2019 में भाजपा फिर सत्ता में आई तो भारत 'हिंदू पाकिस्तान' बन जाएगा : शशि थरूर
तिरूवनंतपुरम में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए थरूर ने कहा कि भाजपा एक नया संविधान लिखेगी जो भारत को पाकिस्तान जैसे राष्ट्र में बदलने का रास्ता साफ करेगा, जहां अल्पसंख्यकों के अधिकारों का हनन किया जाएगा, उनका कोई सम्मान नहीं होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा दोबारा लोकसभा चुनाव जीतती है तो देश का लोकतांत्रिक संविधान खत्म हो जाएगा, क्योंकि उनके पास भारतीय संविधान को खत्म करने और एक नया संविधान लिखने के सारे तत्व मौजूद हैं।
थरूर ने आगे कहा कि भाजपा द्वारा लिखा गया नया संविधान पूरी तरह से हिंदू राष्ट्र के सिद्धांतों पर आधारित होगा, जो अल्पसंख्यकों के अधिकारों को पूरी तरह से खत्म कर देगा और राष्ट्र को 'हिंदू पाकिस्तान' बना देगा। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू, सरदार पटेल, मौलाना आजाद और स्वतंत्रता संग्राम के महान सेनानियों ने ऐसे राष्ट्र के लिए स्वतंत्रता की लड़ाई नहीं लड़ी थी।
वहीं, शशि थरूर के इस बयान का भाजपा ने भी जोरदार पलटवार किया है। न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि शशि थरूर ने जो भी कहा कि उसके लिए राहुल गांधी को माफी मांगनी चाहिए, क्योंकि पकिस्तान के निर्माण के लिए कांग्रेस जिम्मेदार है और एक बार फिर वो देश को नीचा दिखाने और हिंदूओं को बदनाम करने का काम कर रही है।
संबित पात्रा ने ट्विटर के जरिए भी कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा है 'शशि थरूर कहते हैं कि अगर भाजपा 2019 में फिर से सत्ता में आती है तो भारत 'हिंदू पाकिस्तान' बन जाएगा! बेशर्म कांग्रेस भारत को नीचा दिखाने और हिंदूओं को बदनाम करने का कोई भी मौका नहीं छोड़ती है। 'हिंदू-आतंकवाद' से लेकर 'हिंदू-पाकिस्तान' तक कांग्रेस की पाकिस्तान को खुश करने वाली नीतियों का कोई जवाब नहीं है!'
MR Sashi Tharoor says India will become “Hindu-Pakistan” if BJP returns to power in 2019!
— Sambit Patra (@sambitswaraj) July 11, 2018
Shameless @INCIndia doesn’t lose any opportunity to demean India & defame the Hindus!
From “Hindu terrorists” to “Hindu-Pakistan” the Pak appeasing policies of Cong are unparalleled!