Latest News: पुणे में नशीली दवाओं की जब्ती मामले में पुलिस अधिकारी गिरफ्तार; EOW ने अनिल देसाई को किया तलब
महाराष्ट्र पुलिस को पुणे के पिंपरी चिंचवाड़ में एमडी ड्रग जब्ती की जांच में बड़ी सफलता मिली है। क्षेत्र में नशीली दवाओं की तस्करी में कथित संलिप्तता के लिए एक पुलिस उप-निरीक्षक को गिरफ्तार किया गया है। पिंपरी चिंचवड़ सिटी पुलिस के इंस्पेक्टर वैभव शिंगारे के मुताबिक, एंटी नारकोटिक्स सेल ने शुक्रवार को एक ड्रग्स तस्कर के पास से 42 किलो एमडी ड्रग बरामद की थी, जिसकी कीमत 42 करोड़ रुपये आंकी गई थी। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान निगडी पुलिस थाने से जुड़े एक उप-निरीक्षक की संलिप्तता मिली। गिरफ्तार किए गए पुलिस उप-निरीक्षक की पहचान विकास शेल्के के रूप में की गई है। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक बैग से 2.32 किलोग्राम मेफेड्रोन भी बरामद किया गया। अधिकारी ने कहा कि इस मामले में उप-निरीक्षक सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है और आगे की जांच चल रही है।
शिवसेना-यूबीटी नेता अनिल देसाई को समन
मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने शिवसेना (यूबीटी) के नेता अनिल देसाई को तलब किया है। देसाई को 5 मार्च को पूछताछ के लिए अधिकारियों के समक्ष पेश होने को कहा गया है। शिवसेना (एकनाथ शिंदे) का आरोप है कि चुनाव आयोग द्वारा शिंदे गुट को असली शिवसेना के रूप में मान्यता दिए जाने के बाद भी उद्धव ठाकरे गुट ने पार्टी फंड निकाल लिया। इस मामले में अनिल देसाई को समन किया गया है।
मेघालय के पूर्वी खासी हिल्स जिले में भारत-बांग्लादेश सीमा के पास अर्धसैनिक बल पर भीड़ के हमले में एक तस्कर की मौत हो गई और तीन बीएसएफ कर्मियों सहित चार अन्य घायल हो गए। बीएसएफ ने शनिवार को कहा कि घटना शुक्रवार रात दलिया गांव में हुई जब लोगों का एक समूह सामान की तस्करी के लिए भारत-बांग्लादेश सीमा के दोनों ओर एकत्रित हुआ था। छानबीन करने पहुंचे बीएसएफ की टीम पर तस्करों ने पत्थरों, धारदार हथियारों और लाठियों से हमला कर दिया। इसके बाद जवानों ने गोलीबारी की, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। झड़प में बीएसएफ के तीन जवान और एक बांग्लादेशी तस्कर घायल हो गए।
वायु सेना की सूर्य किरण एरोबेटिक टीम ने शनिवार को अरुणाचल प्रदेश के ईटानगर में एयर शो के दौरान आसमान पर शानदार प्रदर्शन किया। एयर शो में सूर्य किरण टीम के साथ सुखोई-30, राफेल और हेलिकॉप्टरों ने भी प्रदर्शन किया। वायुसेना के पायलटों ने कौशल और क्षमताओं का प्रदर्शन करते हुए आश्चर्यचकित कर देने वाली उड़ान का शानदार प्रदर्शन किया। एरोबेटिक्स टीम ने दर्शकों में जोश भर दिया और उनके दिलो-दिमाग को देशभक्ति का जज्बा पैदा किया। इस दौरान अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल, अन्य गणमान्य व्यक्ति, विभिन्न स्कूलों के बच्चे और लगभग 4000 लोग मौजूद रहे। यह एयर शो भारतीय वायुसेना के आउटरीच कार्यक्रम के रूप में आयोजित किया गया था।
