Maharashtra: मुंबई की सीटों पर थोराट ने उद्धव से की बात; कांग्रेस से टिकट न मिलने पर पूर्व सीएम के बेटे नाराज
महाविकास अघाड़ी में कांग्रेस, एनसीपी शरद और शिवसेना (उद्धव) में अंतिम सीट-बंटवारे को लेकर बात हो रही है। बालासाहेब थोराट ने कहा कि कांग्रेस एमवीए गठबंधन के रूप में चुनाव लड़ रही है। गठबंधन 180 से अधिक सीटें जीतेगी और अपना मुख्यमंत्री बनाएगी।
विस्तार
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव को लेकर महाविकास अघाड़ी में सीट बंटवारे को लेकर चर्चा का दौर जारी है। उधर टिकट बंटवारे को लेकर उम्मीदवारों की नाराजगी भी सामने आने लगी है। शनिवार को कांग्रेस नेता बालासाहेब थोराट ने मुंबई की सीटों को लेकर शिवसेना (उद्धव) के प्रमुख उद्धव ठाकरे से मुलाकात की। इसे लेकर थोराट ने कहा कि पार्टी मुंबई में कुछ सीटों को लेकर सहयोगियों के साथ बातचीत कर रही है। उद्धव ठाकरे के साथ अभियान, बैठकों की योजना और घोषणापत्र पर चर्चा की गई।
अंतिम सीट बंटवारे पर हो रही बात
थोराट ने कहा कि एआईसीसी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मुझे आपसी समझ से बातचीत करने को कहा। मुंबई में कुछ सीटों को लेकर बातचीत चल रही है। महाविकास अघाड़ी में कांग्रेस, एनसीपी शरद और शिवसेना (उद्धव) में अंतिम सीट-बंटवारे को लेकर बात हो रही है। थोराट ने कहा कि कांग्रेस एमवीए गठबंधन के रूप में चुनाव लड़ रही है। गठबंधन 180 से अधिक सीटें जीतेगी और अपना मुख्यमंत्री बनाएगी।
अन्य दलों के लिए 18 सीटें
थोराट ने कहा कि एमवीए ने अपने मित्र दलों के लिए 18 सीटें रखी हैं। राहुल गांधी की नाखुशी खबरों को लेकर बाला साहेब थोराट ने कहा कि राहुल गांधी ने पूछा कि चर्चा के दौरान कांग्रेस को कुछ सीटें क्यों नहीं मिल सकीं। हर पार्टी अधिक हिस्सेदारी चाहती है। लेकिन जब हम तीन दलों के गठबंधन में चुनाव लड़ रहे हैं, तो सीमाएं हैं।
हमें कांग्रेस ने नजरअंदाज किया: अशोक पाटिल
निलंगा सीट पर अभय सालुंके को कांग्रेस की ओर से प्रत्याशी बनाए जाने पर पूर्व मुख्यमंत्री शिवाजीराव पाटिल निलंगेकर के बेटे अशोक पाटिल निलंगेकर ने नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस के पास यहां कोई नेता नहीं था, हम उनके साथ खड़े थे। हमें कांग्रेस ने नजरअंदाज कर दिया। मैं अपने समर्थकों से बात करूंगा और अगली कार्रवाई करूंगा। अशोक पाटिल 2019 में भाजपा के संभाजी पाटिल निलंगेकर से चुनाव हार गए थे।
भाजपा के मौजूदा विधायक से होगा कांग्रेस प्रत्याशी का मुकाबला
कांग्रेस की ओर से उम्मीदवार अभय सालुंके का मुकाबला भाजपा प्रत्याशी और मौजूदा विधायक संभाजी पाटिल निलंगेकर से होगा। अभय सालुंके की पत्नी अस्मिता सालुंके ने कहा कि उनके पति ने पिछले 30 वर्षों से समाज के लिए अथक प्रयास किया है। वह आम लोगों की समस्याओं को दूर करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
संबंधित वीडियो
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.