बारिश से देश के कई राज्यों की फसलों को नुकसान
- कई राज्यों में रबी की फसल को नुकसान होने की आशंका
- बारिश से गेहूं, सरसों, चना के उत्पादन में आएगी कमी
विस्तार
बेमौसम बारिश से देश के कई राज्यों में रबी की फसल को नुकसान होने की आशंका है। इनमें मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, महाराष्ट्र व मध्य प्रदेश शामिल हैं।
कृषि विशेषज्ञों के मुताबिक पिछले दो दिनों से हो रही बारिश से रबी की फसलों में मुख्य रूप में गेहूं, सरसों, चना के उत्पादन में कमी आएगी। हालांकि अभी इस बात का सही आकलन नहीं किया जा सका है कि किन राज्यों की फसलों को कितना नुकसान हुआ है।
लेकिन किसानों व विशेषज्ञों की मानें तो रबी की फसल को इस बेमौसम की बारिश की वजह से 10 फीसदी से अधिक का नुकसान हो सकता है। भारतीय किसान यूनियन के संयोजक युद्धवीर सिंह के मुताबिक तेज हवा के साथ होने वाली बारिश से राजस्थान के अलवर, भरतपुर व जयपुर जैसे जिलों की फसलें प्रभावित हुई हैं।
बारिश से गेहूं, सरसों, चना के उत्पादन में आएगी कमी
वहीं हरियाणा के हिसार, सिरसा, भिवानी, सोनीपत व बाहरी दिल्ली से फसलों के प्रभावित होने की खबर आ रही है। राजस्थान में बेमौसम की इस बारिश व कई जगहों पर ओलावृष्टि से सरसों की फसलों को नुकसान हुआ है।
तेज हवा की वजह से गंगानगर में सरसों की फसल को 25 फीसदी से अधिक के नुकसान की आशंका है। किसानों के मुताबिक अभी सरसों बिल्कुल तैयार है और इसके दाने इतनी तेज हवा व बारिश को बर्दाश्त नहीं कर सकते।
पंजाब में मुख्य रूप से रबी के दौरान गेहूं की फसल की जाती है और वहां के पटियाला, संगरूर, भटिंडा, मानसा, गुरदासपुर व अमृतसर जिले में बेमौसम की बारिश से फसलों को काफी क्षति पहुंची है।
सिंह के मुताबिक इस साल जनवरी व फरवरी में बारिश नहीं होने से फसल को कोई दिक्कत नहीं हुई, लेकिन अभी होने वाली इस बारिश से कई जगहों पर काफी क्षति हुई है। जानकारों के मुताबिक महाराष्ट्र के नागपुर, वर्धा, अकोला, अमरावती जैसे इलाके में बारिश से फसलों को क्षति हुई है।