इटालियन चश्मा हटाएं तो राहुल को पता चले परिवर्तन: शाह
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि नोटबंदी से राहुल बाबा पैदल मार्च पर हैं, अखिलेश बाबू बौखलाए हुए हैं। ममता और केजरीवाल तिलमिला कर एक मंच पर आ गए हैं। नोटबंदी के खिलाफ सभी पार्टियां एक हो गई हैं। उन्होंने कहा कि नोटबंदी से नुकसान सिर्फ उनको हुआ जिनके घर काली कमाई से भरे हैं।
राहुल बाबा की आंखों पर इटालियन चश्मा लगा है, जिसके कारण उन्हें भाजपा सरकार में परिवर्तन दिखाई नहीं दे रहा। उन्होंने कहा कि यूपी में सभी पार्टियां एक मंच पर आ जाएं तो भी विधानसभा चुनाव के बाद प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी।
अमित शाह शुक्रवार को रामलीला मैदान में आयोजित भाजपा की परिवर्तन महारैली को संबोधित कर रहे थे। पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह सरकार को याद करते हुए उन्होंने अपना संबोधन शुरू किया और करीब चालीस मिनट के भाषण में उनके निशाने पर अखिलेश यादव, राहुल गांधी और मायावती रहीं।
चौदह साल से बुआ-भतीजे मिलकर लूट रहे हैं
उन्होंने कहा कि प्रदेश को चौदह साल से बुआ-भतीजे मिलकर लूट रहे हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं पर फर्जी मुकदमे, बुलंदशहर में हाईवे पर गैंग रेप, अलीगंज में जहरीली शराब से मौतें, जवाहर बाग कांड, जैसे मामले उठाकर कानून व्यवस्था के मुद्दे पर सपा सरकार को घेरा तो भ्रष्टाचार के भी आरोप लगाए।
उन्होंने कहा कि केंद्र की पिछली सरकारों के मुकाबले एक लाख करोड़ रुपये अधिक यूपी में भेजे, लेकिन सारा पैसा भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया। पांच साल पहले जिन सपा नेताआें के पास झाेंपड़ी थी। आज उन्होंने महल खड़े कर लिए हैं। प्रदेश में विकास सिर्फ सैफई का हुआ है। एचटी लाइनों से सीधे घरों में बिजली नहीं आती।
ट्रांसफार्मर और डीपी लगाने के बाद केबिल खींचने से घर में बिजली जलती है, लेकिन लखनऊ में बैठा ट्रांसफार्मर (सरकार) जल चुका है। अब उसे बदलने की बारी है। उन्होंने मोदी सरकार की 91 योजनाओं की सूची पढ़ कर सुनाईं, साथ ही भाजपा की सरकार बनने पर युवाओं को मेरिट के आधार पर नौकरी देने का दावा किया। रैली को प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य, सांसद राजवीर सिंह उर्फ राजू भइया, फर्रुखाबाद सांसद मुकेश राजपूत, सांसद रमेश विधूड़ी आदि ने भी संबोधित किया।