Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Swachh Survekshan 2025-26: Navi Mumbai Named India’s Cleanest City; Rewa and Rudrapur Top Special Categories

स्वच्छ सर्वेक्षण: नवी मुंबई देश का सबसे साफ शहर, जानें यूपी-एमपी के किस शहर ने किस वर्ग में मारी बाजी?

Wed, 11 Nov 2026 05:45 PM IST
हिमांशु सिंह चंदेल न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली। Published by: हिमांशु सिंह चंदेल Updated Wed, 11 Nov 2026 05:45 PM IST
सार

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में नवी मुंबई ने स्वच्छ शहर लीग श्रेणी में देश में पहला स्थान हासिल किया है। सूरत और विजयवाड़ा इसके बाद रहे। नदी किनारे बसे शहरों में रीवा और हिमालयी शहरों में रुद्रपुर अव्वल रहे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने विजेताओं को सम्मानित किया। आखिर किन आधारों पर चुने गए सबसे साफ शहर? वाराणसी और जम्मू को कौन सा स्थान मिला और इस बार सर्वेक्षण में क्या बदला? इंदौर किस सूची में शामिल? आइए, सबकुछ विस्तार से जानते हैं...

विज्ञापन
Swachh Survekshan 2025-26: Navi Mumbai Named India’s Cleanest City; Rewa and Rudrapur Top Special Categories
स्वच्छ सर्वेक्षण - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

देश के सबसे साफ शहरों की तस्वीर सामने आ गई है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में महाराष्ट्र के नवी मुंबई ने राष्ट्रीय स्वच्छ शहर श्रेणी में पहला स्थान हासिल किया है। गुजरात का सूरत दूसरे और आंध्र प्रदेश का विजयवाड़ा तीसरे स्थान पर रहा। वहीं, मध्य प्रदेश के रीवा ने सबसे स्वच्छ नदी तटीय शहरों की श्रेणी में बाजी मारी, जबकि उत्तराखंड के रुद्रपुर को सबसे स्वच्छ हिमालयी शहर चुना गया। इस बार सर्वेक्षण में नदी किनारे बसे शहरों, समुद्री तटों और पहाड़ी क्षेत्रों की सफाई को भी अलग-अलग श्रेणियों में रखा गया। वहीं, अब तक स्वच्छ शहरों की सूची में पहला स्थान हासिल करते रहे इंदौर को इस बार मेंटर शहरों की सूची में रखा गया। इसमें अहमदाबद शीर्ष पायदान पर रहा। दूसरे स्थान पर इंदौर रहा। मेंटर शहर का मतलब है, ऐसा शहर जो दूसरे शहर को सफाई करना सिखाए और उसकी मदद करे।
विज्ञापन


राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार 2025-26 प्रदान किए। ये पुरस्कार स्वच्छ भारत मिशन-शहरी के तहत शहरों में सफाई और स्वच्छता के लिए किए गए प्रयासों को मान्यता देने के लिए दिए गए। यह सर्वेक्षण का दसवां संस्करण है। इस साल इसकी थीम 'स्वच्छता की नई पहल-बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ' रखी गई। इसका उद्देश्य शहरों में सफाई व्यवस्था सुधारने के साथ आम लोगों को भी इस अभियान से जोड़ना है।
विज्ञापन


नवी मुंबई के बाद किन शहरों ने हासिल किया स्थान?
राष्ट्रीय स्वच्छ शहर श्रेणी में नवी मुंबई पहले, सूरत दूसरे और विजयवाड़ा तीसरे स्थान पर रहे। इस श्रेणी में शहरों की सफाई, कचरा प्रबंधन और स्वच्छता व्यवस्था को परखा गया। इसका उद्देश्य नगर निकायों के बीच बेहतर काम करने की प्रतिस्पर्धा बढ़ाना है। स्वच्छ शहर लीग के तहत भी शहरों के प्रदर्शन का आकलन सफाई और कचरे के सही प्रबंधन जैसे मानकों पर किया जाता है। इस तरह की रैंकिंग से स्थानीय निकायों को अपनी व्यवस्था सुधारने और शहरों को साफ रखने के लिए प्रोत्साहन मिलता है।
विज्ञापन
विज्ञापन


नदी किनारे बसे शहरों में किसने मारी बाजी?
नदी तटीय शहरों की श्रेणी में मध्य प्रदेश के रीवा ने पहला स्थान हासिल किया। छत्तीसगढ़ का बिलासपुर दूसरे और उत्तर प्रदेश का वाराणसी तीसरे स्थान पर रहा। वहीं, समुद्र तट वाले शहरों की श्रेणी में ओडिशा का पुरी पहले स्थान पर रहा। केरल के अलप्पुझा को दूसरा और महाराष्ट्र के रत्नागिरी को तीसरा स्थान मिला। इन श्रेणियों में नदी और समुद्र के किनारे बसे शहरी इलाकों की सफाई को महत्व दिया गया। सर्वेक्षण में जल स्रोतों और उनके आसपास के क्षेत्रों को भी पहले से अधिक दायरे में शामिल किया गया।

हिमालयी शहरों और मेंटर सिटी श्रेणी में कौन रहा आगे?
हिमालयी शहरों की श्रेणी में उत्तराखंड के रुद्रपुर ने पहला स्थान हासिल किया। जम्मू दूसरे और जम्मू-कश्मीर का शोपियां तीसरे स्थान पर रहा। इसके अलावा स्वच्छ शहर जोड़ी पहल के तहत अहमदाबाद को पहला मेंटर शहर चुना गया, जबकि गुजरात के साणंद को उसका मेंटी शहर माना गया। इंदौर दूसरे स्थान पर मेंटर शहर रहा और मध्य प्रदेश के देपालपुर को उसका मेंटी शहर चुना गया। इस पहल में बेहतर प्रदर्शन करने वाले शहरों को दूसरे शहरों की सफाई व्यवस्था सुधारने में मार्गदर्शन देने की भूमिका दी गई है।

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की प्रमुख श्रेणियों के विजेता
  • राष्ट्रीय स्वच्छ शहर: नवी मुंबई, सूरत, विजयवाड़ा।
  • स्वच्छ नदी तटीय शहर: रीवा, बिलासपुर, वाराणसी।
  • स्वच्छ समुद्री तटीय शहर: पुरी, अलप्पुझा, रत्नागिरी।
  • स्वच्छ हिमालयी शहर: रुद्रपुर, जम्मू, शोपियां।
  • मेंटर शहर: अहमदाबाद पहले और इंदौर दूसरे स्थान पर।

स्वच्छ सर्वेक्षण की शुरुआत वर्ष 2016 में हुई थी। उस समय इसमें देश के केवल 73 शहरी स्थानीय निकाय शामिल थे। अब दसवें संस्करण में इसका दायरा बढ़कर 4,751 से अधिक शहरों तक पहुंच गया है। इस बार शहरों की सफाई व्यवस्था का आकलन करते समय नागरिकों की राय को भी अधिक महत्व दिया गया। इसके साथ ही नदी किनारों, समुद्री तटों और दूसरे जल स्रोतों को भी सर्वेक्षण में व्यापक रूप से शामिल किया गया। इससे अलग-अलग तरह के शहरों की स्वच्छता व्यवस्था का मूल्यांकन करना संभव हुआ।


इस बार सर्वेक्षण में खुले में शौच और खुले में पेशाब रोकने के प्रयासों को भी जांच का हिस्सा बनाया गया। पर्यटन स्थलों और ऐतिहासिक महत्व वाले स्थानों की सफाई पर विशेष ध्यान दिया गया। स्कूलों में स्वच्छता से जुड़ी अच्छी आदतें विकसित करने और लोगों के व्यवहार में बदलाव लाने के प्रयासों को भी आकलन में शामिल किया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed