फेसबुक को आज पूरे 13 साल हो गए हैं। अपना ये जन्मदिन फेसबुक "फ्रेंड्स डे" के तौर पर मना रहा है। बता दें कि इस वक्त फेसबुक के 1.86 बिलियन यूजर हैं।
फेसबुक ने अपने सभी यूजर के लिए "फ्रेंड्स डे" पर आधारित दिलचस्प वीडियो बनाए हैं। ये वीडियो सभी की न्यूज फीड पर दिखाई दे रही हैं। वीडियो में यूजर के दोस्तों के छोटे फोटो से बना एक नृत्य करता हुआ चित्र है।
फ्रेंड्स डे वीडियो में आपके फेसबुक फ्रेंड और फेसबुक पर शेयर की हुई आपकी यादें शामिल होंगी। फेसबुक ने बताया कि "फ्रेंड्स डे" पर आप हैशटैग #friendsday का उपयोग कर अपने इस वीडियो को साझा करने के साथ अन्य तस्वीरें, दोस्ती के बारे में कहानियां और अपने दोस्तों के साथ बातचीत भी कर सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि फेसबुक के संस्थापक मार्क जुकरबर्ग ने फ्रेंड्स डे मनाने का विचार फेसबुक के 11वें जन्मदिन पर दिया था। तब से यह काफी लोकप्रिय हो रहा है।
वहीं, जुकरबर्ग ने सभी यूजर्स को धन्यवाद देते हुए फ्रेंड्स डे में शामिल होने का न्यौता दिया। पिछले साल भी फेसबुक अपने यूजर्स के लिए एक वीडियो बनाया था।