Updates: PM मोदी का मध्य प्रदेश दौरा, जबलपुर में रोड शो; बंगाल के भूपतिनगर धमाका मामले के आरोपी NIA हिरासत में
भूपतिनगर में दिसंबर 2022 में हुए विस्फोट में तीन लोगों की मौत हो गयी थी। शहर की सत्र अदालत ने दोनों आरोपियों को जमानत देने से इनकार करते हुए उन्हें 10 अप्रैल तक एनआईए की हिरासत में भेज दिया।
विस्तार
कोलकाता की एक अदालत ने भूपतिनगर विस्फोट मामले में गिरफ्तार दो लोगों को 10 अप्रैल तक राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) की हिरासत में भेज दिया।
पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले के भूपतिनगर इलाके में मनोब्रत जना और बलाई चरण मैती को गिरफ्तार करने गए एनआईए के दल पर कथित तौर पर एक भीड़ ने हमला कर दिया था।
भूपतिनगर में दिसंबर 2022 में हुए विस्फोट में तीन लोगों की मौत हो गयी थी। शहर की सत्र अदालत ने दोनों आरोपियों को जमानत देने से इनकार करते हुए उन्हें 10 अप्रैल तक एनआईए की हिरासत में भेज दिया। एनआईए के वकील श्यामल घोष ने विस्फोट के संबंध में पूछताछ करने के लिए उनकी हिरासत की मांग की थी।
सिक्किम में कार के खाई में गिरने से दो लोगों की मौत
उत्तरी सिक्किम में एक कार के खाई में गिरने से उसमें सवार दो लोगों की मौत हो गयी तथा पांच अन्य घायल हो गए। पुलिस ने शनिवार को बताया कि यह हादसा शुक्रवार रात को बोप इलाके के समीप हुआ जब कार में असम के छह पर्यटक लाचुंग से चुंगथांग जा रहे थे।
उन्होंने बताया कि चालक ने कार पर से नियंत्रण खो दिया और गाड़ी 250 फुट नीचे खाई में गिर गई। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि चालक और एक पर्यटक की मौत हो गयी जबकि पांच अन्य को चोट आयी हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी हालत स्थिर है।
महाराष्ट्र के पालघर में खड़ी कार में मिला युवक का शव
महाराष्ट्र के पालघर जिले के एक होटल में खड़ी कार में 52 वर्षीय व्यक्ति का शव मिला। पुलिस ने बताया कि शनिवार को बताया कि मृतक की पहचान वाडा इलाके के निवासी प्रभाकर ढाक के रूप में की गई। वह 3 अप्रैल से लापता हो गया था। एक अधिकारी ने कहा, ढाक की कार मनोर के पास मस्तान नाका में मिलन होटल के परिसर में मिली थी। अंदर उसका अत्यधिक क्षत-विक्षत शव मिला। मनोर पुलिस आगे की जांच कर रही है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मतुआ पंथ के संस्थापक हरिचंद ठाकुर की जयंती पर उन्हें शनिवार को श्रद्धांजलि दी और समुदाय की समृद्ध संस्कृति व योगदानों की प्रशंसा की। मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘मैं श्री श्री हरिचंद ठाकुर जी को उनकी जयंती के विशेष अवसर पर नमन करता हूं। मैं उनके आदर्शों पर खरा उतरने के लिए काम करते रहने की हमारी सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराता हूं। मैं ‘मतुआ धर्म महामेला 2024’ के लिए शुभकामनाएं भी देता हूं।’
I bow to Shree Shree Harichand Thakur Ji on the special occasion of his Jayanti. I reiterate our Government’s commitment to keep working to fulfil his ideals. I also convey my best wishes for #MatuaDharmaMahamela2024.
— Narendra Modi (@narendramodi) April 6, 2024
I am proud of the rich culture and contributions of the Matua… pic.twitter.com/GAG5CyXLYZ
प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें मतुआ समुदाय की समृद्ध संस्कृति और योगदानों पर गर्व है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने विभिन्न योजनाओं और कानूनों के जरिए इस समुदाय की कुशलक्षेम सुनिश्चित की है।
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने यह निर्णय करने के लिए चार अधिकरण गठित किए हैं कि क्या जम्मू कश्मीर में कई समूहों को विधि विरुद्ध क्रियाकलाप अधिनियम, 1967 के तहत प्रतिबंधित संगठन घोषित करने के लिए पर्याप्त आधार हैं। इन चारों अधिकरण का नेतृत्व दिल्ली उच्च न्यायालय की न्यायाधीश न्यायमूर्ति नीना बंसल कृष्णा करेंगी। कुछ अलगाववादी और आतंकवादी समूहों को 12 तथा 15 मार्च को प्रतिबंधित किया गया था। जम्मू कश्मीर नेशनल फ्रंट (जेकेएनएफ) को 12 मार्च तथा जेल में बंद अलगाववादी नेता यासीन मलिक की अगुवाई वाले जम्मू कश्मीर लिबरेशन फ्रंट को 15 मार्च को प्रतिबंधित घोषित किया गया था। इनके अलावा कुछ अन्य समूहों को भी प्रतिबंधित किया गया था।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार को मध्य प्रदेश के जबलपुर निर्वाचन क्षेत्र में एक रोड शो का नेतृत्व कर राज्य में लोकसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अभियान की शुरुआत करेंगे। पार्टी नेताओं ने शनिवार को बताया कि वह मंगलवार को बालाघाट में एक रैली को संबोधित करेंगे। भाजपा की नगर इकाई के अध्यक्ष प्रभात साहू ने बताया कि 1.2 किलोमीटर लंबे मार्ग पर रोड शो रविवार शाम को शहीद भगत सिंह चौराहे से शुरू होगा और जबलपुर के गोरखपुर इलाके में आदि शंकराचार्य चौराहे पर समाप्त होगा। पार्टी के एक अन्य नेता के मुताबिक, प्रधानमंत्री के रोड शो के दौरान आदिवासी कलाकार अपना नृत्य प्रस्तुत करेंगे। उन्होंने बताया कि जब प्रधानमंत्री गोरखपुर बाजार क्षेत्र से गुजरेंगे तो उन पर पुष्पवर्षा के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।