250 रुपये में स्मार्टफोन का वादा करने वाला रिगिंग बेल का मालिक गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
250 रुपये में स्मार्टफोन देने का वादा कर देशभर में तहलका मचाने वाली रिगिंग बेल कंपनी के मालिक मोहित गोयल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मोहित गोयल की यह गिरफ्तारी उपभोक्ताओं से धोखाधड़ी के आरोपों में हुई है।
कंपनी के अधिकारियों के खिलाफ लंबे समय से जांच चल रही थी जिसके चलते लगातार पर गिरफ्तारी का फंदा लटक रहा था। कुछ दिन पहले ही पुलिस ने मोहित गोयल की पत्नी के खिलाफ भी कार्रवाई तेज कर दी थी। माना जा रहा है मामले में अभी और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
जानकारी के अनुसार मोहित गोयल को पुलिस ने यूपी के गाजियाबाद से गिरफ्तार किया। मोहित गोयल के खिलाफ कुछ उपभोक्ताओं ने सस्ते मोबाइल फोन देने के नाम पर पैसे ऐंठने के आरोप लगाए थे। इसके बाद से ही पुलिस लगातार मोहित के खिलाफ शिकंजा कसती जा रही थी।
250 रुपये में स्मार्टफोन की घोषणा ने मचा दिया था तहलका
पुलिस ने मोहित की पत्नी के कानपुर स्थित घर पर भी छापामारी की थी। जिसके बाद से माना जा रहा था कि पुलिस कभी भी मोहित को गिरफ्तार कर सकती है। इसी कड़ी में गुरुवार शाम मोहित गोयल को पुलिस ने गाजियाबाद गिरफ्तार कर लिया।
बता दें कि सालभर पहले 250 रुपये में मोबाइल फोन देने का वादा कर रिगिंग बेल कंपनी ने तहलका मचा दिया था। उस समय देश के तमाम बड़े अखबारों में इसका विज्ञापन भी दिया गया था। इसके लिए कंपनी ने शुरूआती दौर में 25 लाख लोगों को ही फोन देने का वादा किया था।
जिसके बाद करीब दो करोड़ लोगों ने रकम जमा कर इसके लिए बुकिंग कराई थी। हालांकि कंपनी ने मोबाइल के लिए कैश ऑन डिलिवरी का भी ऑप्शन दिया था। उस समय यह मुद्दा राज्यसभा में भी उठा था।
राज्यसभा में मामला उठने पर शुरू हुई थी कंपनी के खिलाफ जांच
कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने तो इसमें बड़े घोटाले की आशंका जताते हुए सरकार की मिलीभगत के आरोप भी लगाए थे। मामला गर्माया तो कंपनी ने दावा किया कि वह जल्द ही अपने उपभोक्ताओं को मोबाइल उपलब्ध करा देगी।
हालांकि विवाद खड़ा होने पर पुलिस और ईडी ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी थी। जिसके बाद कंपनी के प्रमोटर भूमिगत हो गए थे और उसके नोएडा स्थित दफ्तर पर भी ताला लटक गया था।
कुछ दिन बाद ही कंपनी के खिलाफ शिकायतों का दौर भी शुरू हो गया था। काफी लोगों ने कंपनी पर धोखाधड़ी से उनके पैसे हड़पने का आरोप लगाया था। इसके चलते लगातार कंपनी के मालिक मोहित गोयल और बाकी अधिकारियों पर पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा था। गुरुवार को पुलिस ने मोहित को गिरफ्तार कर लिया।