Russia-Ukraine War: यूक्रेन पर रूस ने सात घंटे बमबारी की, जेलेंस्की ने ट्रंप को फोन किया; शांति के आसार नहीं..
तीन साल से भी अधिक समय पहले शुरू हुए संघर्ष के बाद रूस ने अब यूक्रेन पर सबसे बड़ा हमला किया है। रूसी सेना ने जो हमले किए, इसके तहत कीव में 550 ड्रोन घुसे। इसके अलावा 11 मिसाइलें भी दागी गई, जिससे यूक्रेन में कई ठिकाने तबाह होने की खबर है। यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने हमले को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने ट्रंप को फोन किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रूस ने यूक्रेन में अब तक का सबसे बड़ा हमला किया है। 22 फरवरी, 2022 को शुरू हुए इस युद्ध को तीन साल से अधिक समय बीत चुके हैं, लेकिन दोनों देशों का टकराव थमने का नाम नहीं ले रहा है। दोनों देशों के बीच शांति बहाल कराने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी प्रयास कर रहे हैं। इसके बावजूद कीव व कुछ अन्य इलाकों में संघर्ष जारी है। ताजा हमले में रूसी सेना ने 550 ड्रोन लॉन्च किए और 11 मिसाइलें भी दागीं। अधिकारियों ने बताया कि कीव में बमबारी सात घंटे तक चली। रूस के इस हमले के बाद राजधानी के कई जिलों में भारी क्षति हुई है। बमबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक बच्चे सहित कम से कम 26 अन्य घायल हो गए। लगातार हो रहे हमलों और वर्तमान सूरत-ए-हाल को देखते हुए यूक्रेन और रूस के बीच 40 महीने के हिंसक संघर्ष के बाद भी फिलहाल शांति बहाल होने के आसार नहीं दिख रहे हैं।
ट्रंप और जेलेंस्की के बीच फोन पर बातचीत
रूस के हमले के बीच जेलेंस्की ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से भी बात की। दोनों नेताओं ने यूक्रेनी वायु रक्षा को और मजबूत बनाने पर चर्चा की। जेलेंस्की ने बताया कि ट्रंप के साथ बातचीत सकारात्मक और अर्थपूर्ण रही। यह बातचीत इसलिए भी अहम है क्योंकि अमेरिका ने यूक्रेन को भेजी जा रही सैन्य सहायता को आंशिक रूप से रोक दिया है। जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन घरेलू हथियार उद्योग को बढ़ावा देने पर काम कर रहा है, लेकिन इन योजनाओं पर अमल करने में समय लगेगा।
रात के समय हुए इस हमले को लेकर आई खबरों के मुताबीक धमाकों के बाद कीव के आसमान में रोशनी फैल गई। हवाई हमले की चेतावनी देने वाले सायरन की आवाज पूरे शहर में गूंजने लगी। आपातकालीन सेवाओं में इस्तेमाल होने वाले वाहनों की नीली रोशनी ऊंची इमारतों पर पड़ रही थी। मलबे के कारण शहर की सड़कें जाम हो गई थीं। रूस के इस हमले के बाद यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा, यह एक कठोर रात थी।
बता दें कि रूस यूक्रेनी शहरों पर अपने लंबी दूरी के हमलों को बढ़ा रहा है। ताजा हमले के बारे में रूस की वायुसेना ने बताया कि रात के समय यूक्रेन के ठिकानों को निशाना बनाकर 550 ड्रोन लॉन्च किए गए। अधिकांश शाहिद (Shahed) ड्रोन थे। राजधानी कीव में इमारतों और अन्य ठिकानों को तबाह करने के लिए रूस ने हमले के दौरान 11 मिसाइलों का भी इस्तेमाल किया। इस हमले से कुछ ही दिन पहले रूस ने सबसे बड़ा हवाई हमला करने का दावा किया था। खबरों के मुताबिक रूस की सेना यूक्रेन के लगभग 1,000 किलोमीटर की अग्रिम पंक्ति के कुछ हिस्सों को तोड़ने का प्रयास कर रही है। यूक्रेनी सैनिक गंभीर दबाव में हैं, इसलिए मॉस्को ने यह रणनीति बनाई है।
ये भी पढ़ें- Donald Trump: राष्ट्रपति ट्रंप ने विधेयक पर किए दस्तखत, कर छूट-व्यय कटौती से जुड़ा OBB बिल बना अमेरिकी कानून
रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि सुरक्षा बलों ने कीव में ड्रोन और अन्य सैन्य उपकरण बनाने वाली फैक्ट्रियों को निशाना बनाया। हमलों के बीच यूक्रेनी वायु रक्षा ने दो क्रूज मिसाइलों सहित 270 टारगेट (रूसी ड्रोन या मिसाइल) नष्ट करने के दावे किए हैं। खबरों के मुताबिक रूस ने आठ जगहों पर नौ मिसाइलों और 63 ड्रोनों से हमले किए। इंटरसेप्ट किए गए ड्रोनों का मलबा कम से कम 33 स्थानों पर गिरा।
ये भी पढ़ें- Hamas on Ceasefire: गाजा में इस्राइल के साथ सीजफायर पर बोला हमास, नवीनतम प्रस्ताव पर दिया 'सकारात्मक' जवाब
यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा कि राजधानी कीव के अलावा, निप्रॉपेट्रोस, सुमी, खार्किव, चेर्निहीव क्षेत्रों में भी नुकसान हुआ है। देश की वित्त मंत्री यूलिया स्विरीडेन्को ने कहा कि हमलों के बीच लोग अपने परिवार के साथ मेट्रो स्टेशनों, बेसमेंट, भूमिगत पार्किंग गैरेजों में भाग रहे हैं। राजधानी के बीचोंबीच सामूहिक विनाश हो रहा है। रूस के हमले को आतंकी कार्रवाई के अलावा और कुछ नहीं कहा जा सकता। विदेश मंत्री आंद्रेई सिबिहा ने हमले को बीते तीन साल से अधिक समय में 'अब तक की सबसे खराब रातों में से एक' बताया। उन्होंने इस सप्ताह की शुरुआत में कहा था कि रूसी सेना ने जून में यूक्रेनी कस्बों और शहरों पर 330 से अधिक मिसाइलें दागीं हैं। इनमें लगभग 80 बैलिस्टिक मिसाइलें थीं।
संबंधित वीडियो--