फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Today News Updates 13th April North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi

Updates: भाजपा नेताओं का सीएम ममता पर बड़ा आरोप; डीजीपी बोले- मुर्शिदाबाद में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है

Sun, 13 Apr 2025 06:44 AM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: ज्योति भास्कर Updated Sun, 13 Apr 2025 06:44 AM IST
विज्ञापन
Today News Updates 13th April North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

वडोदरा के महाराजा सयाजीराव यूनिवर्सिटी ऑफ बड़ौदा में एक 19 वर्षीय इंजीनियरिंग छात्र ने अपने हॉस्टल के कॉमन रूम में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान अभिषेक शर्मा के रूप में हुई है, जो जम्मू और कश्मीर के उधमपुर का रहने वाला था। पुलिस के अनुसार, अभिषेक हाल ही में अपने पिता की मृत्यु के कारण परेशान था और अलग-थलग रहता था, जो उसके इस कदम के पीछे का कारण हो सकता है।पुलिस उपनिरीक्षक आरबी बरैया ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में अभिषेक को सुबह 6:30 बजे के आसपास कमरे की ओर जाते हुए और एक मेज और चादर का उपयोग करके खुद को फांसी लगाते हुए देखा गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया और बाद में उसके रिश्तेदार को सौंप दिया गया।

विज्ञापन


आत्महत्या के प्रयास में जहरीला पदार्थ खाने से दंपती की मौत
गुजरात के साबरकांठा जिले में एक दुखद घटना सामने आई है, जहां एक दंपत्ति ने कथित तौर पर आत्महत्या करने के प्रयास में जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उनकी मौत हो गई। मृतकों की पहचान विनू सागर (42) और उनकी पत्नी कोकिलाबेन (40) के रूप में हुई है। यह घटना वडाली कस्बे में शनिवार को हुई, जब दंपत्ति और उनके तीन बच्चे - 19 वर्षीय बेटी और 17 और 18 वर्षीय बेटे - अचानक बीमार पड़ गए। पड़ोसियों ने एंबुलेंस बुलाई और परिवार के पांच सदस्यों को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें हिम्मतनगर के सिविल अस्पताल में रेफर कर दिया गया।
विज्ञापन


सिक्किम में दुष्कर्म के आरोप में आठ लोग गिरफ्तार
सिक्किम के ग्यालशिंग जिले में एक 13 वर्षीय लड़की के साथ कथित रूप से दुष्कर्म करने के आरोप में आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें चार लड़के और चार अन्य लोग शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि लड़की को एक महिला घरेलू कामों के लिए बुलाती थी और वहां उसके साथ यौन उत्पीड़न किया जाता था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और लड़की को परामर्श और चिकित्सा उपचार दिया जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन


मुर्शिदाबाद में BSF की 5 कंपनियां तैनात
पश्चिम बंगाल में पुलिस की सहायता के लिए सीमा सुरक्षा बल (BSF) की पांच कंपनियों को तैनात किया गया है। संशोधित वक्फ कानून के मद्देनजर पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में जारी हिंसा के बीच कलकत्ता हाईकोर्ट के आदेश के बाद केंद्रीय बलों को तैनात किया गया है। आईजी साउथ बंगाल फ्रंटियर करणी सिंह शेखावत ने बताया कि बीएसएफ पुलिस के साथ समन्वय में काम करेगी और क्षेत्र में शांति बहाल करने में मदद के लिए जरूरत पड़ने पर और सुरक्षाबलों को भेजा जाएगा। हमने पुलिस की मदद के लिए अपनी पांच कंपनियां भेजी हैं। हम यहां पुलिस की मदद करने के लिए हैं, स्वतंत्र कार्रवाई के लिए नहीं। हम राज्य पुलिस की मांग और जरूरतों के अनुसार काम करेंगे। हमें उम्मीद है कि जल्द ही यहां शांति बहाल हो जाएगी। बीएसएफ हर स्थिति के लिए तैयार है।

कर्नाटक में जाति जनगणना रिपोर्ट में पिछड़ा वर्ग आरक्षण बढ़ाकर 51 प्रतिशत करने की सिफारिश
मुख्यमंत्री सिद्धरमैया की सरकार कर्नाटक में जाति जनगणना पर जोर दे रही है। मंत्रिमंडल में पेश की गई जाति जनगणना की रिपोर्ट में पिछड़े समुदायों के लिए आरक्षण 51 प्रतिशत करने की सिफारिश की गई है। मौजूदा आरक्षण 32 प्रतिशत है। समाचार एजेंसी पीटीआई पर सूत्रों के हवाले से आई रिपोर्ट के मुताबिक राज्य में पिछड़ी जातियों की जनसंख्या 70 प्रतिशत है। तमिलनाडु और झारखंड का उदाहरण देते हुए रिपोर्ट में सुझाव दिया गया है कि दोनों राज्यों में पिछड़े वर्ग की आबादी के अनुसार 69 और 77 प्रतिशत आरक्षण दिया जाता है।  इसी आधार पर कर्नाटक के शैक्षणिक संस्थानों में पिछड़े समुदायों को 51 प्रतिशत आरक्षण दिया जाना चाहिए।

मिजोरम में म्यांमार का नागरिक अरेस्ट
मिजोरम के सियाचांगकॉन (लांगतलाई) में 17.946 किलोग्राम मेथामफेटामिन टैबलेट के साथ म्यांमार के नागरिक को गिरफ्तार किया गया। असम राइफल्स की प्रवक्ता ने बताया कि असम राइफल्स ने मिजोरम के लांगतलाई जिले के सियाचांगकॉन क्षेत्र में मेथामफेटामिन की 1,80,000 टैबलेट की खेप बरामद की। यह सफलता असम राइफल्स और बुअल्पुई पुलिस के संयुक्त अभियान में मिली। जब्त किए गए मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 54 करोड़ रुपए बताई गई है। गिरफ्तार व्यक्ति और बरामद मादक पदार्थों को बुअल्पुई पुलिस चौकी को सौंप दिया गया।

Today News Updates 13th April North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू - फोटो : पीटीआई
बंगाल में एम्स कल्याणी का दीक्षांत समारोह 23 अप्रैल को, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू होंगी शामिल
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 23 अप्रैल को प. बंगाल दौरे पर आएंगी। वे यहां अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान कल्याणी (एम्स कल्याणी) में होने वाले पहले वार्षिक दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। उनके साथ ही केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा भी कार्यक्रम में शामिल होने आ रहे हैं। जानकारी के मुताबिक एम्स कल्याणी का पहला दीक्षांत समारोह 23 को होने वाला है। महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। कार्यक्रम दोपहर बाद एम्स कल्याणी के बीसी राय ऑडिटोरियम में होगा। उल्लेखनीय है कि यह एम्स कल्याणी का पहला दीक्षांत समारोह है। सूत्रों के अनुसार, दीक्षांत समारोह में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा भी शामिल होंगे। इसके अलावा कार्यक्रम में बंगाल के राज्यपाल डॉ. सीवी आनंद बोस सम्मानित अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।

भारतीय प्राणी सर्वेक्षण के वैज्ञानिकों ने खोजी झींगुर की छह नई प्रजातियां
भारतीय प्राणी सर्वेक्षण (जेडएसआई) और जर्मनी के म्यूजियम ए कोएनिग के वैज्ञानिकों ने पूर्वोत्तर भारत में छह नई बीटल (झींगुर) प्रजातियों की खोज की है। उनका यह शोध जूटाक्सा नाम की वैज्ञानिक पत्रिका में प्रकाशित हुआ है। इसमें बताया गया कि ये बीटल सेरिसिना समूह से संबंधित हैं और इन्हें जैव विविधता से भरपूर पूर्वोत्तर क्षेत्रों में पाया गया है। जेडएसआई के देवांशु गुप्ता, देबिका भुनिया. कैलाश चंद्रा सहित जर्मनी के डिर्क एहरेंस ने जेडएसआई, कोलकाता और म्यूजियम ए कोएनिग, जर्मनी में रखे गए बीटल के नमूनों का गहराई से अध्ययन किया। इस अध्ययन में मालाडेरा, नियोसेरिका और सेरिका वंश की छह नई प्रजातियां खोजी गईं। इसके साथ ही, 28 अन्य प्रजातियों को पहली बार इस क्षेत्र में दर्ज किया गया।