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने गुवाहाटी में शनिवार को राज्य कैंसर संस्थान का लोकार्पण किया। पांच मंजिला स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट (एससीआई) में ओटी, बीएमटी, कैथ लैब, आईसीयू, एचडीयू आदि सुविधाएं हैं। नए ब्लॉक में 200 बेड हैं और पुराने ब्लॉक को मिलाकर कुल संख्या बिस्तरों की संख्या 350 हो गई है। राज्य कैंसर संस्थान विकिरण, कीमोथेरेपी, सर्जरी/रोबोटिक सर्जरी, परमाणु चिकित्सा, अस्थि मज्जा प्रत्यारोपण और अनुसंधान सेवाएं मिलेंगी। इसके अलावा, एससीआई एमआरआई, सीटी, मैमोग्राफी, डिजिटल एक्स-रे, एंडोस्कोपी, प्रयोगशाला, ब्लड बैंक और सीएसएसडी जैसी सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी। इस दौरान सरमा ने कहा कि उन्नत, जवाबदेह और सुलभ स्वास्थ्य देखभाल सुविधाएं प्रदान करना हमारी सरकार की प्राथमिकता है।
ओडिशा में पांच बार के विधायक अरबिंद धाली ने शनिवार को सत्तारूढ़ बीजद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने कहा कि वह विपक्षी भाजपा में शामिल होंगे। वह खोरधा जिले के जयदेव से विधायक हैं। धाली ने कहा कि उन्होंने अपना इस्तीफा बीजद अध्यक्ष और सीएम नवीन पटनायक को ईमेल के जरिए भेज दिया है। उन्होंने अपने इस्तीफे का कारण नहीं बताया। धाली पहली बार 1992 में भाजपा के टिकट पर उपचुनाव में मलकानगिरी सीट से विधानसभा के लिए चुने गए थे। उन्होंने लगातार दो बार यह सीट बरकरार रखी।
तमिलनाडु में ड्रग्स रैकेट की कवरेज पर द्रमुक के पदाधिकारियों ने एक तमिल चैनल के कैमरामैन को पीट दिया। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। इसके बाद पत्रकार के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज करा दी गई, जिससे नाराज पत्रकारों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। हालांकि, बाद में पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कैमरामैन के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की गई।
नौसेना 6 मार्च को लक्षद्वीप के मिनिकॉय में आईएनएस जटायु तैनात करेगी। इससे नौसेना के परिचालन क्षमता को बढ़ाने में मदद मिलेगी। कायर्क्रम में नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार भी उपस्थित रहेंगे। मिनिकॉय, लक्षद्वीप का सबसे दक्षिणी द्वीप है, जो संचार की महत्वपूर्ण समुद्री लाइनों तक फैला है। यह बेस परिचालन पहुंच को बढ़ाएगा और पश्चिमी अरब सागर में एंटी-पायरेसी एवं एंटी नारकोटिक्स ऑपरेशंस की सुविधा प्रदान करेगा। कावारत्ती में आईएनएस द्वीपरक्षक के बाद आईएनएस जटायु लक्षद्वीप में दूसरा नौसेना बेस है।
गोवा की राजधानी पणजी के पास एक आवासीय परिसर में जन्मदिन की पार्टी के दौरान पांच साल का बच्चा दक्ष मौस्कर स्विमिंग पूल में डूब गया। ओल्ड गोवा पुलिस स्टेशन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, उत्तरी गोवा के वालपोई गांव में रहने वाला बच्चा दक्ष अपने पारिवारिक मित्र का जन्मदिन मनाने के लिए अपने माता-पिता के साथ ओल्ड गोवा गांव आया था। जब क्लब हाउस में जश्न चल रहा था, तो लड़का स्विमिंग पूल में गया और उसमें गिर गया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ओडिशा के संबलपुर जिले में संत कवि भीम भोई को शनिवार को श्रद्धांजलि अर्पित की। राष्ट्रपति ने रायराखोल का दौरा किया और संत की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के साथ वह मधुपुर में कौसथी सिद्धांकरा धूनी मंडप गईं और निरंतर प्रज्वलित हवन में तेल डालकर 19वीं सदी की प्रतिष्ठित शख्सियत को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने पास के चौसठि सिद्धि आश्रम का दौरा किया। वहां राष्ट्रपति ने भिक्षुओं से संक्षिप्त चर्चा की और आश्रम के पुराने पेड़ों के बारे में जानकारी ली।
सिक्किम के नामची जिले में पूर्व विस अध्यक्ष केएन राय पर हमले के आरोप में पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक शेरिंग नामग्याल ग्यात्सो ने कहा कि हमले के आरोपियों में राज्य में सत्तारूढ़ दल एसकेएफ के कार्यकर्ताओं लक्ष्मण राय, जितेन राय और डेविड राय को कुबिंदे के जंगल से गिरफ्तार किया।
बढ़ते डिजिटल पेमेंट के साथ ही नेफ्ट ने रिकॉर्ड तोड़ दिया है। 29 फरवरी को इसके जरिये 4.10 करोड़ लेनदेन हुए हैं। आरबीआई ने बताया कि नेशनल इलेक्ट्रॉनिक फंड ट्रांसफर यानी नेफ्ट से लेनदेन का यह एक दिन का रिकॉर्ड है। आरबीआई के मुताबिक, बीते 10 सालों (2014-2023) के दौरान नेफ्ट और रियल टाइम ग्रॉस सेटलमेंट (आरटीजीएस) में वॉल्यूम के हिसाब से क्रमशः सात गुना और दो गुना की वृद्धि हुई है।
कृषि पैदावार को ऑनलाइन प्लेटफार्म के जरिये आसानी से बेहतर बाजार तक पहुंचाने का हो रहा है। इसके तहत 8,000 पंजीकृत किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) में से 5,000 को ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स (ओएनडीसी) पोर्टल से जोड़ा गया है। इससे देश के किसी भी हिस्से में किसानों को खरीदारों तक पहुंचना आसान हो जाएगा। एफपीओ का गठन कृषि क्षेत्र को आत्मनिर्भर बनाने के लिए किया गया है। इससे लागत में कमी और उत्पादकता में वृद्धि से किसानों की आय बढ़ रही है। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ गांवों में ही रोजगार के अवसर पैदा होते हैं। इस व्यवस्था को केंद्र सरकार ने 6,865 करोड़ रुपये के बजटीय प्रविधान के साथ वर्ष 2020 में शुरू किया था। इस व्यवस्था के तहत 10,000 एफपीओ बनाने का लक्ष्य है। एफपीओ के जरिये छोटे, सीमांत और भूमिहीन किसानों का बाजार से संपर्क तेजी से बढ़ा है।
वॉल्ट डिज्नी और रिलायंस इंडस्ट्रीज के बीच प्रस्तावित विलय को भारत में एंटीट्रस्ट का सामना करना पड़ सकता है। दोनों ने इसी हफ्ते 70,000 करोड़ रुपये के संभावित मूल्य के लिए विलय किया था। इसक तहत रिलायंस की वायकॉम 18 और डिज्नी की स्टार इंडिया का विलय होगा। इस मामले में कुछ वकीलों का कहना है कि विलय की गई इकाई के क्रिकेट प्रसारण अधिकारों के कारण विज्ञापनदाताओं को नकारात्मक रूप से प्रभावित कर सकता है। एम्बिट कैपिटल के विश्लेषकों के अनुसार, दोनों कंपनियों की साझेदारी से भारत के 35 फीसदी टीवी दर्शक इनके पास चले जाएंगे। डिज्नी के पास आईपीएल के प्रसारण अधिकार और आईसीसी मैचों के स्ट्रीमिंग अधिकार भी हैं।