असम: पारिवारिक विवाद में दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प, एक महिला समेत तीन की मौत, 14 हिरासत में
असम के बारपेटा जिले में पारिवारिक विवाद में हिंसक झड़प का मामला सामने आया है। मंगलवार को यहां के सोरभोग इलाके में पारिवारिक विवाद को लेकर दो गुटों के बीच झड़प हो गई। पुलिस ने इस विवाद की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस झड़प में एक महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई। इतना ही नहीं कई अन्य लोग घायल भी हुए हैं। पुलिस ने बताया कि अब तक 14 लोगों को हिरासत में लिया गया है।
असम के हैलाकांडी जिले में एक नाबालिग को कथित तौर पर प्रताड़ित करने के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक नबनीत महंता ने मंगलवार को इसके बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कथित रूप से चोरी करने के आरोप में लोगों के एक समूह द्वारा एक नाबालिग पर हमला करने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। इसका संज्ञान लेकर पुलिस ने हैलाकांडी के झलनचेर्रा गांव से पांच लोगों को गिरफ्तार किया।
एसपी ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अपने मोबाइल फोन पर घटना को रिकॉर्ड करने वाले व्यक्ति सहित पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
असम में तीन करोड़ रुपये के मादक पदार्थ जब्त
असम के कार्बी आंगलोंग जिले में तीन करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की मॉर्फिन जब्त की गई है। पुलिस ने इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार भी किया है। बोकाजन अनुमंडलीय पुलिस अधिकारी जॉन दास ने मंगलवार को बताया कि एक गुप्त सूचना के आधार पर, असम पुलिस और सीआरपीएफ की एक संयुक्त टीम ने बोकाजन क्षेत्र के दिलाई तिनियाली में एक वाहन की तलाशी ली। जांच के क्रम में जब पड़ोसी नागालैंड के दीमापुर से आ रहे एक वाहन की जांच की गई तो सुरक्षाकर्मियों को उसमें से एक किलो मार्फीन मिला। इसके बाद पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर लिया। चालक पश्चिम बंगाल का रहने वाला है।