Big News: ठाणे के पुलिस स्टेशन में भाजपा विधायक ने की गोलीबारी, शिवसेना-शिंदे गुट के नेता समेत दो घायल
सूत्रों ने कहा कि शिवसेना शिंदे गुट के नेता महेश गायकवाड़ घायल हुए हैं। उन्हें ठाणे शहर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल पुलिस प्राथमिकी दर्ज करने की बात कह रही है।
विस्तार
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में शुक्रवार देर रात पुलिस थाने के परिसर में गोलीबारी की घटना हुई है। गोलीबारी में शिवसेना (एकनाथ शिंदे) गुट के स्थानीय नेता समेत दो लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने बताया कि उल्हासनगर के हिल लाइन पुलिस स्टेशन में रात करीब 10:30 बजे हुई। शिवसेना शिंदे गुट के नेता महेश गायकवाड़ घायल हुए हैं। उन्हें ठाणे शहर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया।
रिपोर्टों के अनुसार, भाजपा विधायक गणपत गायकवाड़ और महेश गायकवाड़ शुक्रवार को हिल लाइन पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक अनिल जगताप के हॉल में बातचीत कर रहे थे। तभी भाजपा विधायक गणपत गायकवाड़ ने महेश गायकवाड़ और उनके समर्थकों पर गोलियां चला दीं। घटना में महेश गायकवाड़ बुरी तरह घायल हो गए हैं और उनका इलाज ठाणे के ज्यूपिटर अस्पताल में चल रहा है।
डीसीपी सुधाकर पठारे ने कहा, किसी बात को लेकर महेश गायकवाड और गणपत गायकवाड के बीच अनबन हो गई और वे शिकायत करने थाने आ गए। इस दौरान उनके बीच बहस हो गई और गणपत गायकवाड ने महेश गायकवाड और उसके लोगों पर गोली चला दी। इसमें दो लोग घायल हो गए हैं। घटना की जांच चल रही है।
बीएमसी अस्पतालों में महंगा होगा यूपी-बिहार के मरीजों का इलाज
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के अस्पतालों में अब यूपी-बिहार से इलाज कराने आने वाले मरीजों को अधिक शुल्क देना पड़ेगा। इसके लिए बीएमसी अलग शुल्क दर निर्धारित करेगी। शुक्रवार को वित्तीय वर्ष 2024-2025 का बजट पेश करते हुए बीएमसी आयुक्त इकबाल सिंह चहल ने यह घोषणा की। वहीं, इसका विरोध भी शुरू हो गया है। बीएमसी आयुक्त कहा, मुंबई निवासियों के अलावा किसी को भी बीएमसी अस्पतालों में मुफ्त में दवा नहीं मिलेगी। मुंबई के बाहर से आने वाले मरीजों से दोगुना शुल्क वसूला देना होगा। आयुक्त ने कहा कि मुंबई निवासियों से मिलने वाले टैक्स का ज्यादातर पैसा स्वास्थ्य सेवाओं पर खर्च किया जाता है। इसलिए बाहर से आने वाले मरीजों से अतिरिक्त शुल्क वसूलने के बारे में अध्ययन कर निर्णय लिया जाएगा।
जस्टिस संधवालिया होंगे पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट के कार्यकारी चीफ जस्टिस
पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के जस्टिस गुरमीत सिंह संधवालिया को इसी हाईकोर्ट का कार्यकारी मुख्य न्यायाधीश बनाया गया है। राष्ट्रपति ने शुक्रवार को जारी आदेश में कहा कि जस्टिस संधवालिया वर्तमान कार्यकारी मुख्य न्यायाधीश जस्टिस रितु बाहरी के उत्तराखंड हाईकोर्ट में पूर्णकालिक मुख्य न्यायाधीश का पद संभालने के दिन से नए पद का काम संभालेंगे। जस्टिस संधवालिया वरिष्ठता क्रम में चीफ जस्टिस बाहरी के बाद दूसरे नंबर पर हैं। उनके पिता जस्टिस सुरजीत सिंह संधवालिया भी पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट एवं पटना हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश थे।
पिछले पांच साल में बाल दुर्व्यवहार के 77 मामले दर्ज
पिछले पांच सालों में बाल आश्रय व बाल देखभाल संस्थानों में बाल दुर्व्यवहार के 77 मामले दर्ज किए गए हैं। शुक्रवार को लोकसभा में महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने यह जानकारी दी। उत्तर प्रदेश में ऐसे सबसे अधिक मामले (12) सामने आए हैं। उन्होंने बाल दुर्व्यवहार के आंकड़े भी साझा किए। एक अन्य प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि कुल 5,175 बच्चों को स्वदेश वापसी के लिए गो होम एंड री-यूनाइट (जीएचएआर) पोर्टल पर पंजीकृत किया गया है।
बच्चे का जैविक पिता बना केरल का ट्रांसजेंडर
लिंग सर्जरी के माध्यम से पुरुष बना केरल में एक ट्रांसजेंडर ने महिला साथी के साथ जैविक रूप से एक बच्चे को जन्म दिया है। उसकी पत्नी ने एक निजी अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया। रेनाई सेंटर फॉर फर्टिलिटी एंड रिप्रोडक्टिव हेल्थ के डॉ. जिशा वर्गीस और उनकी टीम ने जटिल प्रजनन संरक्षण उपचार के माध्यम से इस कार्य को संभव बनाया। डॉ. जिशा ने कहा कि पहली बार है कि देश में ट्रांसजेंडरों को इस तरह की सफलता मिली है। उन्होंने कहा, ट्रांसजेंडर की अस्पताल के साथ यात्रा 2021 में शुरू हुई थी। शादी के बाद जोड़े ने संरक्षित भ्रूण निषेचन माध्यम से बच्चे को जन्म देने का फैसला किया। सावधानीपूर्वक देखभाल और विशेषज्ञता से डॉक्टरों ने महिला में भ्रूण का सफल प्रत्यारोपण किया। पिछले साल दिसंबर में जोड़े ने 2.8 किलोग्राम वजन वाले एक स्वस्थ बच्चे काे जन्म दिया।
अमेरिका में सर्वोच्च स्तर पर है संरक्षणवाद: कांत
भारत के जी-20 शेरपा अमिताभ कांत ने शुक्रवार को कहा कि अमेरिका सर्वोच्च स्तर पर संरक्षणवाद करता है और विकासशील देशों को ऐसा करने पर आपत्ति जताता है। इसी के साथ उन्होंने भारत के कराधान और नियामक ढांचे में सुधार के अमेरिकी राजदूत एरिक गार्सेटी के सुझाव को खारिज कर दिया। जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल (जेएलएफ) में कांत ने कहा कि सरकार मेक इन इंडिया पहल और सर्वोत्तम प्रथाओं से भारत को वैश्विक चैंपियन बनाएगी, जरूरी नहीं कि अमेरिकी राजदूत भारत में जिसकी वकालत कर रहे हैं उसका पालन किया जाए। कांत ने कहा, अमेरिका ने तमाम कानूनों को माध्यम से संरक्षणवाद को बढ़ावा दिया है। अमेरिका केवल उन कंपनियों को सब्सिडी दे रहा है जो वहां हाइड्रोजन का उत्पादन करती हैं। यह संरक्षणवाद का उच्चतम स्तर है।
गार्सेटी ने मंगलवार को इंडो-अमेरिकन चैंबर ऑफ कॉमर्स को संबोधित करते हुए कहा था कि सब कुछ भारत में ही बनाए जाने की नीति देश के विकास को धीमा कर सकती है। उन्होंने आर्थिक क्षेत्र में लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए भारत में निर्यात नियंत्रण और निर्यात नीतियों में बदलाव की वकालत की थी।
राजस्थान के कोटा में यूपी के गोंडा निवासी बीटेक अंतिम वर्ष के छात्र नूर मोहम्मद (27) ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उसका शव बृहस्पतिवार रात विज्ञान नगर इलाके में उसके कमरे से बरामद किया गया। कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। चेन्नई की एसआरएम यूनिवर्सिटी का छात्र नूर पेइंग गेस्ट के तौर पर रहता था। वह ऑनलाइन कक्षाएं लेता था। कोटा में आत्महत्या की दस दिन में तीसरी घटना है।
आकलन वर्ष 2024-25 के लिए आईटीआर फॉर्म जारी
केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड ने आकलन वर्ष 2024-25 के लिए एक से छह तक सभी तरह का फॉर्म जारी कर दिया है। फॉर्म जल्दी जारी होने से करदाता आयकर रिटर्न (आईटीआर) भर सकते हैं। केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड ने बताया, सालाना 50 लाख रुपये तक की आय वाले लोग फॉर्म-1 भर सकते हैं। जिनकी कारोबार या पेशे से आय नहीं है, वे फॉर्म-2 भर सकते हैं। कारोबार या पेशे से आय वाले फॉर्म-3 भर सकते हैं। आईटीआर-4 (सुगम फॉर्म) निजी व हिंदू अविभाजित परिवार और कंपनियों के लिए है। भागीदार व एलएलपी फर्म फॉर्म-5 भर सकते हैं, जबकि बाकी फॉर्म-6 भर सकते हैं।
राज्यसभा के लिए रघुराम राजन हो सकते हैं एमवीए के उम्मीदवार
भारतीय रिजर्व बैंक के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन महाराष्ट्र से राज्यसभा के लिए कांग्रेस या महाराष्ट्र विकास आघाड़ी (एमवीए) के उम्मीदवार हो सकते हैं। 31 जनवरी को उद्धव ठाकरे से राजन की मुलाकात के बाद इन चर्चाओं को बल मिला। बैठक के बाद, शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा था कि अपने घर मातोश्री में रघु राजन की मेजबानी करना वास्तव में खुशी की बात है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर संसद के दोनों सदनों में शुक्रवार को चर्चा की शुरुआत हुई। विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए भाजपा ने कहा कि इंडिया गठबंधन 11 कप्तानों वाली क्रिकेट टीम है, जो अन्य खिलाड़ियों को जगह देने के लिए तैयार है। लोकसभा में चर्चा की शुरुआत सांसद हीना गावित, तो राज्यसभा में भाजपा सांसद कविता पाटीदार ने की। लोकसभा में हिना ने कहा कि विपक्षी गठबंधन के नेता बिग बॉस प्रतिभागियों की तरह हैं, जो एक ही छत के नीचे रहते हैं, लेकिन हर किसी की नजर पीएम बनने की ट्रॉफी पर है। तृणमूल कांग्रेस नेता ममता बनर्जी को प. बंगाल की कप्तान बताते हुए कहा कि वह टीम में कांग्रेस को शामिल करने को तैयार नहीं हैं। आप संयोजक अरविंद केजरीवाल पंजाब के कप्तान हैं, जो कांग्रेस को टीम का 12वां सदस्य मान रहे हैं। महाराष्ट्र के नंदूरबार से सांसद हीना ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश में सर्वांगीण विकास हो रहा है। इसलिए इंडिया गठबंधन के नेता एक के बाद एक पाला बदल रहे हैं।
पीएम ने बनाई लोगों की समस्याओं से दूरी : गोगोई
कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने केंद्र सरकार पर कुशासन का आरोप लगाया। कहा, यह नोटबंदी, बढ़ती बेरोजगारी और सीमाओं पर अतिक्रमण जैसे फैसलों में नजर आता है। गोगोई ने यह भी कहा कि पीएम मोदी लोगों के बीच उठकर इस पद तक पहुंचे हैं लेकिन उन्होंने अब आम जनता की समस्याओं और कठिनाइयों से दूरी बना ली है। गोगोई ने आरोप लगाया कि सरकार सुनिश्चित योजना के तहत लोकतंत्र खत्म कर राजतंत्र को स्थापित करने की कोशिश कर रही है।
जीएसटी पंजीकरण के लिए जल्द ही पूरे देश में आधार से बायोमीट्रिक सुविधा शुरू होगी। केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड यानी सीबीआईसी के प्रमुख संजय कुमार अग्रवाल ने कहा, इस सुविधा से संदिग्ध लोग पंजीकरण से बाहर हो जाएंगे। अभी दो राज्यों गुजरात, आंध्र प्रदेश और केंद्र शासित पुडुचेरी में यह सुविधा है। अग्रवाल ने शुक्रवार को कहा, आधार से बायोमीट्रिक पंजीकरण की सुविधा का सकारात्मक परिणाम दिख रहा है। गुजरात में पंजीकरण में गिरावट आई है। जो लोग दूसरों के पहचान पत्र पर फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट का दावा करते थे, उनकी पहचान अब हो रही है। उनके मुताबिक, उत्साहजनक परिणामों से अब अधिक से अधिक राज्य इसे चुनेंगे या इसे सभी राज्यों पर समान रूप से लागू किया जा सकता है। जीएसटी अधिकारी अभी पंजीकरण करने वाले आवेदकों की पहचान स्थापित करने के लिए ओटीपी-आधारित आधार प्रमाणीकरण का उपयोग कर रहे हैं।
बीएमसी ने पेश किया 60 हजार करोड़ का बजट, महिलाओं के लिए विशेष प्रावधान
भारत की सबसे अमीर नगर निकाय बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) आयुक्त इकबाल सिंह चहल ने शुक्रवार को वित्तीय वर्ष 2024-2025 के लिए 59,954.75 करोड़ रुपये का बजट पेश किया। पिछली बार की तुलना में इस बार बजट में 13.93 फीसदी की बढ़ोतरी की गई है। बजट में मुंबईवासियों पर कोई नया कर न लगाते हुए कई नई घोषणाएं की गई हैं। बीएमसी ने केंद्र सरकार की तर्ज पर महिलाओं के लिए खर्च का प्रावधान किया है। बजट में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के राजनीतिक गुरु आनंद दिघे के नाम पर धर्मवीर आनंद दिघे दिव्यांग सहायता योजना शुरू करने की घोषणा की गई है, जिसमें 18 वर्ष से अधिक उम्र के दिव्यांगों को आर्थिक मदद की जाएगी।
गहलोत सरकार की योजनाओं की समीक्षा करेगी चार सदस्यीय समिति
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने पूर्ववर्ती अशोक गहलोत के कार्यकाल में शुरू की गई योजनाओं की समीक्षा के लिए चार सदस्यीय समिति गठित की है। राजस्थान सरकार के आधिकारिक आदेश के मुताबिक स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह, संसदीय मंत्री जोगाराम पटेल, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा और पीडब्ल्यूडी मंत्री मंजू बाघमार की समिति तीन महीने में अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। समिति पूर्व सीएम अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली सरकार के दौरान 1 अप्रैल, 2023 से 14 दिसंबर, 2023 के बीच मंत्रिपरिषद और विभाग स्तर पर लिए लिए गए फैसलों के साथ ही पिछले पांच साल में किए गए गहलोत सरकार के कार्यों की समीक्षा करेगी।
शिकायतों से नाराज पिता ने बेटे को जहर देकर मार डाला
महाराष्ट्र के सोलापुर में एक पिता ने अपने बेटे के व्यवहार से नाराज होकर उसे कोल्ड ड्रिंक में सोडियम नाइट्रेट पिला दिया। इससे 14 वर्षीय बेटे की मौत हो गई। आरोपी विजय बट्टू (43) ने दावा किया है कि वह गुस्से में था। उसे लगातार बेटे (विशाल) के बारे में स्कूल से शिकायतें मिल रही थीं। विशाल पूरा दिन फोन में लगा रहता था और पढ़ाई पर ध्यान नहीं देता था। पुलिस के मुताबिक, विशाल के घर से गायब होने पर विजय और उसकी पत्नी कीर्ति ने 13 जनवरी को गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। शुरू से ही पिता विजय का व्यवहार संदिग्ध लग रहा था। सख्ती करने पर उसने बेटे को सोडियम नाइट्रेट युक्त कोल्ड ड्रिंक पिलाने और फिर उसके शव को तुलजापुर नाका के पास नाले में छोड़ने की बात कबूल की।
बस में मिली 4.47 करोड़ की नकदी, सोना और चांदी जब्त
आंध्र प्रदेश में हैदराबाद-बंगलूरू राजमार्ग पर वाहनों की जांच करते हुए 4.47 करोड़ रुपये मूल्य की नकदी, सोना और चांदी जब्त की गई है। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि अमाकाथाडु टोल प्लाजा पर वेलदुर्थी में राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर एक निजी यात्री बस से चार लोगों के पास से 1.84 करोड़ रुपये नकद, 2.59 करोड़ रुपये का 4.4 किलोग्राम सोना और 3.7 लाख रुपये की पांच किलोग्राम चांदी जब्त की गई है। आरोपियों के पास दस्तावेज नहीं थे। चारों को हिरासत में लिया गया है।
केंद्रीय मंत्री एसपी बघेल ने लोकसभा में दावा किया कि पिछले 10 साल में देश में एक भी व्यक्ति की मौत भूख से नहीं हुई। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने भ्रष्टाचार मुक्त सरकार चलाई है। दस वर्षों में उनकी सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार का एक भी आरोप सामने नहीं आया है। प्रधानमंत्री मोदी कभी भी भ्रष्टाचार, वंशवादी राजनीति और अन्याय के मुद्दों पर समझौता नहीं करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 19 फरवरी को मुंबई कोस्टल रोड के पहले चरण का उद्घाटन करेंगे। साथ ही पीएम गोरेगांव-मुलुंड लिंक रोड की आधारशिला भी रखेंगे। नगर निगम कमिश्नर इकबाल सिंह चहल ने बताया कि 13,983 करोड़ की कोस्टल रोड पर 84% काम पूरा हो चुका है।
सिक्किम की पर्वतारोही मनिता प्रधान ने माउंट एकॉनकागुआ किया फतह
दक्षिण अमेरिका महाद्वीप की सबसे ऊंची चोटी फतह करने के बाद सिक्किम की पर्वतारोही मनिता प्रधान ने कहा कि अब वहां मेरे देश का तिरंगा हमेशा लहराता रहेगा। 38 वर्षीय पर्वतारोही ने 31 जनवरी को माउंट एकॉनकागुआ पर विजय हासिल की थी। बैस कैंप से अमर उजाला से खास बातचीत में प्रधान ने कहा, अगर आप सही दिशा में ऊर्जा लगाएंगे तो हर सपना साकार हो होगा। जब आप अपनी मंजिल पर पहुंच जाते हैं, तब आपकी सारी थकान दूर हो जाती है। उन्होंने कहा कि माउंट एकॉनकागुआ पर चढ़ना पृथ्वी के सात महाद्वीपों में से प्रत्येक के सबसे ऊंचे पर्वत सेवन समिट्स पर विजय हासिल करने का हिस्सा है। मनिता कहती हैं, बेटियां आज सपने बुन भी रही हैं और उसे साकार करके भी दिखा रही हैं। आज भारत की बेटियां किसी से कम नहीं हैं, हर क्षेत्र में परचम लहरा रही हैं। उन्होंने इस सफलता में सहयोग के लिए सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम तमांग का आभार जताया।
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के स्कूल प्रमुखों को सरस 5.0 में सत्र 2025-26 के लिए विभिन्न श्रेणियों के तहत आवेदन जमा कराना होगा। ये एक फरवरी से 30 अप्रैल तक के लिए खुला है। इसमें मध्यम वर्ग के सिलेबस को मंजूरी, माध्यमिक स्तर तक नई संबद्धता, वरिष्ठ माध्यमिक स्तर तक नई संबद्धता, साइट शिफ्टिंग की अनुमति, संबद्धता की बहाली, दो शिफ्ट की अनुमति, स्कूल का नाम परिवर्तन की अनुमति समेत अन्य श्रेणियों को लिया गया है। वहीं, बोर्ड ने परिपत्र जारी कर आवेदक स्कूल से अनुरोध किया है कि वे वेबसाइट पर दिए गए दिशा-निर्देशों का पालन करें।