संसद में संग्राम जारी, लोकसभा और राज्यसभा 12 बजे तक स्थगित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की राज्यसभा में रेणुका चौधरी पर चुटीले अंदाज में की गई टिप्पणी पर उठा बवाल थम नहीं रहा है। शुक्रवार को जब सदन की कार्यवाही शुरू हुई तो हंगामे के कारण दोनों सदनों की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित कर दी गई। बजट को लेकर लोकसभा में टीडीपी सांसदों की नारेबाजी के कारण लोकसभा में खूब हो-हल्ला हुआ।
वहीं कांग्रेस की वरिष्ठ नेता रेणुका चौधरी ने सभापति वेकैंया नायडू से मिलकर विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया है।
वहीं आज लोकसभा में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी बोल सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राहुल गांधी ने स्पीकर सुमित्रा महाजन को लिखित नोटिस दिया है। बता दें कि राहुल गांधी राफेल लड़ाकू विमान की खरीद को लेकर सरकार पर लगातार हमला बोल रहे हैं।
रॉफेल पर राहुल ने कहा कि कुछ न कुछ गड़बड़ी तो हुई है। दाल में काला है। लिहाजा प्रधानमंत्री को डील से संबंधित पूछे गए तीन मूलभूत सवालों को जवाब देना चाहिए।
राहुल ने बृहस्पतिवार को संसद परिसर में कहा रक्षा मंत्री अब कहती हैं कि सीक्रेट है नहीं बता सकती हैं लेकिन पहले कुछ और बात कहती थीं दोनों बयान उन्हीं के हैं। हमने पीएम से तीन सवाल पूछे हैं जवाब नहीं आए हैं। आपने विमान का क्या दाम दिया है। क्या कैबिनेट की रक्षा कमेटी से इस संबंध में पूछा गया था। सरकारी उपक्रम एचएएल से छीनकर इसे एक बिजनेस मैन को किस आधार पर दिया गया है। मोदी जी जवाब नहीं दे रहे हैं। प्रधानमंत्री जी इतने लंबे भाषण में मूलभूत सवालों का जवाब नहीं दे सकते थे।
उधर, रेणुका के प्रस्ताव पर कांग्रेस शुक्रवार को भी राज्यसभा में हंगामा कर सकती है। रामायण को लेकर शुरू हुआ मामला राजनीतिक महाभारत तक पहुंच गया है। राज्यसभा में कांग्रेस ने इसे महिलाओं का अपमान बताकर जमकर हंगामा किया। कांग्रेस की मांग है कि पीएम अपने बयान पर खेद प्रकट कर माफी मांगे। कांग्रेस के हंगामे के चलते सदन की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित रही।
दरअसल, रामायण सीरियल का हवाला देकर प्रधानमंत्री ने जिस तरह भाषण के दौरान सांसद रेणुका चौधरी की हंसी पर कटाक्ष किया उसका असर बुधवार को तो नहीं दिखा, लेकिन गुरुवार को केंद्रीय गृह राज्यमंत्री किरेन रिजिजू के वीडियो और टिप्पणी से रेणुका और कांग्रेस भड़क गई। रिजिजू ने अपने ट्वीट और फेसबुक पर रामायण से जुड़े सीरियल का एक दृश्य अटैच किया उसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया।
दरअसल, रिजजू ने शूर्पनखा से संबंधित जो दृश्य डाला, जिसमें शूर्पनखा जोर-जोर से हंसती दिख रही है। इस वीडिया के साथ रिजिजू ने शीर्षक में लिखा है कि पीएम मोदी ने रामायण सीरियल के दिनों की याद दिला दी। भाजपा के कुछ अन्य नेताओं ने भी इस दृश्य के साथ रेणुका की फोटो का इस्तेमाल किया।
क्या कहना है रेणुका चौधरी का
रेणुका चौधरी ने मीडिया से कहा कि उन्होंने मुझ पर निजी टिप्पणी की है। जो कहा गया है उस पर बाहर कानून लागू हो सकता है। मोदी जी के मंत्री ने जो वीडियो पोस्ट किया है बेहद आपत्तिजनक है। ये लोग बेटी बचाओ महिलाओं के सम्मान की बड़ी बड़ी बातें करते हैं। क्या ये तरीका है इनके सम्मान का। मैं दो बेटियों की मां हूं, मैं किसी की पत्नी हूं और उन्होंने मेरी तुलना शूर्पनखा राक्षसी से की है। ये बेहद शर्मनाक है।
क्या कहा था प्रधानमंत्री ने
दरअसल, राष्ट्रपति के अभिभाषण पर बोलते हुए पीएम मोदी आधार कार्ड को लेकर बता रहे थे कि इसका बीज तत्कालीन गृह मंत्री लालकृष्ण आडवाणी के समय बोया गया था। इसे लेकर सांसद रेणुका चौधरी जोर से ठहाके लगाकर हंसने लगीं। इस पर सभापति नायडू ने आपत्ति जताकर उन्हें शांत कराना चाहा, लेकिन पीएम ने हस्तक्षेप कर कहा कि सभापति जी मेरा आपसे निवेदन है कि रेणुका जी को कुछ मत कहिए रामायण सीरियल के बाद आज ऐसी हंसी सुनने का सौभाग्य मिला है।