फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Tauktae havoc: a catastrophe in Kerala, Karnataka, Goa, moved towards Gujarat, six deaths so far

ताउते का कहर: केरल, कर्नाटक, गोवा में मचाई तबाही, गुजरात की ओर बढ़ा, अब तक छह मौतें

Sun, 16 May 2021 10:54 PM IST
सुरेंद्र जोशी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बेंगलुरु/पणजी/अहमदाबाद
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बेंगलुरु/पणजी/अहमदाबाद Published by: सुरेंद्र जोशी Updated Sun, 16 May 2021 10:54 PM IST
सार

अरब सागर में उठा तूफान ताउते सोमवार शाम तक गुजरात तट पर पहुंच सकता है। रविवार को इसने तीन राज्यों में तबाही मचाई। कर्नाटक में चार व गोवा में दो लोगों की मौत हो गई। 
 

विज्ञापन
Tauktae havoc: a catastrophe in Kerala, Karnataka, Goa, moved towards Gujarat, six deaths so far
ताउते तूफान - फोटो : ANI

विस्तार

चक्रवाती तूफान ताउते ने रविवार को केरल, कर्नाटक और गोवा के तटीय इलाकों में तबाही मचाई। इसके बाद यह चक्रवात गुजरात की ओर बढ़ गया। चक्रवात के चलते तटीय इलाकों में तेज हवाओं के साथ ही भारी बारिश हुई और समुद्र में ऊंची लहरें उठीं।  ताउते के कारण हुई घटनाओं की चपेट में आकर छह लोगों की मौत हो गई जबकि सैकड़ों घरों का नुकसान पहुंचा। बिजली के खंभे एवं पेड़ उखड़ गए। लोगों को घरों को छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा। कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हुई।

विज्ञापन


भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान ताउते अगले 24 घंटे में और तीव्र हो सकता है। इसके सोमवार शाम तक गुजरात के तट पर पहुंचने की संभावना है। आईएमडी ने एक बुलेटिन में बताया कि यह मंगलवार तड़के तक पोरबंदर और भावनगर जिले में महुवा के बीच राज्य के तट को पार सकता है।
विज्ञापन


गुजरात में डेढ़ लाख लोगों को सुरक्षित निकाला
गुजरात में निचले तटीय इलाकों से करीब डेढ़ लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है जबकि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की 54 टीमों को तैनात किया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन






महाराष्ट्र में आज भारी वर्षा की संभावना
वहीं, मौसम विभाग ने रविवार को कहा कि चक्रवात तौकते के चलते 17 मई को महाराष्ट्र के मुंबई, उत्तरी कोंकण, ठाणे और पालघर के हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने रायगढ़ में सोमवार को अत्यधिक भारी बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है। चक्रवात संबंधी घटनाओं की चपेट में आकर कर्नाटक के उत्तर कन्नड़, उडुपी, चिकमंगलूर और शिवमोगा जिलों में चार लोगों की मौत हो गई।

गोवा में हो रही भारी बारिश, दो की मौत

उधर, गोवा में रविवार सुबह से ही तेज हवाओं के साथ भारी बारिश शुरू हो गई। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा कि चक्रवात संबंधी घटनाओं के चलते गोवा में दो लोगों की मौत हो गई। चक्रवाती तूफान का सबसे अधिक असर उत्तर गोवा जिले की बारदेज तालुका और दक्षिण गोवा के मडगांव में महसूस किया गया। गोवा में तेज हवाओं के चलते कई जगहों पर बिजली के खंभे उखड़ गए, जिससे राज्य के कई भागों में बिजली आपूर्ति बाधित रही।सावंत ने कहा, ' चक्रवाती हवाओं के चलते सैकड़ों घर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। पेड़ उखड़ जाने के कारण कई जगहों पर राजमार्ग बाधित हुए। हालांकि, आपदा प्रबंधन दलों ने मार्गों को जल्द ही साफ कर लिया।' मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को भी गोवा में तेज हवाएं चलेंगी।


 

केरल में भारी बारिश का अलर्ट

चक्रवात के तबाही मचा कर केरल के तट से दूर जाने के बावजूद राज्य के बांधों में रविवार को जलस्तर में बढ़ोतरी देखी गई। आईएमडी ने तीन जिलों एर्नाकुलम, इडुक्की और मालप्पुरम के लिए रविवार को ऑरेंज अलर्ट जारी किया है जिसका मतलब है इन जिलों में भारी बारिश हो सकती है।  मध्य केरल के जिलों में कई बांधों के जलग्रहण क्षेत्रों में भारी बारिश की सूचना है जिस वजह से अधिकारियों ने चेतावनी दी है। जल स्तर बढ़ने पर इडुक्की जिले में मलनकरा बांध के शटर रविवार को खोल दिए जाएंगे। तटीय इलाकों में समंदर की ऊंची लहरें तबाही मचा रही हैं। भारतीय नौसेना ने एर्नाकुलम जिले के तटीय गांव चेल्लानेम में अपने गोताखोर एवं त्वरित प्रतिक्रिया टीमें तैनात की हैं। राज्य सरकार के मुताबिक, कम से कम नौ जिले समुद्र के अशांत होने से प्रभावित हैं।

मध्यप्रदेश में हल्की बारिश, चली तेज हवाएं

मौसम विभाग के भोपाल कार्यालय के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक पी के साहा ने बताया कि ताउते के प्रभाव से मध्य प्रदेश के भोपाल, होशंगाबाद, उज्जैन एवं जबलपुर संभागों तथा अन्य हिस्सों में रविवार शाम को हल्की बारिश हुई एवं कुछ स्थानों पर 32 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चली। सोमवार से अगले दो दिनों तक मध्य प्रदेश के पश्चिमी भागों में कहीं-कहीं पर गरज के साथ बारिश एवं 45 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। प्रदेश के सीधी एवं उमरिया जिलों में रविवार शाम को तीन-तीन मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

महाराष्ट्र में सोमवार को भी कोविड-19 टीकाकरण नहीं होगा

मुंबई नगरपालिका ने चक्रवाती तूफान ताउते को लेकर जारी चेतावनी के मद्देनजर कोविड-19 टीकाकरण अभियान को 17 मई को तीसरे दिन भी रोके रखने का फैसला किया। नगपालिका आयुक्त इकबाल सिंह चहल ने यह जानकारी दी। टीकाकरण कार्यक्रम अब मंगलवार, बुधवार और बृहस्पतिवार को होगा। इस बदलाव के चलते, नगरपालिका ने 18 से 20 मई के दौरान 60 वर्ष से अधिक उम्र के लोग जो कोविशील्ड की पहली खुराक लेंगे, उनके लिए वॉक इन (टीकाकरण) सुविधा बढ़ाने का फैसला किया है।

गुजरात के डेढ लाख लोग सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाए

सोमवार शाम को तूफान के गुजरात तट पहुंचने और मंगलवार तड़के इसे पार करने की मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर रविवार को राज्य के निचले तटीय क्षेत्रों से करीब डेढ़ लाख लोगों को अन्यत्र पहुंचाया। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की 54 टीमें तैनात की गई हैं। किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए सशस्त्रबलों को तैयार रहने को कहा गया है। गांधीनगर में चक्रवात समीक्षा बैठक में हिस्सा लेने के बाद मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने पत्रकारों को यह जानकारी दी। राज्य सरकार ने सोमवार और मंगलवार को टीकाकरण रोकने का भी फैसला किया है क्योंकि स्वास्थ्यकर्मियों को इस चक्रवाती तूफान से पैदा होने वाली किसी भी आपात स्थिति के लिए तैयार रहने को कहा गया है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed