आज के दिन: यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का होगा आगाज, जौहर यूनिवर्सिटी मामले में सुनवाई
नमस्कार! आज है शुक्रवार, 25 सितंबर इस खबर के जरिए हम आपको बताएंगे कि आज देश-दुनिया में क्या कुछ होने वाला है? आइए जानते हैं...
विस्तार
आज 25 सिंतबर 2026 को भाद्रपद माह के शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी है। आज से यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो की शुरुआत होगी। जौहर यूनिवर्सिटी मामले में सुनवाई होगी।
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो की शुरुआत
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के चौथे संस्करण का आज उद्घाटन करेंगे। 29 सितंबर तक चलने वाले इस ट्रेड शो का आयोजन ग्रेटर नोएडा में हो रहा है। यह आयोजन उत्तर प्रदेश की ताकत और हर जिले के विशेष उत्पादों को प्रदर्शित करेगा। यह योगी आदित्यनाथ की सरकार के दूसरे कार्यकाल का अंतिम इंटरनेशनल ट्रेड शो होगा। (संबंधित खबर यहां पढ़ें।)
जौहर यूनिवर्सिटी मामले में सुनवाई
जौहर यूनिवर्सिटी के 38 भवनों के ध्वस्तीकरण आदेश के विरुद्ध मंडलायुक्त कोर्ट में दायर याचिका पर आज सुनवाई हो सकती है। दरअसल, जिलाधिकारी एवं आरडीए उपाध्यक्ष अजय कुमार द्विवेदी ने 15 जुलाई के आदेश में जौहर यूनिवर्सिटी के 40 भवनों में से 38 को अवैध मानते हुए ध्वस्त करने का आदेश दिया था। जौहर यूनिवर्सिटी और ट्रस्ट की ओर से इस आदेश को मंडलायुक्त कोर्ट में चुनौती दी गई है। फिलहाल याचिका स्वीकार करने को लेकर ही सुनवाई चल रही है।
वंदे मातरम का सामूहिक गायन
वंदे मातरम् के 150वें वर्ष के अवसर पर 25 सितंबर को राष्ट्रव्यापी सामूहिक गायन होगा। सुबह 11 बजे देशभर में विद्यार्थी, शिक्षक, अभिभावक और आम नागरिक ‘नमामि भारतम्’ अभियान के तहत राष्ट्रगीत का समवेत स्वर में गायन करेंगे।
कांग्रेस प्रभारी का लखनऊ दौरा
कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम आज लखनऊ में कई संगठनात्मक बैठकों में हिस्सा लेंगे। 2027 में राज्य में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव के मद्देनजर ये दौरा अहम माना जा रहा है।