मिट्टी घोटाला पर बोले लालू: घोटाला-घोटाला वो करते हैं, जो खुद घोटालेबाज होते हैं
मिट्टी घोटाले में घिरे राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद ने रविवार को विपक्ष पर पलटवार किया। राजद सुप्रीमो ने कहा कि जू में कोई मिट्टी नहीं दी गई है। मिट्टी को दानापुर और फुलवारी के कब्रिस्तान को दिया गया। सुशील मोदी का आरोप निराधार है। सुशील मोदी का यह आरोप गलत है कि डिलाइट कंपनी फर्जी है। लालू ने कहा कि मिट्टी घोटाले की बात जब गलत साबित हो गई, तो अब ये लोग मॉल पर आ गये और बच्चों और पत्नी को बदनाम करना शुरू कर दिया।
लालू ने कहा कि 2014 तक डिलाइट के शेयर इनकम टैक्स के प्रावधान के तहत राबड़ी देवी ने खरीदा। उस समय वो किसी पद पर नहीं थी। राबड़ी देवी ने अपने बेटों को इसमें शेयर दिए और इसकी जानकारी दोनों ने चुनाव से पहले हलफनामे में भी दी। उन्होंने कहा कि मॉल के कुछ शेयर तेज प्रताप और तेजस्वी यादव के पास है, जिन्हें राबड़ी देवी ने गिफ्ट में दिए हैं।
उन्होंने कहा कि इसमें कुछ भी घोटाले जैसा नहीं है। सबकुछ नियम से हुआ है। लालू ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार ने 1999 में नियम के तहत रांची का और पूरा रेल यात्री निवास कोचर बंधु को ओपन टेंडर के माध्यम से दिया गया था। हालांकि लालू ने माना कि जमीन उनकी है और वहां मेरिडियन कंपनी मॉल बना रही है। उसमें वे आधा पार्टनर है।
साजिश के तहत मेरे जैसे नेताओं को देशभर में बदनाम करने की कोशिश
लालू ने कहा कि सुशील मोदी हार की पीड़ा से नहीं उबर पाये हैं। पार्टी में कोई नहीं पूछ रहा है। सुशील मोदी बीजेपी की राजनीति में लगातार साइड लाइन होने की वजह से परेशान हैं। भाजपा आलाकमान की नजर में आना चाहते हैं इसलिए लालू परिवार पर हमला बोल अपनी राजनीति चमकाना चाहते हैं।
सुशील मोदी पर मुकदमा करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि हम मुकदमेबाज नहीं है। इस सवाल पर कि आप गरीब के नेता हैं तो फिर मॉल का निर्माण क्यों? इस सवाल पर उन्होंने कहा कि हर आदमी चाहता है कि परिवार के लिए कुछ करें। हम ऐसा कर रहे हैं तो क्या गलत है? उन्होंने कहा कि जो लोग घोटालेबाज हैं, वही घोटाले का आरोप लगा रहे हैं। साजिश के तहत मेरे जैसे नेताओं को देशभर में बदनाम करने की कोशिश की जा रही है।
उधर, राजद के राज्यसभा सांसद प्रेम गुप्ता ने कहा कि डिलाइट कंपनी को लेकर कुछ मुश्किलें आयी थी। कम्पनी को बोर्ड ऑफ डायरेक्टर के फैसले के बाद लालू के परिवार को ट्रांसफर किया गया। हमने अपने शेयर राबड़ी देवी, तेजस्वी और तेजप्रताप को दे दिये।