{"_id":"6481eb2b64d01a7a000bfcc3","slug":"state-security-advisor-said-manipur-situation-peaceful-centre-has-approved-a-rs-101-crore-relief-package-2023-06-08","type":"story","status":"publish","title_hn":"Manipur: मणिपुर में स्थिति शांतिपूर्ण, केंद्र ने विस्थापितों के लिए 100 करोड़ के राहत पैकेज को दी मंजूरी","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
Manipur: मणिपुर में स्थिति शांतिपूर्ण, केंद्र ने विस्थापितों के लिए 100 करोड़ के राहत पैकेज को दी मंजूरी
Thu, 08 Jun 2023 08:22 PM IST
Jeet Kumar
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, इंफाल
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, इंफाल
Published by: Jeet Kumar
Updated Thu, 08 Jun 2023 08:22 PM IST
सार
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के निर्देश पर केंद्र सरकार ने हिंसा प्रभावित मणिपुर में विस्थापितों के लिए 101.75 करोड़ रुपये के राहत पैकेज को मंजूरी दी है।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : Social Media
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मणिपुर में जातीय हिंसा के बाद अब वहां शांति की स्थिति है और कर्फ्यू में ढील के बाद लोग अपने घरों से निकलकर रोजमर्रा के काम भी निपटा रहे हैं। इसी के साथ राज्य सरकार के सुरक्षा सलाहकार कुलदीप सिंह ने गुरुवार को जानकारी दी कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के निर्देश पर केंद्र सरकार ने हिंसा प्रभावित मणिपुर में विस्थापितों के लिए 101.75 करोड़ रुपये के राहत पैकेज को मंजूरी दी है।
विज्ञापन
उन्होंने यह भी कहा कि मणिपुर में स्थिति शांतिपूर्ण और नियंत्रण में है और पिछले 48 घंटों में राज्य में हिंसा की कोई घटना नहीं हुई है। कुलदीप सिंह ने बताया कि हाल ही में अपनी मणिपुर यात्रा के दौरान, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विस्थापित लोगों के लिए राज्य सरकार को राहत पैकेज के लिए गृह मंत्रालय को अनुरोध भेजने का निर्देश दिया था। इसके बाद सरकार ने राहत पैकेज को मंजूरी दी है।
विज्ञापन
सुरक्षा सलाहकार ने कहा कि अब तक कुल 896 हथियार, 11,763 गोला बारूद और विभिन्न प्रकार के 200 बम बरामद किए गए हैं। पिछले 24 घंटों में मणिपुर के इंफाल पूर्वी जिले के पोरोमपत थाना क्षेत्र से 27 हथियार, 245 गोला-बारूद और 41 बम बरामद किए गए, जबकि राज्य के बिष्णुपुर जिले में एक हथियार और दो बम बरामद किए गए।
विज्ञापन
पांच घाटी जिलों में 12 घंटे और पड़ोसी पहाड़ी जिलों में 10 घंटे से 8 घंटे के लिए कर्फ्यू में ढील देने की घोषणा की गई है। छह अन्य पहाड़ी जिलों में कर्फ्यू नहीं है। राज्य सरकार के सुरक्षा सलाहकार कुलदीप सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग-37 के साथ आवश्यक वस्तुओं की आवाजाही सुनिश्चित की गई है और गुरुवार को 294 खाली वाहन इंफाल से जिरीबाम के लिए रवाना हुए हैं। कुल 220 लदे वाहन नोनी से रवाना हुए हैं और 198 लदे टैंकर और ट्रक जिरिबाम से रवाना हुए हैं।
वरिष्ठ अधिकारियों ने संवेदनशील क्षेत्रों का दौरा किया है। सभी संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। अधिकारी ने कहा कि इसके अलावा, राज्य और केंद्रीय बलों की संयुक्त टीमों ने राज्य के कई हिस्सों में तलाशी अभियान तेज कर दिया है। राज्य के मंत्री और विधायक मणिपुर के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं और जनता और नागरिक समाज संगठनों से मिल कर शांति और सामान्य स्थिति की अपील कर रहे हैं।