आईईडी विस्फोट में जवान की मौत, दूसरे की हालत गंभीर
झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में शनिवार को नक्सलियों के किए आईईडी विस्फोट में जवान की मौत हो गई और एक जवान गंभीर रूप से घायल है। कोल्हान के डीआईजी मनोज रतन चोथे ने बताया कि घटना जराइकेला थाना क्षेत्र के राधापोरा इलाके में हुई। घायल जवानों में से एक विष्णु सैनी कोबरा 203 बटालियन का है, जबकि मृतक जवान सुनील धान झारखंड जगुआर का था।

छह नक्सली गिरफ्तार, हथियार बरामद
झारखंड के लातेहर में पुलिस ने छह नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए नक्सली प्रतिबंधित संगठन तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी (टीएसपीसी) के सदस्य हैं। लातेहर के पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर शुक्रवार को हेसाबार-भांग वन क्षेत्र में एक अभियान के दौरान नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया। इनकी पहचान नारायण भोकत, आलोक यादव उर्फ अमरीश, अमित दुबे उर्फ छोटे बाबा, महेंद्र ठाकुर, इमरान अंसारी और संजय ओरांव के रूप में हुई है।

प्रख्यात कथक गुरु कुमुदिनी लाखिया का 95 की उम्र में निधन
पद्म पुरस्कारों से सम्मानित प्रख्यात कथक गुरु कुमुदिनी लाखिया (95) का अहमदाबाद में शनिवार को निधन हो गया। 1930 में जन्मीं कुमुदिनी ने सात साल की उम्र में कथक का प्रशिक्षण शुरू किया और दुनिया को इसके एक नए रूप से रूबरू कराया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके निधन पर दुख जताया और उन्हें एक सच्ची सांस्कृतिक दूत बताया।

दुष्कर्म के लिए उकसाने वाली युवती को 20 साल कैद
ओडिशा के केंद्रपाड़ा जिले की एक अदालत ने 2023 में अपनी सहपाठी के साथ सामूहिक दुष्कर्म के लिए उकसाने के आरोप में एक युवती को 20 साल कैद की सजा सुनाई। घटना के समय पीड़िता 12वीं कक्षा की छात्रा थी। पीड़िता (17) को उसकी दोषी सहपाठी ने 17 अक्तूबर, 2023 को नशीला पदार्थ मिलाकर शीतल पेय पिला दिया था। बाद में दोषी के दो साथी लड़की को कार में कटक के एक होटल में ले गए और दुष्कर्म किया। बाद में पुलिस ने युवती सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया था। अन्य दो आरोपियों का मुकदमा अभी चल रहा है।

पीएम मोदी 24 को बिहार दौरे पर, मधुबनी में करेंगे जनसभा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 24 अप्रैल को बिहार के दौरे पर रहेंगे, जहां वह मधुबनी में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। यह दौरा राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर आयोजित प्रमुख कार्यक्रम का हिस्सा होगा। इसकी मेजबानी इस बार बिहार को मिली है। प्रधानमंत्री का यह दौरा न केवल पंचायती राज के क्षेत्र में केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाएगा, बल्कि आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटे एनडीए के लिए भी रणनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है।

असम : डिब्रूगढ़ में 11 टोके गैको छिपकली जब्त, 3 तस्कर गिरफ्तार
असम पुलिस की विशेष कार्य बल ने डिब्रूगढ़ जिले में शुक्रवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 टोकै गेको छिपकली (केको साप) जब्त की और तीन तस्करों को गिरफ्तार किया। एसटीएफ ने डिब्रूगढ़ जिला पुलिस व वाइल्डलाइफ जस्टिस कमीशन, दक्षिण एशिया कार्यालय के सहयोग से मोहनबारी तिनियाली के सन फीस्ट ढाबे पर जाल बिछाया। टीम ने देखा कि दो संदिग्ध एक सफेद कार और एक अन्य मोटरसाइकिल से आए। एसटीएफ ने कार्रवाई करते हुए तीनों को हिरासत में लिया और बैग से 11 छिपकली बरामद की।

केरल: तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आने से 13 गायों की मौत
केरल के पलक्कड़ जिले में तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आने से 13 गायों की मौत हो गई। हादसा शनिवार को मीनकारा बांध के पास हुआ। पुलिस ने बताया कि इलाके में चर रहीं गायों का एक झुंड रेलवे ट्रैक को पार कर रहा था। तभी चेन्नई से पलक्कड़ जा रही एक ट्रेन गायों को रौंदते हुए निकल गई। हादसे के बाद गायों के शव रेलवे ट्रैक और उसके आप-पास बिखरे पड़े मिले। बाद में शवों को हटाकर ट्रैक खाली कराया गया।

मिजोरम में ब्रू समुदाय के लिए घर आधारित हॉस्टल बनेगा: मुख्यमंत्री
मिजोरम के मुख्यमंत्री लालदुहोमा ने शनिवार को कहा कि राज्य सरकार ब्रू समुदाय के लिए एक घर-आधारित होस्टल बनाएगी, जिससे उनकी लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होगी। ब्रू समुदाय के पारंपरिक नववर्ष उत्सव 'बोइसु महोत्सव' को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, सरकार ब्रू छात्रों की उम्मीदों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है और राज्य के विकास में समावेशिता सुनिश्चित करेगी। 

भूपेन हजारिका की जन्म शताब्दी पर सालभर कार्यक्रम आयोजित करेगी असम सरकार: हिमंत बिस्व सरमा  
भारत रत्न भूपेन हजारिका की जन्म शताब्दी को यादगार बनाने के लिए असम सरकार ने 8 सितंबर 2025 से 8 सितंबर 2026 तक सालभर कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की है। इस मौके पर देशभर में हजारिका पर आधिकारित कार्यक्रमों का आयोजन, जीवनी का प्रकाशन, स्मारक सिक्का और अन्य कई पहल की जाएंगी। यह जानकारी मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने शनिवार को कैबिनेट बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।

तमिलनाडु- तिरुवन्नामलाई के पास SUV ने सरकारी बस में टक्कर मारी, चार की मौत
तमिलनाडु पुलिस ने बताया कि रविवार तड़के स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) ने सामने से आ रही सरकारी बस को टक्कर मार दी, जिससे चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि चारों लोग पुडुचेरी जा रहे थे, जबकि बस चेन्नई से रवाना होने के बाद तिरुवन्नामलाई जा रही थी। किल्पेनथुर पुलिस स्टेशन से जुड़े एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, "यह घटना रविवार सुबह 2.45 से 3.10 बजे के बीच हुई। शुरुआती जांच से पता चलता है कि ड्राइवर को झपकी आ गई थी और वह विपरीत दिशा से आ रही सरकारी बस से टकरा गया।"

उन्होंने बताया कि टक्कर के कारण एसयूवी काफी दूर तक चली और फिर सड़क किनारे रुक गई। उन्होंने बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए तिरुवन्नामलाई के सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल भेज दिया गया है। उन्होंने कहा, "हम घटना की जांच कर रहे हैं। अभी हम पीड़ितों के बारे में जानकारी जुटा रहे हैं।"

मुर्शिदाबाद हिंसा के लिए ममत बनर्जी जिम्मेदार- लॉकेट चटर्जी

पश्चिम बंगाल में भाजपा नेता लॉकेट चटर्जी ने कहा, 'ममता बनर्जी खुलेआम कह रही हैं कि हम वक्फ बिल को स्वीकार नहीं करते, क्या पश्चिम बंगाल भारत से अलग है? उन्हें इसे (वक्फ बिल) स्वीकार करना होगा... मुर्शिदाबाद में जो कुछ भी हुआ है, पश्चिम बंगाल में सनातनियों और हिंदुओं के खिलाफ अत्याचार और लूटपाट, उसके लिए ममता बनर्जी जिम्मेदार हैं... पश्चिम बंगाल की स्थिति को देखते हुए ममता बनर्जी को इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने कहा था कि वह पश्चिम बंगाल को लंदन जैसा बना देंगी लेकिन उन्होंने इसे बांग्लादेश बना दिया है।'

'ममता बनर्जी की राजनीति धर्म के नाम पर समाज को बांटती है'

भाजपा सांसद समिक भट्टाचार्य ने कहा, 'ममता बनर्जी की राजनीति धर्म के नाम पर समाज को बांटती है। अगर ममता बनर्जी सोचती हैं कि 30% वोट पाकर वह आगामी चुनाव जीत जाएंगी, तो यह उनकी भूल है...आज हिंदू अपने परिवारों के साथ मुर्शिदाबाद से पलायन कर रहे हैं क्योंकि पुलिस उन्हें सुरक्षा नहीं दे रही है'।

मुर्शिदाबाद हिंसा- स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है- DGP

मुर्शिदाबाद हिंसा पर पश्चिम बंगाल के डीजीपी राजीव कुमार ने कहा, 'स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।'

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed