Big News: स्पाइसजेट की उड़ान की कराची में लैंडिंग, ईडी ने पीएमएलए के तहत चार लोगों के खिलाफ दर्ज किया केस
एयरलाइन ने मंगलवार को बताया कि विमान में सवार एक यात्री की तबीयत बिगड़ गई थी, आपात चिकित्सा स्थिति के कारण आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी। स्पाइसजेट बोइंग- 737 विमान संचालन उड़ान को कराची की ओर मोड़ दिया गया।
विस्तार
स्पाइसजेट की एक दुबई जाने वाली फ्लाइट मंगलवार को पाकिस्तान के कराची एयरपोर्ट लैंड की। इस बारे में जानकारी देते हुए एयरलाइन ने मंगलवार को बताया कि विमान में सवार एक यात्री की तबीयत बिगड़ गई थी, आपात चिकित्सा स्थिति के कारण आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी। स्पाइसजेट बोइंग- 737 विमान संचालन उड़ान को कराची की ओर मोड़ दिया गया।
चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने ब्राउन शुगर कारोबर में शामिल चार आरोपियों के खिलाफ पीएमएलए-2002 के तहत अभियोजन शिकायत दर्ज की है। ईडी ने मंगलवार को एक आधिकारिक विज्ञप्ति जारी कर कहा कि 22 नवंबर, 2023 को एलडी की अदालत में अर्जुन कुमार कर और उनके सहयोगियों मानस रंजन पारीछा, महेश्वर साहू और संतोष कुमार दाश के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई थी। अदालत ने मनी लॉन्ड्रिंग के अपराध में कथित रूप से शामिल आरोपी व्यक्तियों को दोषी ठहराने की प्रार्थना की।
कर्नाटक विधानसभा चुनाव में टिकट धोखाधड़ी मामले में दो को जमानत
दक्षिणपंथी कार्यकर्ता चैत्रा और श्रीकांत को अतिरिक्त मुख्य मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट की अदालत ने सोमवार को जमानत दे दी। चैत्रा और आठ अन्य को कर्नाटक विधानसभा चुनाव में बिंदूर निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा का टिकट दिलाने के नाम पर व्यवसायी गोविंदा बाबू पुजारी से 5 करोड़ की धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार किया था।
स्क्वाड्रन लीडर मनीषा पाधी बनीं देश की पहली महिला एडीसी
मनीषा पाधी देश में वायु सेना की पहली अधिकारी हैं, जिन्हें एड-डी-कैंप (एडीसी) नियुक्त किया गया है। 30 नवंबर को मिजोरम के राज्यपाल डॉ. हरि बाबू कंभमपति ने पाढ़ी को अपना एडीसी नियुक्त कर कहा कि यह नियुक्ति महज एक मील का पत्थर नहीं है, बल्कि यह उन महिलाओं की उल्लेखनीय क्षमताओं के प्रमाण के रूप में कार्य करता है, जो लैंगिक मानदंडों को चुनौती देती हैं।
जजों की नियुक्ति मामले को सूची से हटाने पर शीर्ष अदालत ने जताई हैरानी
सुप्रीम कोर्ट ने अपने मामलों की सूची से हाईकोर्ट में जजों की नियुक्ति में देरी से जुड़ी याचिका को हटाने पर आश्चर्य व्यक्त किया। जस्टिस संजय किशन कौल की पीठ ने हैरानी जताते हुए कहा, मैंने इसे हटाया नहीं है और न ही इस मामले की सुनवाई करने में अनिच्छा व्यक्त की है। मुझे यकीन है कि सीजेआई को इसकी जानकारी है। एक पक्षकार की ओर से पेश वकील प्रशांत भूषण ने कहा, अदालत को रजिस्ट्री से रिपोर्ट मांगनी चाहिए, क्योंकि यह बहुत अजीब है कि न्यायिक आदेश से सुनवाई की तारीख तय करने के बावजूद मामला हटा दिया गया। जस्टिस कौल ने इस पर कहा कि कुछ बातें अनकही रह जाना ही बेहतर है। हम इसे देखेंगे।
मालूम हो कि सीजेआई मास्टर ऑफ रोस्टर हैं। सुप्रीम कोर्ट के दूसरे वरिष्ठतम जज जस्टिस कौल इस महीने 25 दिसंबर, 2023 को सेवानिवृत्त होने वाले हैं। यह मामला एडवोकेट एसोसिएशन, बंगलूरू की एक याचिका से जुड़ा है। नवंबर में सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट में जजों के रूप में नियुक्ति के लिए उम्मीदवारों के नामों को मंजूरी देने में केंद्र के ‘पिक एंड चूज’ दृष्टिकोण पर आपत्ति जताई थी। पीठ ने कहा था कि उसे उम्मीद है कि ऐसी स्थिति नहीं आएगी जहां उसे या कॉलेजियम को कोई ऐसा निर्णय लेना पड़े जो सुखद न हो।