दस्तावेज और गोला-बारूद जब्त किया गया। यह मामला, दिसंबर 2020 में झारखंड के बालूमाथ पुलिस थाने में दर्ज किया गया था। इसमें आतंकी गिरोह के गुर्गों सुजीत सिन्हा, अमन साहू और अन्य कोयला खदान पर हमला करने में शामिल थे।

पुणे में मेटल यूनिट के परिसर में विस्फोट, दो की मौत, छह घायल
महाराष्ट्र के पुणे जिले में गुरुवार को एक गांव के पास बंद पड़ी मेटल यूनिट के परिसर में विस्फोट के बाद बिजली ट्रांसफार्मर सहित आस-पास के इलाकों में आग लग गई। जिससे दो लोगों की मौत हो गई और छह अन्य झुलस गए। पुलिस अधिकारी ने कहा कि इससे पहले स्थानीय लोगों ने हमें सूचित किया कि ट्रांसफार्मर में विस्फोट के बाद आसपास के इलाकों में आग फैल गई और पास की सड़क पर खड़े लोग घायल हो गए। हालांकि, ऐसा लगता है कि एक कमरे के अंदर रखी निष्क्रिय धातु इकाई में विस्फोट हुआ और आग ट्रांसफार्मर सहित अन्य स्थानों पर फैल गई। हादसे में आठ लोग झुलस गए। बाद में दो लोगों की मौत हो गई। घायलों को पुणे शहर के सरकारी ससून जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि विस्फोट किस कारण से हुआ।  

जामनगर में रिलायंस मॉल में लगी आग 
 गुजरात के जामनगर जिले में एक रिलायंस मॉल में आग लगने की घटना सामने आई है। यह मॉल मोती खावड़ी क्षेत्र में है। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।


 

पूर्व एनकाउंटर स्पेशलिस्ट प्रदीप शर्मा, पूर्व सांसद रमेश दुबे के घर आयकर का छापा
आयकर विभाग ने कर चोरी मामले में मुंबई के पूर्व एनकाउंटर स्पेशलिस्ट प्रदीप शर्मा के ठिकानों पर छापेमारी की है। विभाग की टीम बृहस्पतिवार को मुंबई पश्चिमी उपनगर में अंधेरी स्थित प्रदीप शर्मा के आवास सहित कई अन्य स्थानों पर भी तलाशी अभियान चलाया।
वहीं, अंधेरी में ही महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री और मिर्जापुर से बसपा के सांसद रहे रमेश दुबे के यहां भी टैक्स चोरी के मामले में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। प्रदीप शर्मा रिलायंस समूह के मालिक मुकेश अंबानी के आवास एंटीलिया के पास मिले विस्फोटक मामले में भी आरोपी हैं। उन पर इस मामले में गवाह मनसुख हिरेन की हत्या में साजिश रचने का मामला दर्ज किया गया था।

अयोध्या में जल्द बनेगा गुजरात सरकार का यात्री निवास, खरीदी जमीन
गुजरात सरकार ने 40 करोड़ से अयोध्या में 6929.28 स्क्वायर मीटर जमीन खरीदी है। इस पर यात्री निवास बनाया जाएगा। प्रमुख सचिव पर्यटन हारित शुक्ला का कहना है कि राम जन्मभूमि के पास ही जमीन ली गई है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने बुधवार की देर रात साबरमती रेलवे स्टेशन से अयोध्या के लिए आस्था स्पेशल ट्रेन रवाना की है। इससे पहले पर्यटन सचिव हारित शुक्ला ने उत्तर प्रदेश के पत्रकारों से गांधीनगर के महात्मा मंदिर में बात की है। प्रमुख सचिव ने कहा कि उत्तर प्रदेश के अलग-अलग शहरों से एयर कनेक्टिविटी बेहतर करने की दिशा में काम चल रहा है।

मत्स्य पालन क्षेत्र में 6,000 करोड़ का सरकार करेगी निवेश
सरकार ने प्रधानमंत्री मत्स्य किसान समृद्धि सह-योजना (पीएम-एमकेएसएसवाई) में 6,000 करोड़ से अधिक के निवेश को मंजूरी दी है। यह निवेश सभी राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों में 2023-24 से 2026-27 तक यानी अगले चार साल की अवधि में किया जाएगा। केंद्रीय मंत्रिमंडल की मंजूरी के बाद इस निवेश का इस्तेमाल राष्ट्रीय मत्स्य पालन डिजिटल प्लेटफॉर्म बनाने में भी किया जाएगा। इसका मकसद 40 लाख छोटे एवं सूक्ष्म उद्यमों को कार्य आधारित पहचान दिलाना है। सरकार के इस प्रयास से मत्स्य पालन क्षेत्र में 1.7 लाख नए रोजगार पैदा हो सकते हैं। इसमें 75,000 महिलाओं को रोजगार देने पर विशेष जोर दिया गया है।

नौ दिवसीय नौसैनिक अभ्यास 19 से, भाग लेंगे 50 देश
लाल सागर में बढ़ती सुरक्षा चिंताओं के बीच भारत 19 फरवरी से विशाखापत्तनम में नौ दिवसीय बड़े नौसैनिक अभ्यास 'मिलान' की मेजबानी करेगा। इसमें 50 से अधिक नौसेनाओं की भागीदारी की उम्मीद है। अधिकारियों ने कहा, 19 से 27 फरवरी तक चलने वाले अभ्यास में अमेरिका, जापान, ऑस्ट्रेलिया, फ्रांस, बांग्लादेश, दक्षिण कोरिया, वियतनाम, इंडोनेशिया और मलेशिया की नौसेनाएं शामिल होंगी। 

अहम फैसलों पर पीढ़ियों को होगा गर्व : मांडविया
केंद्रीय स्वास्थ और परिवार कल्याण मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि जब आजादी का स्वर्णिम काल होगा तो उनकी पीढ़ियों को गर्व होगा कि वह तीन तलाक, धारा 370 को हटाने, महिला आरक्षण, जीएसटी,और तीनों आपराधिक कानूनों में संशोधन के गवाह रहे हैं। यह इस देश की दशा और दिशा को उत्तरोत्तर विकास करने में सहायता करेगा। प्रकाश जावड़ेकर ने उच्च सदन को अनुशासन और एक मंत्री के रूप में किए गए फैसलों, जिनमें रक्षा परियोजनाएं और पर्यावरणीय मंजूरियों का विवरण रखा। केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने उच्च सदन को भारतीय राजनीति का मंदिर बताया और कहा की सदन को भविष्य में राजनीतिक एकाग्रता और समाधान के लिए समितियों के कामकाज को और सुदृढ़ करने की दशा में विचार करना चाहिए। केंद्रीय मंत्री पुरुषोत्तम रुपाला, विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन, बीजद के सस्मित पात्रा समेत अन्य ने भी अपने विचार रखे।

उदित राज ने कहा, नेहरू पर अंबेडकर की उपेक्षा करने के आरोप गलत 
कांग्रेस नेता डॉ. उदित राज ने कहा है कि पंडित नेहरू पर यह आरोप लगाना गलत है कि उन्होंने अंबेडकर की उपेक्षा की थी। उन्होंने कहा है कि सच्चाई यह है कि कांग्रेस और पंडित जवाहर लाल नेहरू ने डॉक्टर अंबेडकर को पूरा सहयोग और समर्थन किया था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेहरू पर अंबेडकर की उपेक्षा का जो आरोप लगाया है, वह भ्रामक है।

उदित राज ने गुरुवार को एक प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि अंबेडकर कांग्रेस के सदस्य नहीं थे, फिर भी उन्हें कानून मंत्री बनने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि यह गलत सूचना फैलाई जाती है कि कांग्रेस के कारण 1952 में पहले चुनाव में उनकी हार हुई। उनके अनुसार अनुभवी सीपीआई नेता एसए डांगे ने उन्हें हराया था। 

उन्होंने कहा कि आडवाणी ने ओबीसी को दिए गए आरक्षण का विरोध करने के लिए रथ यात्रा शुरू की थी। उन्होंने डॉ. मनमोहन सिंह सरकार में ओबीसी को दिए गए आरक्षण का विरोध किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि पीएम मोदी ने सचिव स्तर पर ओबीसी के कम प्रतिनिधित्व के संबंध में संसद में राहुल गांधी जी द्वारा रखे गए तथ्यों को खारिज करने की कोशिश की है। वे यह नहीं बोलते कि उन्होंने ओबीसी के लिए क्या किया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पुरुषों के संदर्भ में गलत बयान नहीं दिए जाने चाहिए।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed