सरकार की जगह संगठन का दामन थामेंगे आधा दर्जन मंत्री
- आधा दर्जन मंत्री पार्टी के केंद्रीय संगठन में नजर आ सकते हैं
- संगठन को मजबूत बनाने की कवायद में जुटी भाजपा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की जल्द घोषित होने वाली नई टीम में मोदी मंत्रिमंडल में शामिल करीब आधा दर्जन मंत्री पार्टी के केंद्रीय संगठन में नजर आ सकते हैं। दरअसल, संगठन को मजबूती देने के लिए शीर्ष स्तर पर कई मंत्रियों को वापस संगठन में भेजने पर गंभीर मंथन हो रहा है।
अब तक हुए कई दौर के मंथन में जिन मंत्रियों को संगठन में भेजे जाने पर विचार हुआ है उनमें जेपी नड्डा, प्रकाश जावड़ेकर, निर्मला सीतारमण, गिरिराज सिंह सहित दो तीन और मंत्री शामिल हैं।
खासतौर पर मजबूत प्रवक्ताओं की कमी दूर करने के लिए सीतारमण और जावड़ेकर में से किसी एक को संगठन में भेजे जाने पर सहमति भी बन गई है।
सांसद पूनम महाजन को अनुराग सिंह ठाकुर की जगह युवा मोर्चा का अध्यक्ष बनाए जाने और अनुराग को संगठन में कोई अन्य पद दिए जाने पर भी शीर्ष स्तर पर सहमति बनी है। फेरबदल में वर्तमान राष्ट्रीय महासचिव मुरलीधर राव को उपाध्यक्ष बनाए जाने की चर्चा है।
संगठन में कई पद खाली हैं
मालूम हो कि केंद्रीय संगठन में पहले से ही आधा दर्जन पद खाली हैं। पार्टी के उच्च पदस्थ सूत्रों के मुताबिक टीम अमित शाह के लिए मंथन का दौर करीब करीब पूरा हो चुका है।
नई टीम पर फिलहाल संघ के साथ विमर्श बाकी रह गया है। नई टीम के गठन और मंत्रिमंडल फेरबदल पर साथ-साथ चर्चा हुई है। चूंकि करीब आधा दर्जन मंत्रियों की संगठन में भूमिका तय किए जाने पर सहमति बनी है, इसलिए मंत्रिमंडल विस्तार के क्रम में इन मंत्रियों की जगह भरने पर भी साथ-साथ चर्चा हुई है।
पार्टी में प्रवक्ता स्तर पर दमदार चेहरे की कमी पर खुद प्रधानमंत्री नाराजगी जता चुके हैं। ऐसे में सरकार में शामिल उन मंत्रियों का संगठन में जाना तय है जो पहले इसकी प्रभावी भूमिका निभा चुके हैं।