Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Semiconductor Chips Explained: Why Are The US And China Fighting For Control On Chip Technology

चिप की जंग: सेमीकंडक्टर चिप के लिए क्यों जासूसी कर रहे हैं दुनिया के ताकतवर देश, इसमें क्या है ऐसा खास?

Wed, 18 Nov 2026 07:05 AM IST
संकल्प प्रकाश सिंह स्पेशल डेस्क, अमर उजाला
स्पेशल डेस्क, अमर उजाला Published by: संकल्प प्रकाश सिंह Updated Wed, 18 Nov 2026 07:05 AM IST
सार

एक छोटी सी सेमीकंडक्टर चिप आज दुनिया की आर्थिक और सैन्य ताकत का अहम आधार बन चुकी है। आखिर अमेरिका और चीन जैसी महाशक्तियां इस पर नियंत्रण पाने के लिए इतनी कोशिश क्यों कर रही हैं?

विज्ञापन
Semiconductor Chips Explained: Why Are The US And China Fighting For Control On Chip Technology
Semiconductor Chips - फोटो : Amar Ujala AI Generated

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

एनवीडिया को दुनिया की बड़ी एआई कंपनियों में शामिल करने वाले जेनसन हुआंग इन दिनों एक बड़े विवाद के केंद्र में हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार उनका चीनी कारोबारी महिला एलिस हुआंग के साथ रिश्ता अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों की जांच के दायरे में आया है। एलिस पर चीन के लिए जासूसी करने और प्रतिबंधित चिप्स की सप्लाई से जुड़े मामलों में संदेह जताया गया है। हालांकि, चीन ने जासूसी के इन आरोपों को खारिज किया है और इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। इन विवादों के बीच जेनसन हुआंग ने एनवीडिया के सीईओ के पद से इस्तीफा दे दिया है। 

विज्ञापन


हालांकि, इस बीच एक महत्वपूर्ण सवाल यह है कि आखिर एक छोटी-सी चिप के लिए दुनिया के ताकतवर देश इतनी दिलचस्पी क्यों दिखा रहे हैं? आपको बता दें कि आज के दौर में चिप सिर्फ मोबाइल या कंप्यूटर चलाने वाला पुर्जा नही रह गया है बल्कि यह किसी देश की आर्थिक और सैन्य ताकत का अहम हिस्सा बन चुका है। स्मार्टफोन, कार, सैटेलाइट, मिसाइल, लड़ाकू विमान, ऑटोनॉमस हथियार और एआई सुपरकंप्यूटर तक में इसका इस्तेमाल हो रहा है। खासतौर पर एडवांस्ड एआई चिप्स की मदद से बेहद जटिल गणनाएं कुछ ही समय में की जा सकती हैं। यही वजह है कि अमेरका और चीन जैसे देश इस टेक्नोलॉजी पर अपनी पकड़ मजबूत करना चाहते हैं। वहीं जिस देश के पास आधुनिक चिप बनाने की तकनीक और उनकी सप्लाई पर नियंत्रण होगा उसे टेक्नोलॉजी की दौड़ में बड़ी बढ़त मिल सकती है। इसी रणनीतिक महत्व के कारण चिप डिजाइन, उत्पादन और निर्यात से जुड़ी जानकारी देशों के लिए बेहद संवेदनशील बन गई हैं। 
विज्ञापन


सेमीकंडक्टर चिप्स की अहमियत सिर्फ आम लोगों के इस्तेमाल होने वाले गैजेट्स तक सीमित नहीं है। किसी देश की सैन्य ताकत भी काफी हद तक इन पर निर्भर करती है। आधुनिक लड़ाकू विमान, मिसाइल, रडार और दूसरे रक्षा उपकरणों में इन चिप्स का इस्तेमाल होता है। अगर किसी देश को एडवांस्ड चिप्स की सप्लाई नहीं मिलती या उन्हें बनाने की तकनीक पर पकड़ कमजोर हो जाए, तो इसका सीधा असर उस देश की रक्षा क्षमताओं पर पड़ सकता है। इससे उस देश के अत्याधुनिक हथियार बनाने की क्षमता कम हो सकती है। दूसरी ओर बैंकिंग, संचार, परिवहन और उद्योग जैसे क्षेत्र भी चिप्स पर निर्भर हैं। यही कारण है कि इनका उत्पादन और सप्लाई सुरक्षित रखना आज आर्थिक मजबूती और राष्ट्रीय सुरक्षा दोनों के लिए जरूरी है।
विज्ञापन
विज्ञापन


वर्तमान में अमेरिका के पास सबसे आधुनिक सेमीकंडक्टर चिप्स पर बढ़त है। हालांकि, ध्यान देने वाली बात ये है कि अमेरिका के लिए सेमीकंडक्टर चिप्स का महत्व नया नहीं है। 1980 के दशक में ही तत्कालीन राष्ट्रपति रोनाल्ड रीगन ने सैन्य ताकत बनाए रखने के लिए चिप टेक्नोलॉजी में अमेरिकी बढ़त को जरूरी बताया था। उस समय सैटेलाइट, स्टील्थ विमान और क्रूज मिसाइल जैसे आधुनिक हथियारों में इनका इस्तेमाल बढ़ रहा था। आज अमेरिका के सामने चीन के रूप में एक बड़ी आर्थिक और तकनीकी चुनौती है। इसके अलावा चिप निर्माण या डिजाइनिंग में अपनी पुरानी बढ़त बनाए रखना भी उसके लिए मुश्किल होता जा रहा है। 

सेमीकंडक्टर चिप्स के मामले में अमेरिका की सबसे बड़ी चुनौती सिर्फ देश के भीतर इन चिप्स का निर्माण करना है। अमेरिका आज भी चिप डिजाइन करने वाले सॉफ्टवेयर और तकनीक के क्षेत्र में मजबूत स्थित रखता है। इलेक्ट्रॉनिक डिजाइन ऑटोमेशन (EDA) टूल्स के वैश्विक बाजार में उसकी हिस्सेदरी करीब 85 फीसदी बताई गई है। इन टूल्स की मदद से दुनिया की सबसे एडवांस्ड चिप्स का डिजाइन तैयार किया जाता है। हालांकि, चिप बनाने से लेकर उनकी पैकेजिंग और टेस्टिंग तक के कई जरूरी कामों में अमेरिका दूसरे देशों पर निर्भर है।

Trending Videos

Semiconductor Chips Explained: Why Are The US And China Fighting For Control On Chip Technology
Semiconductor Chips - फोटो : Amar Ujala AI Generated

एक समय दुनिया की सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग में अमेरिका की बड़ी हिस्सेदारी थी। वहीं अब यह घटकर करीब 10 फीसदी रह गई है। इतना ही नहीं अमेरिका के पास 7 और 5 नैनोमीटर जैसी एडवांस्ड तकनीक वाली चिप्स का बड़े स्तर पर उत्पादन करने की पर्याप्त क्षमता भी नहीं है। इसके लिए अमेरिकी कंपनियों को ताइवान और दक्षिण कोरिया की फैक्ट्रियों पर निर्भर रहना पड़ता है। चिप तैयार होने के बाद उसकी असेंबली, टेस्टिंग और पैकेजिंग का काम भी बड़े पैमाने पर एशियाई देशों में होता है। इस क्षेत्र में अमेरिका की हिस्सेदारी 5 फीसदी से भी कम बताई गई है। इस निर्भरता के कारण अमेरिका के सामने कई तरह के जोखिम पैदा होते हैं।

अगर ताइवान में कोई प्राकृतिक आपदा आती है या अमेरिका और चीन के बीच तनाव बढ़ता है तो चिप्स की सप्लाई बाधित हो सकती है। इसके अलावा संवेदनशील डिजाइन की चोरी और नकली चिप्स बाजार में पहुंचने का खतरा भी बना रहता है। अमेरिका की चिंता सिर्फ चिप उत्पादन तक सीमित नहीं है। चीन तेजी से अपनी सैन्य और तकनीकी क्षमता बढ़ा रहा है। उसने 2027 तक अपनी सेना को आधुनिक बनाने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए एआई, क्वांटम कंप्यूटिंग, हाइपरसोनिक हथियार और माइक्रोइलेक्ट्रॉनिक्स जैसे क्षेत्रों में भारी निवेश किया जा रहा है।

भविष्य की लड़ाई में एआई की भूमिका बेहद अहम होने वाली है। एआई सिस्टम बड़ी मात्रा में डाटा का विश्लेषण करके बहुत कम समय में फैसले लेने में सक्षम होते हैं। इनका इस्तेमाल मिसाइल सिस्टम, ड्रोन, सैटेलाइट और साइबर सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में किया जा सकता है। हालांकि, ऐसे एआई सिस्टम को चलाने के लिए बेहद एडवांस्ड सेमीकंडक्टर चिप्स की जरूरत होती है।

यही वजह है कि 7 नैनोमीटर और 5 नैनोमीटर जैसी आधुनिक चिप्स को लेकर प्रतिस्पर्धा तेज हो गई है। इनकी मदद से एआई सिस्टम को तेजी से विकसित और संचालित किया जा सकता है। अमेरिका की चिंता यह भी है कि अगर चीन इस तकनीक में उससे आगे निकल गया या उसे एडवांस्ड चिप्स की सप्लाई रोकने में सफल रहा, तो सैन्य ताकत का संतुलन बदल सकता है। इस चुनौती से निपटने के लिए अमेरिका ने अपने देश में चिप निर्माण बढ़ाने की कोशिश कर रहा है। 

यही वजह है कि सेमीकंडक्टर चिप्स की तकनीक अब अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षा का मामला बन चुकी है। जेनसन हुआंग और एलिस हुआंग से जुड़ा विवाद भी इसी चिंता को सामने लाता है। अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को एलिस के चीन से कथित संबंधों और प्रतिबंधित चिप्स की सप्लाई को लेकर संदेह है। हालांकि, उनके जासूस होने या एनवीडिया की गोपनीय तकनीक चीन तक पहुंचाने का कोई पुख्ता सार्वजनिक प्रमाण सामने नहीं आया है। इस पूरे मामले की जांच बेहद अहम हो जाती है। ऐसे में आज के समय चिप्स पर नियंत्रण का मतलब सिर्फ तकनीकी बढ़त नहीं बल्कि भविष्य की आर्थिक और सैन्य ताकत पर प्रभाव भी है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed