ढाका हमले में थम गईं फीरोजाबाद की लाडली की सांसें, बाथरूम से दी खबर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मिलनसार और खुशमिजाज व्यक्तित्व, हमेशा होठों पर तैरती मुस्कान, हर किसी से पल भर में घुलमिल जाने वाली तारिषी की ढाका में आतंकियों ने गला रेतकर हत्या कर दी। इस्लामिक देश बंगलादेश में पैदा हुई और वहीं पली बढ़ीं, अमेरिका में एमबीए कर रही तारिषी पर परदेस के माहौल का कोई असर नहीं पड़ा।
अपने देश की माटी और संस्कारों से उसे लगाव था, जब भी फीरोजाबाद आती तो पल भर सबसे घुलमिल जाती थीं।
अमेरिका में ब्रेकेले यूनीवर्सिटी से एमबीए कर रही तारिषी जैन छुट्टियों में अमेरिका से ढाका गई थीं। जिस कैफे पर हमला किया गया, वह उनके घर के पास ही है। शुक्रवार की शाम को वह अपने मित्रों के साथ उसी कैफे में मौजूद थी।
संजीव जैन के भाई राकेश मोहन जैन ने बताया कि रात 12 बजे ढाका से उनके भाई (संजीव जैन) का फोन आया था कि जिस कैफे पर हमला हुआ है और उसमें तारिषी फंस गई है। इसके बाद हम रात भर सो नहीं पाए, तारिषी की मौसी एनी जैन ने बताया कि उन्हें भी फोन पर बताया गया कि जिस कैफे को आतंकवादियों ने घेर रखा है, उसके बाथरूम में तारिषी भी है।
हमले से बचने के लिए वह बाथरूम में घुस गई थी। सुबह पता चला कि हमारी लाड़ली हमले में मारी गई।
सुहानगर निवासी तारिषी के पिता संजीव जैन कई वर्ष पहले ढाका चले गए थे। वहां उनका गारमेंट्स का कारोबार है। ढाका में ही तारिषी का जन्म हुआ था। पिछली दीपावली पर तारिषी अपनी माता तूलिका जैन, पिता और बड़े भाई संक्षिप्त के साथ फीरोजाबाद आई थी। तीन दिन परिवार यहां रुका था।
परिवार के लोगों और पड़ोसियों ने बताया कि वह काफी मिलनसार और खुश मिजाज थी। चेहरे से हर वक्त मुस्कान झलकती रहती थी। विदेश में रहते हुए भी उसे अपने देश से काफी लगाव था। तारिषी के सबसे छोटे चाचा अजीत जैन खुद को संभाल नहीं पा रहे थे।
उन्होंने रुंधे गले से बताया कि तारिषी उन्हें सबसे अधिक प्यारी थी। उसका फोन अक्सर उनके पास आया करता था।
आज सुहागनगरी आने वाला था पूरा परिवार
तारिषी का पूरा परिवार रविवार को ढाका से हिंदुस्तान आने वाला था। ढाका से दिल्ली आने के लिए फ्लाइट की टिकट तारिषी के पिता संजीव जैन ने बुक करा रखी थी। ढाका से तारिषी के पिता संजीव जैन और मां तूलिका जैन को आना था।
तारिषी का बड़ा भाई संक्षिप्त जैन कनाडा में रह कर पढ़ाई कर रहा है। उसे कनाडा से सीधे हिंदुस्तान आना था। बताते हैं वह कनाडा से दिल्ली आ भी चुका है। पूरे परिवार के आगमन की तैयारी सुहाग नगर में चल रही थी। तारिषी और उसके परिवार के आने की खुशियां भी परिवार में थीं लेकिन अब तारिषी के शव का इंतजार किया जा रहा है।
सांसद रामगोपाल ने सुषमा स्वराज से की बात
एमएलसी डा. दिलीप यादव ने बताया कि सांसद एवं सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव ने तारिषी के शव को हिंदुस्तान लाने के संबंध में विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से बात की है। उन्होंने कहा कि जो भी प्रक्रिया है उसे पूरा कर शव हिंदुस्तान लाने की प्रक्रिया को पूरा किया जाए। उन्होंने ढाका स्थिति भारतीय दूतावास के अधिकारियों से भी बात की।
दिल्ली से ढाका लौट गए तारिषी के भाई
फीरोजाबाद (ब्यूरो)। तारिषी के भाई संक्षिप्त कनाड़ा से फीरोजाबाद आ रहे थे। वह शनिवार को दिल्ली पहुंच गए थे, लेकिन जैसे ही उन्हें तारिषी के आतंकी हमले में मारे जाने की खबर मिली वह दोपहर तीन बजे दिल्ली से ही फ्लाइट पकड़ ढाका के लिए रवाना हो गए। संक्षिप्त को दिल्ली से सभी के साथ आज फीरोजाबाद आना था।