Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Sonia Gandhi Memoir Belonging A Journey of Love Row Claims Controversy and Reactions explainer

एक्सप्लेनर: सोनिया की किताब पर कांग्रेस से जुड़े रहे नेताओं-पूर्व सहयोगियों तक के सवाल, किन बातों पर बवाल?

Thu, 12 Nov 2026 02:46 PM IST
कीर्तिवर्धन मिश्र स्पेशल डेस्क, अमर उजाला
स्पेशल डेस्क, अमर उजाला Published by: कीर्तिवर्धन मिश्र Updated Thu, 12 Nov 2026 02:46 PM IST
सार

सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' पर उपजा सियासी विवाद। प्रणब मुखर्जी, 1984 सिख दंगे, इमरजेंसी और ऑपरेशन ब्लू स्टार के दावों पर किसने-क्या सवाल उठाए? पढ़ें पूरी रिपोर्ट...

विज्ञापन
Sonia Gandhi Memoir Belonging A Journey of Love Row Claims Controversy and Reactions explainer
सोनिया गांधी का संस्मरण- बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

कांग्रेस की पूर्व मुखिया और गांधी परिवार की सबसे वरिष्ठ सदस्य सोनिया गांधी का संस्मरण- 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' आ चुका है। इसमें कई बड़े खुलासे किए गए हैं। सोनिया ने इसमें इंदिरा गांधी की तरफ से लगाए गए आपातकाल (इमरजेंसी), स्वर्ण मंदिर पर ऑपरेशन ब्लू स्टार, 1984 के सिख दंगे, राजीव गांधी की हत्या की घटना, खुद प्रधानमंत्री न बनने, प्रणब मुखर्जी के प्रधानमंत्री बनने की मंशा, बाबरी मस्जिद विध्वंस कांड और भारत में लोकतांत्रिक व्यवस्था समेत कई अन्य मुद्दों को अपनी आंखो-देखी और नजरिए के साथ दुनिया के सामने रखा है। हालांकि, उनकी किताब के कई अंशों पर विवाद शुरू हो गया है। बवाल सिर्फ सियासी घटनाक्रमों को लेकर नहीं, बल्कि उन तथ्यों को लेकर भी है, जिनमें भारत का चित्रण किया गया है और यहां के सामाजिक ताने-बाने की चर्चा की गई है। 
विज्ञापन


चौंकाने वाली बात यह है कि सोनिया की किताब पर सवाल उठाने वालों में सिर्फ कांग्रेस की सियासी प्रतिद्वंद्वी भाजपा ही शामिल नहीं रही, बल्कि कांग्रेस नेता, कांग्रेस के पूर्व नेताओं के परिवार, कभी कांग्रेस के सहयोगी रहे दल, सामाजिक कार्यकर्ता और यहां तक कि खुद कांग्रेस के नेता भी शामिल हो गए। इन नेताओं ने बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव के तथ्यों से लेकर इन घटनाओं के जिक्र के पीछे सोनिया की मंशा तक पर सवाल खड़े कर दिए। साथ ही कई दावों और ऐतिहासिक संदर्भों को लेकर तीखा वार किया।
विज्ञापन
Trending Videos

आइये जानते हैं कि सोनिया गांधी की तरफ से उनके संस्मरण में दी गई किन-किन बातों पर हालिया दिनों में विवाद खड़ा हुआ है? इन मुद्दों पर किसने सवाल उठाया है और इसकी वजह क्या है?


1. प्रणब मुखर्जी की प्रधानमंत्री बनने की महत्वाकांक्षा

संस्मरण में दावा: सोनिया गांधी ने लिखा है कि 2010 में वित्त मंत्री पी. चिदंबरम से मतभेद के बाद प्रणब मुखर्जी ने हताशा में यह कहकर उन्हें स्तब्ध कर दिया था कि "शायद शीर्ष स्तर पर बदलाव का समय आ गया है।" सोनिया ने संस्मरण में कहा इसे प्रणब मुखर्जी की प्रधानमंत्री बनने की पुरानी इच्छा का संकेत समझा।
विज्ञापन

Sonia Gandhi Memoir Belonging A Journey of Love Row Claims Controversy and Reactions explainer
सोनिया गांधी की आत्मकथा का अंश। - फोटो : अमर उजाला
किसने सवाल उठाया: प्रणब मुखर्जी को लेकर किए गए इस दावे पर न सिर्फ उनकी बेटी शर्मिष्ठा मुखर्जी ने, बल्कि बंगाल कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने भी इसे निजी राय बताकर विवाद न बनाने को कहा। उधर कांग्रेस के पूर्व सांसद प्रदीप भट्टाचार्य ने भी माना कि उनमें ऐसी अव्यक्त महत्वाकांक्षा थी।

सवाल उठाने की वजह क्या, आपत्ति क्यों: शर्मिष्ठा मुखर्जी ने सोनिया के स्तब्ध होने वाले दावे पर पूछा कि इसमें स्तब्ध होने जैसी क्या बात थी और क्या (प्रणब मुखर्जी का) महत्वाकांक्षी होना कोई अपराध था। उन्होंने कहा कि उनके पिता ने दशकों के अनुभव, योग्यता और कड़ी मेहनत से वह मुकाम हासिल किया था, उन्हें किसी वंशवादी विशेषाधिकार के तहत पद नहीं मिला था। उन्होंने सवाल दागा कि क्या सोनिया गांधी इसलिए हैरान थीं कि गांधी-नेहरू परिवार से बाहर का कोई व्यक्ति ऐसा सपना देखने की हिम्मत कैसे कर सकता है।
विज्ञापन

2. 1984 के सिख विरोधी दंगे और सेना की तैनाती में देरी

संस्मरण में दावा: 1984 के सिख विरोधी दंगे और उनमें हिंसा को लेकर सोनिया गांधी ने लिखा कि तत्कालीन सेना प्रमुख जनरल एएस. वैद्य को 31 अक्टूबर 1984 की रात ही दिल्ली में सैन्य तैनाती के आदेश मिल गए थे। लेकिन उन्होंने नजदीकी टुकड़ियों को तैनात न करने का फैसला किया, क्योंकि उनमें सिख सैनिक शामिल थे। संस्मरण में कहा गया है कि जनरल वैद्य को डर था कि इससे दिल्ली में हालात बिगड़ सकते हैं। सोनिया ने कहा है कि जनरल वैद्य ने सैनिकों को और दूर- देहरादून से बुलाया, जिसमें कुछ समय लग गया।

इसके साथ ही सोनिया गांधी ने सिख दंगों में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को निर्दोष बताते हुए कहा कि उनके मन में किसी समुदाय के लिए कोई द्वेष नहीं था।

Sonia Gandhi Memoir Belonging A Journey of Love Row Claims Controversy and Reactions explainer
सोनिया गांधी के संस्मरण का अंश। - फोटो : अमर उजाला
किसने सवाल उठाया: सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील और भाजपा नेता एचएस. फुल्का, दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा, और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) नेता हरसिमरत कौर बादल।

सवाल उठाने की वजह क्या, आपत्ति क्यों: एचएस. फुल्का ने इसे आधिकारिक रिकॉर्ड के उलट और राजीव गांधी को अनचाही 'क्लीन चिट' देने का प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि सेना प्रमुख का काम केवल टुकड़ियां उपलब्ध कराना होता है, जबकि शहर में सेना की तैनाती और गोली मारने के आदेश का अधिकार नागरिक प्रशासन के पास था। उन्होंने बताया कि 31 अक्तूबर की रात और 1 नवंबर की सुबह दिल्ली में करीब 6,000 सैनिक उपलब्ध थे, जिन्हें बैरकों में रोके रखा गया।

उधर मनजिंदर सिंह सिरसा ने किताब को झूठ का पुलिंदा बताते हुए कहा कि सोनिया ने दंगों में मारे गए 2,000 से अधिक लोगों की संख्या तो लिखी, लेकिन हिंसा में नामजद कांग्रेस नेताओं, जैसे- सज्जन कुमार, जगदीश टाइटलर के नाम छिपा लिए, जिन्हें बाद में पार्टी टिकट और पद दिए गए थे।

हरसिमरत कौर बादल ने आपत्ति जताई कि गांधी परिवार की तीन पीढ़ियों ने इस कत्लेआम के लिए कभी माफी नहीं मांगी।

3. ऑपरेशन ब्लू स्टार और इंदिरा गांधी का 'पछतावा'

संस्मरण में दावा: सोनिया गांधी ने लिखा कि ऑपरेशन ब्लू स्टार के बाद स्वर्ण मंदिर और अकाल तख्त की तस्वीरें देखकर इंदिरा गांधी की आंखों में दर्द और पछतावे के आंसू थे।
 

Sonia Gandhi Memoir Belonging A Journey of Love Row Claims Controversy and Reactions explainer
सोनिया गांधी के संस्मरण का अंश। - फोटो : अमर उजाला
किसने सवाल उठाया: दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, पंजाब भाजपा प्रमुख केवल सिंह ढिल्लों और मनजिंदर सिंह सिरसा।

सवाल उठाने की वजह क्या, आपत्ति क्यों: नेताओं ने इसे सिख समुदाय के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा बताया। उन्होंने तर्क दिया कि जब सैन्य कार्रवाई का आदेश स्वयं इंदिरा गांधी ने दिया था, तो उन्हें इसके नतीजों का पता था; ऐसे में बाद में दुखी होने की बात कहना झूठी है। अगर सच्चा पछतावा था, तो दशकों तक सच क्यों दबाया गया और इसके लिए औपचारिक माफी क्यों नहीं मांगी गई।


4. 1975 की इमरजेंसी और संजय गांधी पर दोष

संस्मरण में दावा: सोनिया ने इमरजेंसी को एक गलती बताया और कहा कि इंदिरा गांधी भी ऐसा ही महसूस करने लगी थीं। उन्होंने यह भी लिखा कि अगर संजय गांधी पर नियंत्रण रखा गया होता, तो इस दौरान हुए नुकसान को रोका जा सकता था, और दावा किया कि राजीव गांधी इसके विरोध में थे।

Sonia Gandhi Memoir Belonging A Journey of Love Row Claims Controversy and Reactions explainer
सोनिया गांधी के संस्मरण का अंश। - फोटो : अमर उजाला
किसने सवाल उठाया: राष्ट्रीय लोक दल नेता केसी. त्यागी, भाजपा प्रवक्ता सीआर. केशवन और सुधांशु त्रिवेदी ने सोनिया के संस्मरण में किए गए इन दावों पर सवाल उठाए।

सवाल उठाने की वजह क्या, आपत्ति क्यों: केसी. त्यागी ने कहा कि इंदिरा गांधी के बजाय संजय गांधी पर दोष मढ़ने से गांधी परिवार के आंतरिक विवाद फिर खुलकर सामने आ गए हैं। वहीं, सुधांशु त्रिवेदी ने दावा किया कि राजीव गांधी ने 1985 में सार्वजनिक रूप से प्रेस कॉन्फ्रेंस में इमरजेंसी को सही कदम ठहराया था, इसलिए सोनिया का दावा ऐतिहासिक तथ्यों के विपरीत है। सीआर. केशवन ने आरोप लगाया कि किताब का मकसद नेहरू-गांधी परिवार के ऐतिहासिक पापों और संविधान की हत्या पर लीपापोती करना है।

ये भी पढ़ें: सोनिया ने बताया क्यों टूटा परिवार: मेनका के साथ कैसा था रिश्ता? 'इंदिरा के सामने करती थीं अपशब्द का इस्तेमाल'


5. बाबरी मस्जिद का जिक्र और तुष्टीकरण का आरोप

संस्मरण में दावा: सोनिया गांधी ने अपने संस्मरण में बाबरी मस्जिद की घटना का जिक्र किया है। उन्होंने कहा है कि जहां एक तरफ राजीव गांधी लगातार हिंदू और मुस्लिम समुदाय के बीच समझौते की कोशिश कर रहे थे।, वहीं भाजपा-आरएसएस मस्जिद का विध्वंस चाह रही थी।

गौरतलब है कि अपने संस्मरण के विमोचन से पहले हाल ही में एक इंटरव्यू में सोनिया गांधी ने 1992 में टीवी पर बाबरी मस्जिद का विध्वंस देखते हुए रो पड़ने की बात भी याद की थी।

Sonia Gandhi Memoir Belonging A Journey of Love Row Claims Controversy and Reactions explainer
सोनिया गांधी के संस्मरण का अंश। - फोटो : अमर उजाला
किसने सवाल उठाया: केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, भाजपा नेता रवि शंकर प्रसाद, विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) के संयुक्त महासचिव सुरेंद्र जैन और पूर्व पीएम पीवी. नरसिम्हा राव के पोते एनवी. सुभाष।

सवाल उठाने की वजह क्या, आपत्ति क्यों: इन नेताओं ने सोनिया गांधी के इस संवेदनशील वाकये के जिक्र को वोट बैंक और तुष्टीकरण की राजनीति करार दिया। उन्होंने सवाल किया कि क्या 1984 के सिख कत्लेआम, कश्मीरी हिंदुओं के विस्थापन व हत्याओं, गोधरा ट्रेन अग्निकांड, 26/11 मुंबई आतंकी हमलों या बाटला हाउस में शहीद हुए इंस्पेक्टर मोहन शर्मा के लिए सोनिया गांधी की आंखों से आंसू निकले थे?

दूसरी ओर एनवी. सुभाष ने यह भी आरोप लगाया कि गांधी परिवार की पुरानी आदत के तहत किताब में पूर्व प्रधानमंत्री पीवी. नरसिम्हा राव के योगदान को जानबूझकर नजरअंदाज किया गया है।


6. अन्ना हजारे का आंदोलन

संस्मरण में दावा: संस्मरण में कहा गया कि 2011–2012 के 'इंडिया अगेंस्ट करप्शन' आंदोलन को कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार को गिराने के लिए खड़ा किया गया था। सोनिया ने दावा किया है कि इस आंदोलन को भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का गुप्त समर्थन हासिल था।

Sonia Gandhi Memoir Belonging A Journey of Love Row Claims Controversy and Reactions explainer
सोनिया गांधी के संस्मरण का अंश। - फोटो : अमर उजाला
किसने सवाल उठाया: सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे।

सवाल उठाने की वजह क्या, आपत्ति क्यों: अन्ना हजारे ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि उनका भाजपा या आरएसएस से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि उन्होंने समाज और देश के लिए आंदोलन किया था, किसी राजनीतिक दल के लिए नहीं, और बिना किसी आधार के ऐसे गैर-जिम्मेदाराना बयान देना अनुचित है।


7. नीतीश कुमार और 'इंडिया' गठबंधन पर दावा

संस्मरण में दावा: सोनिया गांधी ने 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले नीतीश कुमार के इंडिया गठबंधन से बाहर निकलने की घटना का भी जिक्र किया। उन्होंने लिखा कि नीतीश कुमार विपक्षी गठबंधन से बाहर निकलने का बहाना ढूंढ रहे थे और वे केंद्र में सत्तासीन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रभाव में थे।

किसने सवाल उठाया: जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा और राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद।

सवाल उठाने की वजह क्या, आपत्ति क्यों: जदयू ने इस टिप्पणी को ओछी और आहत करने वाली बताया। उन्होंने याद दिलाया कि नीतीश कुमार ही इंडिया गठबंधन के मुख्य सूत्रधार थे, जिन्होंने हिचकिचा रहे क्षेत्रीय दलों को कांग्रेस के साथ एक मंच पर लाने का काम किया था। उन्होंने कहा कि गठबंधन कांग्रेस और उसके सहयोगियों की अति-महत्वाकांक्षाओं के कारण बिखरा, न कि नीतीश कुमार के कारण।


8. 2004 में प्रधानमंत्री पद का त्याग

संस्मरण में दावा: सोनिया ने 2004 में प्रधानमंत्री पद ठुकराने से पहले के अपने आंतरिक द्वंद्व का जिक्र किया और कहा कि उन्होंने खुद पीएम पद छोड़ दिया और इसके लिए मनमोहन सिंह को चुना।

किसने सवाल उठाया: भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी।

सवाल उठाने की वजह क्या, आपत्ति क्यों: त्रिवेदी ने तंज कसते हुए इसे 'सुपर पीएम बनने का सुपर त्याग' कहा। उन्होंने कहा कि पीएम पद छोड़कर उन्होंने कैबिनेट रैंक के साथ राष्ट्रीय सलाहकार परिषद (एनएसी) की अध्यक्षता ली थी, जो लाभ का पद था। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि 1999 में वाजपेयी सरकार गिरने के बाद सोनिया गांधी ने राष्ट्रपति भवन के बाहर 272 सांसदों का दावा करके प्रधानमंत्री बनने की पूरी कोशिश की थी।


विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed