बनीहाल-कटरा रेल अलाइनमेंट को दोषपूर्ण बताने वाली याचिका खारिज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जम्मू एवं कश्मीर में बनीहाल-कटरा रेल लिंक केअलाइनमेंट को दोषपूर्ण बताते हुए इस परियोजना पर रोक लगाने संबंधी याचिका को सुप्रीम कोर्ट ने खारिज कर दिया है। शीर्ष अदालत ने कहा कि यह सब देखना विशेषज्ञों का काम है, न कि हमारा। अदालत ने इस मामले में दखल देने से साफ तौर पर इनकार कर दिया।
चीफ जस्टिस टीएस ठाकुर की अध्यक्षता वाली पीठ ने सीपीआईएल नामक संगठन द्वारा दाखिल याचिका को खारिज कर दिया। इससे पहले याचिकाकर्ता संगठन की ओर से पेश वकील प्रशांत भूषण ने कहा कि सीएजी की रिपोर्ट में भी रेल लिंक के अलाइनमेंट को दोषपूर्ण बताया गया था। उन्होंने कहा है कि इस परियोजना को वर्ष 2007 में ही पूरा होना था लेकिन अब तक 30 फीसदी ही काम हुआ है।
भूषण ने कहा कि यह रेल लिंक सुरक्षित नहीं है। उन्होंने कहा कि मेट्रोमैन ई श्रीधरण ने भी इस अलाइनमेंट को दोषपूर्ण बताया है। इस पर चीफ जस्टिस ने कहा कि क्या श्रीधरन ही सही हो सकते हैं, और विशेषज्ञ क्यों नहीं। पीठ ने कहा कि रेल पुल, अलाइनमेंट आदि पर गौर करना हमारा काम नहीं है।
हम इस मामले में दखल नहीं दे सकते। यह सरकार का काम है। भूषण ने बावजूद इसके पीठ के आग्रह किया कि याचिका पर विस्तृत सुनवाई होनी चाहिए क्योंकि इस दोषपूर्ण अलाइनमेंट से गंभीर परिणाम हो सकते हैं, लेकिन पीठ ने उनके आग्रह को ठुकरा दिया।