Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   sonia-gandhi-legal-notice-savarkar-book-distorted-portrayal-apology

सोनिया के संस्मरण पर विवाद: सावरकर पर टिप्पणी के लिए भेजा कानूनी नोटिस, प्रपौत्र ने की बिना शर्त माफी की मांग

Mon, 23 Nov 2026 11:39 PM IST
देवेश त्रिपाठी पीटीआई, मुंबई
पीटीआई, मुंबई Published by: देवेश त्रिपाठी Updated Mon, 23 Nov 2026 11:39 PM IST
सार

कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग : ए जर्नी ऑफ लव’ में वी डी सावरकर के उल्लेख को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सावरकर के प्रपौत्र सत्यकी सावरकर ने किताब के दो पन्नों पर लिखी टिप्पणियों को ऐतिहासिक तथ्यों के विपरीत और उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने वाला बताया है।

विज्ञापन
sonia-gandhi-legal-notice-savarkar-book-distorted-portrayal-apology
सोनिया गांधी के संस्मरण पर विवाद - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की किताब में स्वतंत्रता सेनानी विनायक दामोदर सावरकर के कथित गलत चित्रण को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सावरकर के प्रपौत्र सत्यकी सावरकर ने सोनिया गांधी को कानूनी नोटिस भेजकर बिना शर्त माफी मांगने, स्पष्टीकरण देने और किताब में संबंधित टिप्पणियों को सुधारने की मांग की है। 
विज्ञापन


किन टिप्पणियों पर जताई गई आपत्ति?
अधिवक्ता संग्राम कोल्हटकर की ओर से भेजे गए इस नोटिस में सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग : ए जर्नी ऑफ लव’ के पेज 201 और 443 पर लिखी बातों पर आपत्ति जताई गई है। नोटिस में इन टिप्पणियों को तथ्यात्मक रूप से गलत, ऐतिहासिक संदर्भों के लिहाज से भ्रामक और सावरकर की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने वाला बताया गया है। 
विज्ञापन


नोटिस के मुताबिक, सत्यकी सावरकर को हाल ही में हार्परकॉलिन्स पब्लिशर्स इंडिया की ओर से प्रकाशित यह किताब मिली थी। इसका प्रकाशन कथित तौर पर 10 नवंबर को हुआ था। किताब में सावरकर से संबंधित टिप्पणियों को पढ़ने के बाद उन्होंने कानूनी नोटिस भेजा।
विज्ञापन
विज्ञापन


पेज 201 पर लिखी टिप्पणी पर आपत्ति
नोटिस में किताब के पेज 201 पर लिखे उस अंश का जिक्र है, जिसमें कहा गया है कि जब कांग्रेस के स्वतंत्रता सेनानी अंग्रेज शासकों के हाथों हमले और जेल की सजा झेल रहे थे, तब राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ विचारक विनायक दामोदर सावरकर अंग्रेज शासकों के सामने दया याचिकाएं लिख रहे थे और उनके संगठन के सदस्य अंग्रेज अधिकारियों के साथ मुखबिर के तौर पर काम कर रहे थे।

सत्यकी सावरकर ने इस टिप्पणी पर आपत्ति जताते हुए कहा है कि इससे यह धारणा बनती है कि वी डी सावरकर अंग्रेजों के लिए भारतीय स्वतंत्रता सेनानियों के खिलाफ मुखबिरी करने या उनके साथ सहयोग करने से जुड़े थे। नोटिस में इस आरोप को ऐतिहासिक संदर्भों से परे और निराधार बताया गया है।

इसमें कहा गया है कि सावरकर ने ब्रिटिश शासन के दौरान लंबे समय तक जेल में यातनाएं और कठिन परिस्थितियां झेलीं। उन्हें अंडमान स्थित सेल्युलर जेल में भी कैद रखा गया था। नोटिस के अनुसार, उनकी ओर से जेल के दौरान दी गई याचिकाओं का उल्लेख करते समय उन परिस्थितियों, ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और संबंधित घटनाओं को नजरअंदाज करना उनके जीवन और राजनीतिक संघर्ष की अधूरी तथा विकृत तस्वीर पेश करता है।

