Covovax: SII ने स्वास्थ्य मंत्रालय को लिखा पत्र, कोविन पोर्टल में कोवोवैक्स को शामिल करने की रखी मांग
इससे पहले ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (DCGI) ने 16 जनवरी को कोवोवैक्स के लिए बाजार प्राधिकरण को वयस्कों के लिए एक विषम बूस्टर खुराक के रूप में अनुमोदित किया था। जिन्हें कोविशील्ड या कोवाक्सिन की दो खुराक दी गई हैं।
विस्तार
बीते साल दिसंबर में चीनी सरकार द्वारा लगभग तीन वर्षों के बाद कोरोना महामारी को लेकर लागू जीरो कोविड-19 पॉलिसी को खत्म कर दिया था। जिसके कारण कुछ ही हफ्तों बाद वहां कोरोना मामलों में भारी वृद्धि हुई है। चीन में कोरोना में तेजी को देखते हुए भारत सरकार ने सख्त कदम उठाए हैं। इस बीच सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय को पत्र लिखकर अपनी कोविड वैक्सीन कोवोवैक्स को वयस्कों के लिए विषम बूस्टर खुराक के रूप में कोविन पोर्टल में शामिल करने की मांग की है। आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को इस बारे में जानकारी दी। इससे पहले केंद्रीय दवा नियामक प्राधिकरण (Drug Regulatory Authority ) के एक विशेषज्ञ पैनल ने कोवोवैक्स को बाजार में उतारने की सिफारिश की थी। गौरतलब है कि कोवोवैक्स को उन वयस्कों को विषम बूस्टर खुराक के रूप में दिया जाएगा, जिन्हें कोविशील्ड या कोवाक्सिन की दो खुराक दी गई हैं।
सूत्रों के मुताबिक, स्वास्थ्य मंत्रालय को पत्र सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (SII) में सरकार और नियामक मामलों के निदेशक प्रकाश कुमार सिंह द्वारा लिखा गया था। वहीं, सूत्रों ने यह भी बताया है कि जल्द ही CoWIN पोर्टल पर कोविड वैक्सीन कोवोवैक्स को शामिल करने के बारे में टीकाकरण पर राष्ट्रीय तकनीकी सलाहकार समूह (NTAGI) की अनुमति मिलने की संभावना है।
इससे पहले ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (DCGI) ने 16 जनवरी को कोवोवैक्स के लिए बाजार प्राधिकरण को वयस्कों के लिए एक विषम बूस्टर खुराक के रूप में अनुमोदित किया था। जिन्हें कोविशील्ड या कोवाक्सिन की दो खुराक दी गई हैं। डीसीजीआई की मंजूरी केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन की विषय विशेषज्ञ समिति (एसईसी) की सिफारिशों पर आधारित थी।
DCGI ने 28 दिसंबर 2021 को वयस्कों के लिए आपातकालीन स्थितियों में शर्तों के साथ उपयोग के लिए मंजूरी दी थी। इसके बाद कुछ शर्तों के साथ 9 मार्च 2022 को 12-17 आयु वर्ग के लिए और 28 जून 2022 को 7-11 वर्ष की आयु के बच्चों के लिए कोवोवैक्स को मंजूरी दी गई थी।
कोवोवैक्स को सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया द्वारा नोवावैक्स से प्रौद्योगिकी हस्तांतरण के माध्यम से निर्मित किया जाता है। इसे सशर्त विपणन प्राधिकरण के लिए यूरोपीय मेडिसिन एजेंसी द्वारा अनुमोदित किया गया है। इसे 17 दिसंबर 2021 को विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) द्वारा आपातकालीन-उपयोग सूची में शामिल किया गया था। अगस्त 2020 में यूएस-आधारित वैक्सीन निर्माता नोवावैक्स इंक ने भारत और निम्न-मध्यम-आय वाले देशों में अपने कोरोना वैक्सीन उम्मीदवार NVX-CoV2373 के विकास और व्यावसायीकरण के लिए SII के साथ एक लाइसेंस समझौते की घोषणा की थी।