सीजन की सबसे ठंडी रात, न्यूनतम तापामान गिरने से बढ़ी सर्दी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली-एनसीआर में सर्दी ने रंग दिखाया। रविवार रात से सोमवार तड़के के न्यूनतम तापमान की बात करें तो सीजन की सबसे ठंडी रात रही। मानक केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री नीचे 6.6 डिग्री दर्ज किया गया तो लोधी रोड पर न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री रहा। हालांकि देशभर के मैदानी इलाकों को बात करें तो हरियाणा के नारनौल में न्यूनतम तापमान सबसे नीचे 3.2 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम वैज्ञानिकों ने अगले पांच दिन न्यूनतम तापमान में किसी खास परिवर्तन के संकेत नहीं दिए हैं, लेकिन 22-24 दिसंबर तक पूर्वी यूपी और पश्चिमी यूपी के उत्तरी भाग में सुबह छिछला या मध्यम कोहरा रहेगा। तो 25 दिसंबर को कुछ जगह घना कोहरा रहने की भविष्यवाणी की है।
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली के सफदरजंग में दृश्यता 200 मीटर तक गिरने को छोड़ दें तो यूपी के बरेली, बहराइच, सुल्तानपुर, वाराणसी में भी कोहरा करीब-करीब छंट गया। यहां दृश्यता 500 मीटर के ऊपर रही।
पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली व यूपी में ज्यादातर हिस्से में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। इतना ही नहीं जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में सामान्य से 1-3 डिग्री तक न्यूनतम तापमान नीचे दर्ज किया गया। दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री ऊपर 23.5 डिग्री रहा। पूरे एनसीआर में अधिकतम तापमान करीब-करीब 23-24 डिग्री के बीच ही दर्ज किया गया।
कोहरे ने रेलवे ट्रैक पर ट्रेनों की चाल थाम दी है
वहीं कोहरे ने रेलवे ट्रैक पर ट्रेनों की चाल थाम दी है। इससे रेल यात्रियों की परेशानी बरकरार है। हालांकि पिछले तीन दिनों के मुकाबले सोमवार को ट्रेनों के प्रभावित होने का सिलसिला कुछ कम रहा।
आमतौर पर पिछले सप्ताह 100 से अधिक ट्रेन 10-25 घंटे देरी से चल रही थी, लेकिन सोमवार को 40 ट्रेनें ही देरी से चली। सबसे ज्यादा देरी से स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस ही 15 घंटे देरी से चली। दरअसल, अन्य ट्रेनों की रफ्तार के लिए 36 जोड़ी ट्रेनें कोहरे के कारण निरस्त कर दी गई हैं।
ट्रेनों की सुस्त रफ्तार के कारण ट्रेनों में ही नहीं रेलवे स्टेशनों पर भी यात्री परेशान हो रहे हैं। लेटलतीफी, परिवर्तित समय से ट्रेनों की रवानगी व ट्रेनों के निरस्त रहने के कारण यात्रियों की परेशानी बढ़ी हुई है।
सोमवार को 40 से अधिक ट्रेनें घंटों देरी से चलीं तो 9 ट्रेनों के समय में परिवर्तन करके रवानगी की गई। पूर्व में निरस्त 36 ट्रेनों के अलावा हावड़ा-हरिद्वार कुंभ एक्सप्रेस, श्रीगंगानगर-हावड़ा तुफान एक्सप्रेस, गोरखपुर-जम्मूतवी एक्सप्रेस, श्रमजीवी एक्सप्रेस सोमवार को निरस्त रहीं।
देरी से रवाना होने वाली ट्रेनें
घंटों देरी से चलने वाली ट्रेनें
. स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस 15 घंटे देरी से चली।
. जोगबनी-आनंद विहार एक्सप्रेस 13 घंटे लेट चली।
. शहीद एक्सप्रेस 11 घंटे देरी से चली।
. कटिहार-आनंद विहार एक्सप्रेस 5 घंटे देरी से चली।
. वैशाली एक्सप्रेस 4 घंटे देरी से चली।
. महाबोधी एक्सप्रेस 3 घंटे देरी से चली।
. फरक्का एक्सप्रेस 3 घंटे देरी से चली।
. पुरुषोत्तम एक्सप्रेस 4 घंटे देरी से चली।
. ब्रह्मपुत्र मेल 4 घंटे देरी से चली।
देरी से रवाना होने वाली ट्रेनें
. स्वतंत्रता सेनानी सोमवार की रात 8:35 की जगह मंगलवार सुबह 9 बजे के लिए निर्धारित की गई है।
. पुरबिया शाम 4 बजे की जगह मंगलवार सुबह 6 बजे के लिए पुनर्निर्धारित की गई।
. कैफियात रात 7:45 की जगह रात 8:50 बजे के लिए पुनर्निर्धारित की गई।
. महानंदा सुबह 6:35 की जगह 8 बजे रवाना हुई।
. फिरोजपुर इंटरसिटी सुबह 6:45 की जगह 9 बजे रवाना हुई।
कोहरे के कारण 36 जोड़ी ट्रेनों के अलावा मंगलवार को दो ट्रेन निरस्त
मंगलवार को निरस्त रहने वाली ट्रेन
कोहरे के कारण 36 जोड़ी ट्रेनों के अलावा मंगलवार को दो ट्रेन निरस्त रहेंगी। इनमें कुंभ एक्सप्रेस व जम्मूतवी-भागलपुर एक्सप्रेस शामिल हैं।
श्रीगंगानगर-नई दिल्ली इंटरसिटी अब बुधालडा स्टेशन पर भी रुकेगी
यात्रियों को ध्यान में रख रेलवे ने श्रीगंगानगर-नई दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस को बुधालडा स्टेशन पर भी ठहराव देने का निर्णय लिया है- ट्रेन संख्या 12481/12482-दोनों दिशाओं में इस स्टेशन पर 31 दिसंबर तक रुकेगी।
निरस्त ट्रेन फिर बहाल की गई
कोहरे के कारण निरस्त पदमावत एक्सप्रेस को फिर से बहाल कर दिया गया है। गाड़ी संख्या 14208 दिल्ली-प्रतापगढ़ पदमावत एक्सप्रेस व ट्रेन संख्या 14207 प्रतापगढ़-दिल्ली पदमावत एक्सप्रेस अपने नीयत समय से संचालित होगी।