{"_id":"5c6a78debdec224bc54aab44","slug":"strike-begins-in-kerala-after-killing-of-youth-congress-workers","type":"story","status":"publish","title_hn":"युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की हत्या के विरोध में केरल में हड़ताल","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की हत्या के विरोध में केरल में हड़ताल
Mon, 18 Feb 2019 07:08 PM IST
संदीप भट्ट
भाषा, तिरुवनंतपुरम
भाषा, तिरुवनंतपुरम
Published by: संदीप भट्ट
Updated Mon, 18 Feb 2019 07:08 PM IST
विज्ञापन
youth congress
- फोटो : amar ujala
केरल में युवा कांग्रेस के दो कार्यकर्ताओं की हत्या को लेकर विरोध प्रकट करने के लिए राज्य में सोमवार को हड़ताल शुरू हो गई। युवा कांग्रेस द्वारा अचानक बुलाई गई हड़ताल के बाद विभिन्न स्थानों पर सड़कों एवं राष्ट्रीय राजमार्गों को अवरुद्ध किया गया और सरकारी बसों पर पथराव किया गया।
विज्ञापन
युवा कांग्रेस का आरोप है कि सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के कार्यकर्ताओं ने इन हत्याओं को कथित रूप से अंजाम दिया है। युवा कांग्रेस के नेतृत्व ने सोशल मीडिया के जरिए आधी रात को सुबह से शाम तक चलने वाली इस राज्यव्यापी हड़ताल का आह्वान किया। इससे कुछ ही घंटे पहले उसके कार्यकर्ताओं - शरद लाल एवं कृपेश की उत्तरी कासरगोड जिले में हत्या कर दी गई थी।
विज्ञापन
हड़ताल के शुरुआती घंटों में सामान्य जनजीवन ज्यादा प्रभावित नहीं हुआ क्योंकि इसकी घोषणा देर रात की गई थी और आम लोगों को इसकी जानकारी बहुत देर से हुई। युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने कोझिकोड, कोल्लम, इदुक्की एवं एर्णाकुलम समेत विभिन्न जिलों में वाहनों की आवाजाही रोकी।
विज्ञापन
प्रदर्शनकारियों ने विभिन्न स्थानों पर केरल राज्य सड़क परिवहन निगम (केएसआरटीसी) की बसों पर पथराव किया। कई स्थानों पर दुकानें एवं होटल बंद रहे। युवा कांग्रेस के सूत्रों ने बताया कि राज्य की राजधानी तिरुवनंतपुरम में 20 फरवरी को होने वाले प्रसिद्ध मंदिर महोत्सव अत्तुकल पोंगला के मद्देनजर हड़ताल नहीं की गई है।
विश्वविद्यालय एवं स्कूल मॉडल परीक्षाएं स्थगित कर दी गईं। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री पिनरायी विजयन ने भी हड़ताल के चलते अपने कई कार्यक्रम रद्द कर दिए। राज्य पुलिस महानिदेशक लोकनाथ बेहरा ने पुलिस को हड़ताल के नाम पर हिंसा करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए।
पुलिस के मुताबिक, युवा कांग्रेस के दो कार्यकर्ता कासरगोड में रविवार रात एक स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अपने घर लौट रहे थे। उसी दौरान अज्ञात गिरोह ने उन्हें रोका और धारदार हथियार से वार कर उनकी हत्या कर दी।