उद्योगपतियों को बांटी जा रही हैं किसानों व आदिवासियों की जमीनें : राहुल
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने इस बार किसानों के मुद्दे पर मोदी सरकार को घेरा है। शनिवार को मध्य प्रदेश की चुनावी यात्रा पर पहुंचे राहुल ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों और गरीबों की जमीनें उद्योगपतियों को बांट रही है। उन्होंने कहा कि यह देखना होगा कि कौन अनिल अंबानी, नीरव मोदी और विजय माल्या के साथ खड़ा है और कौन किसानों व गरीब आदिवासियों के साथ।
पिछले तीन हफ्ते में तीसरी बार चुनावी अभियान पर आए राहुल ने मुरैना में एकता परिषद की रैली को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सबका भाषण सुनिए, नीयत साफ रखिये और सही आदमी को चुनिए। यह भी देखना होगा कि कौन झूठे वादे करता है। राहुल ने कहा कि मोदी सरकार जमीन अधिग्रहण बिल समाप्त करना चाहती थी, पर हमने संसद में ऐसा करने से रोका।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर किसानों को चार गुना दाम पर जमीन का भाव दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों के साथ हमेशा खड़ी रही है। चाहे वो भट्टा परसोल हो या उड़ीसा, किसानों के साथ रहे। लेकिन भाजपा सरकार में जमीन का बड़ा भ्रष्टाचार हो रहा है। किसान को जेल भेजा जाता है, वहीं नीरव मोदी विदेश में ऐश कर रहा है।
आदिवासियों को मिले जल, जंगल और जमीन पर अधिकार
राफेल लड़ाकू विमान सौदे का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने तमाम आरोप दोहराए और कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने डील बदल दी। अपने मित्र अनिल अंबानी को 30 हजार करोड़ दे दिए। यदि यह सौदा एचएएल के साथ होता तो गरीबों, किसानों, आदिवासियों के बच्चों को नौकरियां मिलतीं। उन्होंने कहा कि हम आदिवासियों को जल, जंगल और जमीन पर हक देने के पक्ष में हैं। सत्ता में आने पर आदिवासी बिल लागू करेंगे।
नर्मदा मंदिर में की पूजा-अर्चना
मुरैना के बाद राहुल जबलपुर पहुंचे और वहां नर्मदा मंदिर में पूजा अर्चना की और आरती में हिस्सा लिया। शाम होते होते उन्होंने जबलपुर में सात किलोमीटर का एक रोड शो भी किया। बता दें कि इससे पहले चित्रकूट दौरे में भी राहुल ने कामतानाथ मंदिर में पूजा अर्चना की थी।