पेज 443 पर विचारधारा के चित्रण पर भी सवाल
नोटिस में किताब के पेज 443 पर लिखी टिप्पणी को भी चुनौती दी गई है। इसमें सावरकर को हिंदुत्व विचारधारा का संस्थापक बताते हुए उनके नजरिये को ऐसे भारत की परिकल्पना के रूप में प्रस्तुत किया गया है, जहां हिंदुओं का वर्चस्व हो। इसमें इस विचारधारा को आरएसएस, भाजपा और उनसे जुड़े संगठनों से भी जोड़ा गया है। सत्यकी सावरकर ने इस चित्रण को उनकी राजनीतिक और वैचारिक सोच का सरलीकरण तथा गलत प्रस्तुति बताया है।

नोटिस में कहा गया है कि सावरकर के लेखन, भाषणों और राजनीतिक विचारों को उनके समय के ऐतिहासिक, बौद्धिक और राजनीतिक संदर्भों में समझने की जरूरत है। नोटिस के मुताबिक, किताब के दोनों पन्नों पर लिखी टिप्पणियों को एक साथ पढ़ने से सावरकर की स्वतंत्रता संग्राम में भूमिका और उनकी विचारधारा, दोनों के बारे में भ्रामक तस्वीर बनती है। इससे पाठकों के मन में उनकी ऐतिहासिक प्रतिष्ठा और विरासत को लेकर गलत धारणा पैदा हो सकती है।

इंदिरा गांधी के कार्यकाल के फैसलों का भी दिया हवाला
कानूनी नोटिस में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के कार्यकाल के दौरान केंद्र सरकार की ओर से किए गए उन कार्यों का भी जिक्र किया गया है, जिन्हें सावरकर के देशभक्त और स्वतंत्रता सेनानी के रूप में सम्मान की आधिकारिक मान्यता बताया गया है।
इसमें सावरकर के सम्मान में विशेष स्मारक डाक टिकट जारी किए जाने और इंदिरा गांधी की ओर से अपने बैंक खाते से स्वतंत्रवीर सावरकर राष्ट्रीय स्मारक के लिए 11 हजार रुपये दिए जाने का उल्लेख है।

नोटिस में वी डी सावरकर के नेतृत्व में चले भागानगर (हैदराबाद) नि:शस्त्र प्रतिरोध आंदोलन में जेल जाने वाले कार्यकर्ताओं को स्वतंत्रता सेनानी के रूप में मान्यता देने की बात भी कही गई है। इसके अलावा, 1983 में सावरकर की जन्मशती के अवसर पर फिल्म्स डिवीजन ऑफ इंडिया की ओर से उनकी जीवनी पर आधारित आधिकारिक वृत्तचित्र बनवाने का भी हवाला दिया गया है। नोटिस में सोनिया गांधी से पूछा गया है कि किताब के पेज 201 पर लिखी टिप्पणी को इन सरकारी रिकॉर्ड और इंदिरा गांधी के व्यक्तिगत योगदान के साथ किस तरह सही ठहराया जा सकता है।

15 दिन में माफी और किताब में सुधार की मांग
सत्यकी सावरकर ने सोनिया गांधी से दोनों टिप्पणियों के लिए लिखित, स्पष्ट और बिना शर्त माफी मांगने को कहा है। साथ ही उनसे इन टिप्पणियों के ऐतिहासिक आधार, संदर्भ और आशय को स्पष्ट करने तथा तथ्यात्मक गलतियों और भ्रामक संकेतों को स्वीकार कर सुधारने की मांग की है।


नोटिस में यह भी कहा गया है कि सोनिया गांधी हार्परकॉलिन्स पब्लिशर्स इंडिया से बातचीत कर किताब के अगले संस्करणों, दोबारा छपने वाली प्रतियों और इलेक्ट्रॉनिक संस्करणों में आपत्तिजनक टिप्पणियों को सुधारने, उचित संदर्भ जोड़ने या हटाने के लिए कदम उठाएं। नोटिस मिलने के 15 दिनों के भीतर मांगें पूरी नहीं होने पर सत्यकी सावरकर ने सक्षम अदालत या प्राधिकरण के समक्ष उचित कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed